अगर आप शेयर बाजार में नए आईपीओ के लॉन्च होने का इंतजार करते हैं, तो यह हफ्ता आपके लिए बेहद खास रहने वाला है. सितंबर महीने की शुरुआत से ही प्राइमरी मार्केट में जबरदस्त हलचल देखी जा रही है. अब इस हफ्ते फिर से 6 नई मेनबोर्ड कंपनियां अपने आईपीओ लेकर बाजार में उतर रही हैं.
इन सभी 6 कंपनियों की तैयारी प्राइमरी मार्केट से कुल ₹3,825 करोड़ जुटाने की है. ये सभी इश्यू 22 सितंबर से 28 सितंबर के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेंगे. कंपनियां इस पैसे का इस्तेमाल अपने बिजनेस विस्तार, कर्ज चुकाने, नए प्लांट लगाने और वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने में करेंगी. आइए एक-एक करके जानते हैं लिस्ट में कौन-कौन से इश्यू शामिल हैं...
1. एलिवेट कैंपसेज (Elevate Campuses IPO)
इस हफ्ते का सबसे बड़ा आईपीओ हिलहाउस इन्वेस्टमेंट्स के समर्थन वाली कंपनी एलिवेट कैंपसेज का है. यह ₹2,100 करोड़ का आईपीओ 23 सितंबर को खुलेगा और 25 सितंबर को बंद होगा. कंपनी ने इसके लिए ₹343 से ₹362 प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है. यह पूरा इश्यू फ्रेश शेयरों का है, यानी इसमें कोई ऑफर फॉर सेल (OFS) नहीं रखा गया है. इसके शेयरों की लिस्टिंग 30 सितंबर को होने की उम्मीद है.
वर्मोरा ग्रैनिटो (Varmora Granito IPO)
टाइल्स और सेरेमिक सेक्टर की कंपनी वर्मोरा ग्रैनिटो ₹708 करोड़ का आईपीओ लेकर आ रही है. यह इश्यू 22 सितंबर से 24 सितंबर तक खुला रहेगा. इसका प्राइस बैंड ₹140 से ₹148 प्रति शेयर तय किया गया है. इसमें ₹320 करोड़ के फ्रेश शेयर जारी होंगे, जबकि निवेशक कत्सुरा इन्वेस्टमेंट्स ओएफएस के जरिए 2.62 करोड़ शेयर यानी करीब ₹388 करोड़ बेचेगा.
ए-वन स्टील्स इंडिया (A-One Steels India IPO)
स्टील मैन्युफैक्चरिंग से जुड़ी यह कंपनी बाजार से ₹405 करोड़ जुटाने जा रही है. यह आईपीओ 24 सितंबर को खुलेगा और 28 सितंबर तक इसमें दांव लगा सकते हैं. इसके लिए ₹385 से ₹405 प्रति शेयर का प्राइस बैंड रखा गया है. इस इश्यू में ₹355 करोड़ के फ्रेश शेयर शामिल हैं, जबकि प्रमोटर्स ₹50 करोड़ का ऑफर फॉर सेल ला रहे हैं.
आर्मी इंफोटेक (ArMee Infotech IPO)
आईटी सर्विसेज देने वाली कंपनी आर्मी इंफोटेक का ₹300 करोड़ का आईपीओ 23 सितंबर से 25 सितंबर तक खुला रहेगा. कंपनी ने अपने शेयरों का प्राइस बैंड ₹350 से ₹375 प्रति शेयर तय किया है. यह भी पूरी तरह से फ्रेश इक्विटी शेयरों का ही इश्यू है.
स्वस्तिका इंफ्रा (Swastika Infra IPO)
बिजली वितरण और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में ईपीसी सॉल्यूशंस देने वाली कंपनी स्वस्तिका इंफ्रा ₹161 करोड़ जुटाने की योजना बना रही है. यह आईपीओ 23 सितंबर को खुलकर 25 सितंबर को बंद होगा. कंपनी ने इसका प्राइस बैंड ₹175 से ₹185 प्रति शेयर फिक्स किया है.
एड्रॉयट इंडस्ट्रीज (Adroit Industries IPO)
हफ्ते का छठा इश्यू एड्रॉयट इंडस्ट्रीज इंडिया का है, जो ₹151 करोड़ जुटाएगा. यह आईपीओ भी 23 सितंबर से 25 सितंबर के बीच दांव लगाने के लिए खुला रहेगा. कंपनी ने इसके लिए ₹126 से ₹134 प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है.
सितंबर में आईपीओ की बंपर बहार
सितंबर का महीना आईपीओ मार्केट के लिए अब तक काफी व्यस्त रहा है. महीने की शुरुआत में ही 17 कंपनियां अपने आईपीओ ला चुकी हैं. इस समय देश के सबसे बड़े स्टॉक एक्सचेंज एनएसई (NSE) और कपड़ा बनाने वाली कंपनी सोनासेलेक्शन इंडिया का मेगा आईपीओ पहले से ही सब्सक्रिप्शन के लिए खुला हुआ है. इस हफ्ते आने वाले 6 नए इश्यू के साथ ही साल 2026 में आईपीओ लाने वाली कंपनियों की कुल संख्या 87 तक पहुंच जाएगी. अगस्त के महीने में भी 23 कंपनियां अपना इश्यू लेकर आई थीं.
ये भी पढ़ें- इस हफ्ते IRCTC, Dixon और BEML समेत 150 से ज्यादा कंपनियां बांटेंगी डिविडेंड, चेक करें पूरी लिस्ट और रिकॉर्ड डेट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं