विज्ञापन

Swiggy से खाना ऑर्डर करने वाले ध्यान दें, गाजियाबाद में फर्जी रेस्टोरेंट बनाकर हुई लाखों की साइबर ठगी

गाजियाबाद में स्विगी पर 'श्याम की रसोई' जैसे फर्जी रेस्टोरेंट बनाकर 30 लाख की ठगी करने वाला युवक गिरफ्तार हुआ है. आरोपी ने एक्सिस बैंक के 52 क्रेडिट कार्ड का डेटा चुराकर OTP के जरिए फ्रॉड किया.

Swiggy से खाना ऑर्डर करने वाले ध्यान दें, गाजियाबाद में फर्जी रेस्टोरेंट बनाकर हुई लाखों की साइबर ठगी
OTP के जरिए लाखों के फ्रॉड का आरोपी गिरफ्तार (Photo: NDTV)
  • यूट्यूब पर वीडियो देखकर OTP के जरिए किया लाखों का फ्रॉड.
  • आरोपी खुद को बैंक अधिकारी बताकर OTP लेता था और फर्जी रेस्टोरेंट पर ऑर्डर करवाता था.
  • पुलिस ने आरोपी से 4 मोबाइल, टैबलेट और लैपटॉप बरामद किए हैं.
गाजियाबाद:

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म स्विगी पर फर्जी रेस्टोरेंट बनाकर फ्रॉड का मामला सामने आया है. क्रेडिट कार्ड धारकों से साइबर ठगी करने वाले 21 वर्षीय युवक को साइबर क्राइम पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने एक्सिस बैंक के 52 क्रेडिट कार्ड की डीटेल्स हासिल कर करीब 30 लाख रुपये का साइबर फ्रॉड किया. आरोपी फर्जी रेस्टोरेंट के नाम पर खुद ही ऑर्डर जनरेट करता और क्रेडिट कार्ड धारकों से हासिल ओटीपी के जरिए उसका पेमेंट कराता था. इसके बाद रेस्टोरेंट से ऑर्डर की फर्जी डिलीवरी दिखाकर स्विगी से रकम अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करा लेता था.

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहतक निवासी गर्वित के तौर पर हुई है. मौजूदा वक्त में वह वैशाली के सेक्टर-3 में रहता था और टेक महिंद्रा में कस्टमर केयर की नौकरी कर चुका है. 

कहां से आया फ्रॉड का आइडिया?

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे यू-ट्यूब पर वीडियो देखने के दौरान इस तरह साइबर फ्रॉड करने का तरीका पता चला. इसके बाद उसने ‘श्याम की रसोई' और ‘राधा की रसोई' नाम के फर्जी रेस्टोरेंट बनाए और उनके लिए FSSAI रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट भी हासिल किए.

जांच में सामने आया है कि आरोपी को टेलीग्राम पर ‘FAST OTP BOT' चैनल के बारे में जानकारी मिली, जहां से उसे क्रेडिट कार्ड धारकों का डेटा और अन्य जानकारी मिलती थी. 

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने फ्रॉड करके एक्सिस बैंक के 52 क्रेडिट कार्ड की डिटेल हासिल की. इसके बाद उसने अपने मोबाइल नंबर और बैंक खाते से फर्जी रेस्टोरेंट को स्विगी पर रजिस्टर किया.

ये भी पढ़ें: GST Fraud: 140 करोड़ के फर्जी बिल, 25.22 करोड़ का ITC फ्रॉड, दिल्ली में ऐसे धरा गया आयरन-स्‍टील कारोबारी

ऐसे करता था कारनामा...

आरोपी क्रेडिट कार्ड धारकों को जियो-जॉइन एप के जरिए वाई-फाई कॉलिंग करता था और खुद को एक्सिस बैंक का ग्राहक सेवा अधिकारी बताता था. वह क्रेडिट कार्ड पर लगे सर्विस चार्ज या लेट पेमेंट हटाने के नाम पर ‘सर्विस रिक्वेस्ट' के लिए ओटीपी मांगता था. प्राप्त ओटीपी का इस्तेमाल वह अपने फर्जी रेस्टोरेंट के नाम पर स्विगी ऑर्डर का भुगतान करने में करता था. इसके बाद फर्जी रेस्टोरेंट से ऑर्डर की डिलीवरी पूरी दिखाकर स्विगी से सर्विस चार्ज काटने के बाद बची रकम अपने बैंक खाते में मंगवा लेता था. बाद में रकम एटीएम और चेक के डरिए निकाल ली जाती थी.

पुलिस के मुताबिक, ‘श्याम की रसोई' पर शिकायत आने के बाद आरोपी ने ‘राधा की रसोई' के नाम से दूसरा रेस्टोरेंट बनाया. इसे स्विगी ने प्रतिबंधित किया तो उसने ‘खाना खजाना' नाम से नया फर्जी रेस्टोरेंट रजिस्टर कर लिया और इसी के जरिए ठगी जारी रखी. 

ये भी पढ़ें: 'बच्चा तेरे घर के नीचे खजाना गड़ा है...' फ्रॉड बाबा ने गुप्त धन निकालने के नाम पर 11 लोगों से ठगे 1 करोड़​​​​​​

पुलिस ने बताया कि 17 सितंबर को आरोपी ने एम. श्रीनिवास नाम के शख्स के क्रेडिट कार्ड से 38 हजार रुपये का स्विगी ऑर्डर अपने फर्जी रेस्टोरेंट के नाम पर जनरेट कर साइबर फ्रॉड किया था.

साइबर क्राइम पुलिस ने आरोपी के पास से फ्रॉड में इस्तेमाल चार मोबाइल फोन, एक टैबलेट और एक लैपटॉप बरामद किया है. बरामद उपकरणों में ‘FAST OTP BOT' टेलीग्राम चैनल की चैट, क्रेडिट कार्ड की डिटेल वाली गूगल शीट, फर्जी रेस्टोरेंट के एफएसएसएआई दस्तावेज और ठगी में इस्तेमाल मोबाइल नंबरों से संबंधित सबूत मिले हैं. पुलिस इनकी जांच कर रही है.

पुलिस के मुताबिक, टेलीग्राम चैनल के जरिए चोरी किया गया डेटा उपलब्ध कराने के बदले जिन QR कोड पर पेमेंट किया गया, उनकी जानकारी और टेलीग्राम यूजर आईडी के आधार पर अन्य आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.

ये भी पढ़ें: 6.25 लाख के साइबर फ्रॉड मामले में 3 राज्यों के DGP तलब, हाईकोर्ट ने कहा- ऐसे अपराध में हर सेकेंड कीमती

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ghaziabad, OTP Fraud Latest News, Axis Bank Credit Card, Ghaziabad Crime, UP Crime
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com