विज्ञापन

बंगाल में 40 लाख रुपये की साइबर ठगी, कर्ज का झांसा देकर 15 महिलाओं के नाम पर खुलवाए बैंक खाते

पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में बैंक खातों के गलत इस्तेमाल का मामला सामने आया है. कर्ज दिलाने का लालच देकर करीब 15 महिलाओं के दस्तावेज लिए गए. अब इस मामले में दूसरे राज्य की पुलिस ने कार्रवाई की है.

बंगाल में 40 लाख रुपये की साइबर ठगी, कर्ज का झांसा देकर 15 महिलाओं के नाम पर खुलवाए बैंक खाते
पश्चिम बंगाल में पुलिस ने साइबर फ्रॉड के खिलाफ बड़ा एक्शन किया है.

पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के शांतिपुर में साइबर धोखाधड़ी के एक बड़े मामले में कर्नाटक पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है. आरोप है कि महिलाओं को कर्ज दिलाने का झांसा देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाए गए और फिर इन खातों का इस्तेमाल करीब 40 लाख रुपये की ठगी की रकम को एक जगह से दूसरी जगह भेजने के लिए किया गया. हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान गौतम हालदार के रूप में हुई है. वह शांतिपुर का रहने वाला है.

कर्ज का लालच देकर महिलाओं के नाम पर खुलवाए खाते

पुलिस के मुताबिक, शांतिपुर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 17 स्थित रामनगर पारा की करीब 15 महिलाओं को कर्नाटक पुलिस से लगातार कानूनी नोटिस मिल रहे थे. इसके बाद इस पूरे मामले का खुलासा हुआ. महिलाओं ने आरोप लगाया कि स्थानीय निवासी गौतम हालदार, अंसार शेख और बापी राजवंशी ने उन्हें कर्ज दिलाने का भरोसा दिया था. इसके लिए तीनों ने महिलाओं से पहचान से जुड़े दस्तावेज लिए और उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाए. बदले में हर महिला को 2,000 रुपये दिए गए.

महिलाओं का कहना है कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि उनके खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में किया जा रहा है. उनके मुताबिक, कर्नाटक में एक व्यक्ति से करीब 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई थी और ठगी की रकम इन खातों के जरिए ट्रांसफर की गई.

नोटिस मिलने पर आरोपी ने भी वसूले पैसे

महिलाओं के अनुसार, जब पहली बार कर्नाटक पुलिस का नोटिस मिला तो उन्होंने गौतम हालदार से संपर्क किया. आरोप है कि हालदार ने मामला सुलझाने का भरोसा देकर प्रत्येक महिला से 1,000 रुपये और ले लिए. हालांकि, दूसरे राज्यों की पुलिस से लगातार नोटिस मिलने के बाद महिलाएं परेशान हो गईं और उन्होंने पुलिस से संपर्क किया.

जांच के बाद शांतिपुर पहुंची कर्नाटक पुलिस

कर्नाटक पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, जांच एक पीड़ित की शिकायत के बाद शुरू हुई थी. साइबर ठगों ने उससे करीब 40 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी. रकम के लेन-देन की पड़ताल में शांतिपुर की महिलाओं के बैंक खातों का इस्तेमाल सामने आया. जांच के दौरान पुलिस ने दो नोटिस भेजे, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर शनिवार को टीम शांतिपुर पहुंची.

पुलिस अधिकारियों से बातचीत के बाद महिलाओं ने शांतिपुर थाने में तीनों आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद गौतम हालदार को हिरासत में लिया गया. पुलिस अब अंसार शेख और बापी राजवंशी की तलाश कर रही है. साथ ही बैंक खातों के जरिए हुए लेन-देन और इस पूरे नेटवर्क में आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है

यह भी पढ़ें | दिल्ली के रघुबीर नगर में घर में लगी आग, महिला की मौत, बचाने आए बेटा-बहू भी झुलसे

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
West Bengal, Nadia District, Cybercrime
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com