- बताया जा रहा है कि कुल 23 लोग फंसे हुए थे
- अभी भी 8 और लोगों के अंदर दबे होने की आशंका जताई जा रही है
- बची हुई इमारत के भी ढहने का खतरा बना हुआ है
पुणे के पिंपरी-चिंचवड़ स्थित मोशी इलाके में इमारत गिरने की घटना में फंसे मजदूरों को बाहर निकालने के लिए चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान एक मलबे से एक कर्मचारी का शव मिला है. रेस्क्यू ऑपरेशन को अब धीमा कर दिया गया है. फायर ब्रिगेड के अधिकारियों का कहना है कि अगर इमारत के अंदर भरा कचरे का ढेर बाहर निकाला गया, तो बची हुई इमारत भी गिर सकती है. इसी वजह से बचाव कार्य बहुत ही सावधानी के साथ किया जा रहा है. बता दें, अब तक कुल 14 लोगों को जिंदा और एक व्यक्ति को मृत अवस्था में बाहर निकाला जा चुका है. अभी भी 8 और लोगों के अंदर दबे होने की आशंका जताई जा रही है.
फायर ब्रिगेड अधिकारी ऋषिकांत चिपाडे ने कहा, "जो फंसे हुए मजदूर हैं, उनमें से कुछ लोगों की आवाज हमें सुनाई दे रही थी. अब हुआ यह है कि ऊपर जो कचरे का ढेर है, अगर उसे हटाने की कोशिश की गई, तो इमारत के और ज्यादा ढहने का खतरा है. इस वजह से हमें यह काम बहुत सावधानी से करना पड़ रहा है. इसलिए अब रेस्क्यू ऑपरेशन की जो रफ्तार थी, वो थोड़ी धीमी हो गई है. अगर जल्दबाजी की, तो कोई और बड़ी दुर्घटना होने की आशंका है. ऐसे में यह काम बहुत ही धीरे-धीरे और सावधानीपूर्वक किया जा रहा है.''

8 लोगों के अभी भी अंदर फंसे होने की आशंका
पिंपरी-चिंचवड़ के मोशी क्षेत्र में स्थित वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट की इमारत अचानक भरभराकर गिर गई थी. अचानक हुए इस हादसे में मौके पर मौजूद कर्मचारियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला. पहले करीब 14 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन 14 लोगों को रेस्क्यू किया जा चुका है और अभी भी 8 लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है.
यह भी पढ़ें- मुंबई में लगातार हो रही बारिश ने रोकी लोकल ट्रेन की रफ्तार, कई रूट्स पर देरी से चल रही ट्रेनें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं