विज्ञापन

राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले पुणे में बवाल, ABVP-NSUI कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प; 2 घायल

पुणे के COEP हॉस्टल में ABVP और NSUI कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. घटना में दो लोग घायल बताए गए हैं. राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले हुई इस घटना के बाद पुलिस और प्रशासन अलर्ट पर हैं.

राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले पुणे में बवाल, ABVP-NSUI कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प; 2 घायल
राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले पुणे में ABVP-NSUI भिड़ंत, COEP हॉस्टल में बवाल
पुणे:

राहुल गांधी के बहुचर्चित ‘छात्रों की गूंज' कार्यक्रम से ठीक एक दिन पहले पुणे में छात्र राजनीति को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है. शिवाजीनगर स्थित सीओईपी कॉलेज के हॉस्टल में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के कार्यकर्ताओं के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई. आरोप है कि कार्यक्रम के प्रचार के लिए बनाई जा रही रील्स को लेकर विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद दो छात्राओं के साथ मारपीट और उन्हें हॉस्टल में रोककर रखने के आरोप भी लगे. घटना के बाद कॉलेज परिसर, हॉस्टल और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल बन गया तथा बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात करना पड़ा. पुणे से NDTV के लिए यशपाल सोनकांबले की रिपोर्ट.

रील्स बनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद

NDTV को प्राप्त जानकारी के अनुसार राहुल गांधी के 22 अगस्त को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज' कार्यक्रम की तैयारियां चल रही थीं. इसी दौरान कार्यक्रम के प्रचार से जुड़ी सोशल मीडिया गतिविधियों और रील्स बनाने को लेकर छात्र संगठनों के कार्यकर्ताओं के बीच बहस शुरू हुई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मामूली कहासुनी कुछ ही समय में तीखे विवाद में बदल गई. दोनों पक्षों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और स्थिति तेजी से बिगड़ने लगी.

छात्राओं के साथ मारपीट का आरोप

एनएसयूआई की ओर से आरोप लगाया गया कि संगठन की दो छात्राओं को हॉस्टल के भीतर रोककर उनके साथ मारपीट की गई. इन आरोपों के सामने आते ही छात्र संगठनों में नाराजगी फैल गई. घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में एनएसयूआई कार्यकर्ता हॉस्टल के मुख्य प्रवेश द्वार पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. दूसरी ओर एबीवीपी कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए, जिससे तनाव और बढ़ गया. हालांकि घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

कांग्रेस नेताओं का धरना

मामले की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार, कांग्रेस नेता सतेज पाटील और विश्वजीत कदम घटनास्थल पर पहुंचे. कांग्रेस नेताओं ने कॉलेज परिसर में धरना शुरू कर दिया और घटना पर कड़ी नाराजगी जताई. देर रात तक कॉलेज परिसर के बाहर विरोध जारी रहा. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई.

दो कार्यकर्ता घायल

झड़प के दौरान कांग्रेस से जुड़े दो कार्यकर्ताओं के घायल होने की जानकारी सामने आई. दोनों को इलाज के लिए संचेती अस्पताल ले जाया गया. बाद में कांग्रेस नेताओं ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात की और उनकी स्थिति की जानकारी ली. चिकित्सकों के अनुसार दोनों का उपचार किया जा रहा है.

पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन सक्रिय

तनावपूर्ण हालात को देखते हुए पुलिस ने कॉलेज परिसर और हॉस्टल क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया. मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए विश्वविद्यालय के कुलपति, कुलसचिव और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं को समझाने और भीड़ को तितर-बितर करने का प्रयास किया. अधिकारियों का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले बढ़ी सुरक्षा चिंता

22 अगस्त को राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज' कार्यक्रम पुणे में आयोजित होना है. इस कार्यक्रम को लेकर पहले से ही प्रशासन ने कई सुरक्षा शर्तें लागू की हुई हैं. कार्यक्रम से ठीक पहले हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं. प्रशासन अब कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरत रहा है.

सांसद प्रणिति शिंदे ने लिया हालचाल

घटना के बाद कांग्रेस सांसद प्रणिति शिंदे ने फोन पर कथित पीड़ित छात्राओं से बातचीत कर उनका हाल जाना. बाद में पुलिस की ओर से सुरक्षा का भरोसा मिलने के बाद वे हॉस्टल के बाहर से रवाना हो गईं.

यह भी पढ़ें : NSUI की महिला पदाधिकारी से दुष्कर्म, फ्लैट पर ले जाकर वारदात को दिया अंजाम; संगठन के कार्यकर्ता पर आरोप

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Chhatron Ki Goonj, ABVP Vs NSUI, Pune, Student Clash, COEP College Hostel
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com