इंफाल: मणिपुर के चंदेल जिले में संदिग्ध जहरीली शराब त्रासदी में मरने वालों की संख्या शनिवार को बढ़कर 16 हो गई. शनिवार को इस हादसे में तीन और लोगों की मौत हो गई. वहीं, 18 नवंबर से अब तक करीब 600 लोग बीमार पड़ चुके हैं और उन्हें अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं. प्रभावित लोग मुख्य रूप से पहाड़ी चंदेल जिले के नुंगपान गांव, चकपिकरोंग गांव और आसपास के इलाकों के निवासी हैं. उन्हें इंफाल के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. इनमें सरकारी जवाहरलाल नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (जेएनआईएमएस), रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज तथा कई निजी अस्पताल शामिल हैं.
18 नवंबर से शुरू हुआ मौतों का सिलसिला
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि 18 नवंबर की रात नुंगपान गांव निवासी 50 वर्षीय ह्रांगबुंग बेरुवंग अनल की अपने घर पर सबसे पहले मौत हुई थी. इसके बाद गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को चंदेल जिले के अलग-अलग गांवों में 15 अन्य लोगों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि इन लोगों की मौत या तो अस्पताल ले जाते समय हुई, या फिर स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में हुई.
छह गिरफ्तार, 2,419 लीटर अवैध शराब जब्त
काकचिंग की पुलिस अधीक्षक प्रियदर्शिनी लैशराम के अनुसार, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत स्वतः संज्ञान लेते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है. राज्य पुलिस और आबकारी विभाग की टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया है. उन्हें जांच अभियान चलाने, अवैध शराब जब्त करने, अवैध शराब की दुकानों को बंद कराने तथा बिक्री केंद्रों और उत्पादन इकाइयों से नमूने एकत्र करने के निर्देश दिए गए हैं.
अब तक 48 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं और स्थानीय स्तर पर निर्मित 2,419 लीटर शराब जब्त की गई है. इनमें से 33 मामले और 1,967 लीटर शराब अकेले 21 नवंबर को जब्त की गई. जिन स्थानों से यह संदिग्ध शराब खरीदी गई थी, वहां से नमूने लेकर उन्हें रासायनिक जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी भेजा गया है.
जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार ने शनिवार को एक उच्चस्तरीय जांच समिति का गठन किया है. समिति में प्रधान सचिव (परिवहन/एआर), विशेष सचिव (गृह), उप महानिरीक्षक (खुफिया) और स्वास्थ्य सेवा निदेशक को शामिल किया गया है.
अधिकारी के अनुसार, समिति घटनाक्रम की जांच करेगी. साथ ही संदिग्ध शराब के स्रोत, उसकी उत्पत्ति और उसमें मौजूद तत्वों का पता लगाएगी. समिति क्लिनिकल, पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्टों का अध्ययन करेगी तथा जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और आबकारी अधिकारियों की तैयारियों एवं कार्रवाई की समीक्षा भी करेगी.
समिति प्रशासनिक, नियामक या प्रवर्तन स्तर पर हुई संभावित चूकों की पहचान करेगी और जवाबदेही तय करने के साथ भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुझाव देगी. अधिकारी ने बताया कि समिति को एक महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है.
राज्यभर में स्वास्थ्य परामर्श जारी
राज्य सरकार ने मणिपुर और राज्य के बाहर के विशेषज्ञों तथा स्वास्थ्य विभाग से परामर्श के बाद पूरे राज्य के लिए एक सार्वजनिक स्वास्थ्य परामर्श जारी की है. एडवाइजरी में कहा गया है कि जिन लोगों ने पिछले 48 से 72 घंटों के दौरान किसी संदिग्ध बैच, दुकान या स्रोत से शराब का सेवन किया है, वे तत्काल चिकित्सकीय जांच कराएं.
यह भी पढ़ें | राजस्थान के शोक सभा में बड़ा हादसा: गैस सिलेंडर में आग लगने से 21 लोग झुलसे, 15 गंभीर घायलों को जयपुर रेफर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं