- पुणे के इनफ्लुएंसर महेश मोटे ने राज ठाकरे पर कुछ टिप्पणी की थी, जिसे MNS ने विवादित बताया.
- MNS कार्यकर्ताओं ने महेश को पकड़कर चेहरे पर काला रंग पोता और साष्टांग दंडवत करवाकर माफी मंगवाई.
- बाद में महेश मोटे ने रोते हुए वीडियो जारी कर बिना शर्त माफी मांगी.
महाराष्ट्र के पुणे में MNS प्रमुख राज ठाकरे पर कथित विवादित टिप्पणी करने वाले इंफ्लुएंसर के चेहरे पर कालिख पोती जाने का मामला सामने आया है. महेश मोटे एक लोकप्रिय मराठी सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर और रील स्टार बताए जाते हैं. वे महाराष्ट्र से ताल्लुक रखते हैं और अपने तमाम वायरल वीडियो और विवादों के कारण चर्चा में रहे हैं. महेश मोटे ने सोशल मीडिया रील में राज ठाकरे के बारे में कुछ ऐसा बयान दे दिया, जिससे भड़के कार्यकर्ताओं ने महेश मोटे को पकड़कर उनके मुंह पर काला रंग पोत दिया. उन्हें सिर पर चप्पल रखकर उठक-बैठक करने और MNS शाखा में राज ठाकरे की तस्वीर के सामने साष्टांग दंडवत कर माफी मांगने के लिए मजबूर किया गया.
'मुझसे बड़ी चूक हुई...'
इस घटना के बाद महेश मोटे का एक माफीनामा वीडियो भी सामने आया है. महेश ने कहा कि केरल जाने पर उसने बहुत ही गलत वीडियो बनाए थे. महेश ने अपने वीडियो में कहा, "मैं सच बता रहा हूं दोस्तों, महाराष्ट्र में रहकर आप कभी भी राज ठाकरे साहब हों या हमारी मनसे पार्टी हो, कभी भी इनके बारे में कुछ गलत मत बोलना."
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि एमएनएस कार्यकर्ताओं ने उसके साथ कोई गुंडागर्दी या दादागीरी नहीं की है, बल्कि उसने खुद एक 'पागल इंसान' की तरह बकवास करने की बड़ी गलती की थी.
ये भी पढ़ें: इन्फ्लुएंसर्स से डील, यह छात्रों की नहीं 'पैसे की गूंज', राहुल गांधी के पुणे प्रोग्राम पर BJP का तीखा हमला
फूट-फूट कर रोए महेश मोटे...
MNS कार्यकर्ताओं ने पकड़कर न सिर्फ महेश मोटे के चेहरे पर कालिख पोती, बल्कि राज ठाकरे की तस्वीर के सामने लेटाकर और सिर पर चप्पल रखवाकर माफी भी मंगवाई. माफी मांगते वक्त महेश मोटे फूट-फूट कर रोते हुए नजर आए.
पकड़कर कार्यालय ले गए MNS कार्यकर्ता...
MNS के हडपसर विधानसभा क्षेत्र के उपविभाग अध्यक्ष शुभम जगदाले ने कहा कि इन्फ्लुएंसर महेश मोटे ने करीब 15 दिन पहले मनसे प्रमुख राज ठाकरे को लेकर एक वीडियो में बेहद अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था.
इस टिप्पणी के बाद वह करीब 15-20 दिनों के लिए केरल चला गया था. कल रात जैसे ही मनसे कार्यकर्ताओं को उसके पुणे लौटने और कात्रज इलाके में होने की भनक लगी, वे तुरंत वहां पहुंच गए. कात्रज के एक पार्क से उसे पकड़कर मनसे जनसंपर्क कार्यालय लाया गया.
ये भी पढ़ें: राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले पुणे में बवाल, ABVP-NSUI कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प; 2 घायल
'महाप्रसाद दिया गया...'
शुभम जगदाले ने कहा, "कार्यालय में महेश को मनसे के अपने खास अंदाज में 'महाप्रसाद' दिया गया."
जगदाले ने चेतावनी देते हुए कहा, "अगर कोई भी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष आदरणीय राज साहब ठाकरे पर इस तरह की टिप्पणी करेगा, तो मनसे उसे इसी तरह जवाब देगी, यह तय है."
(Input- Yashpal Sonkamble)
ये भी पढ़ें: पुणे इमारत हादसा: मलबे से मिला एक कर्मचारी का शव; 14 का रेस्क्यू, बची हुई इमारत के भी ढहने का खतरा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं