विज्ञापन

मौसम ले रहा गजब की फिरकी...मॉनसून की वापसी के बीच 10 राज्यों में बारिश का अलर्ट तो कहीं बर्फबारी

Weather Update Today: मॉनसून अब लौटना शुरू हो गया है, भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक सितंबर के आखिरी हफ्ते में बारिश का रुख बदला रहेगा. 20 सितंबर को यूपी, बिहार, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में बारिश का येलो अलर्ट है.

मौसम ले रहा गजब की फिरकी...मॉनसून की वापसी के बीच 10 राज्यों में बारिश का अलर्ट तो कहीं बर्फबारी
क्या लौटने लगा मॉनसून
  • भारतीय मौसम विभाग ने रविवार को देश के 10 राज्यों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है.
  • यूपी, बिहार, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, ओडिशा राज्यों में आज अच्छी बारिश के चांस बन रहे हैं.
  • मौसम विभाग के मुताबिक सितंबर के आखिरी हफ्ते से मॉनसून लौटना शुरू हो रहा है.

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने रविवार को उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र समेत 10 राज्यों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. अंडमान सागर के ऊपर कम दबाव का एक सिस्टम बना है, जिसकी वजह से मॉनसून का रुख फिर से दक्षिण की तरफ होता नजर आ रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक यह मानसून की विदाई का संकेत माना जा रहा है. वहीं दूसरी तरफ बर्फबारी से पहाड़ी राज्यों में ठंड बढ़ने लगी है, कुछ दिनों में इसका असर मैदानी राज्यों में भी दिखना शुरू हो जाएगा. रविवार को भी दक्षिण भारत के राज्यों में झमाझम बारिश की संभावना बनती दिख रही है. जबकि गुजरात में भी आज तेज बारिश की संभावना है. क्योंकि ओडिशा-आंध्र प्रदेश तट पर डीप डिप्रेशन बनने की वजह से यहां तेज बारिश की संभावना बन रही है. 

यूपी, महाराष्ट्र में येलो अलर्ट

यूपी, महाराष्ट्र, ओडिशा, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, गोवा, कर्नाटक, केरलम, तमिलनाडु, पुडुचेरी, पश्चिम बंगाल में आज बारिश का येलो अलर्ट जारी है. इसके अलावा बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड के अलग-अलग जिलों के हिस्सों में बरसात होने के चांस हैं. मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है, क्योंकि एक तरफ बरसात हो रही है, लेकिन दूसरी तरफ गर्मी का असर भी बढ़ता जा रहा है. अगले कुछ दिनों में मॉनसून धीरे-धीरे वापसी कर जाएगा. 

ओडिशा-आंध्र प्रदेश में आज भारी बारिश

अंडमान सागर के ऊपर कम दबाव का सिस्टम बनने की वजह से ओडिशा-आंध्र प्रदेश के तटों पर डीप डिप्रेशन बनने की संभावना हो रही है. जिससे दोनों राज्यों में आज से ही तेज बारिश की स्थिति बन रही है. डीप डिप्रेशन मौसम का ऐसा सिस्टम होता है, जो आम नमी वाली हवाओं के मुकाबले ज्यादा तेज होता है, जिसकी वजह से चक्रवाती तूफान के पहले जो बारिश होती है, उसी तरह की स्थिति यह बनाता है. ऐसे में ओडिशा और आंध्र प्रदेश में अलर्ट जारी कर दिया गया है. आज ओडिशा के बालासोर, जगतसिंहपुर, कटक, जाजपुर, भद्रक, पुरी में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश होने की पूरी संभावना है. इसी तरह आंध्र के तटीय इलाकों में भी तेज बारिश हो सकती है.

यूपी-बिहार का मौसम 

यूपी और बिहार में भी बारिश का दौर जारी है. कई इलाकों में तेज बरसात की संभावना बन रही है. यूपी के 15 और बिहार के 12 जिलों में आज अच्छी बारिश के चांस है. यूपी के लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, उन्नाव, बस्ती, जोनपुर समेत कई इलाकों में तेज बारिश होने की स्थिति बन रही है. वहीं बिहार में पटना, भागलपुर, पूर्णिया, छपरा समेत कई जिलों में झमाझम बारिश होने के चांस बन रहे हैं. गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने की वजह से इस बार यूपी के कई जिलों में मिट्टी का भारी कटाव देखने को मिला है. 

बर्फबारी से बढ़ेगी ठंड 

उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में लगातार तीसरे दिन सीजन की पहली बर्फबारी जारी है. जिससे तीनों राज्यों में अब ठंड बढ़ना शुरू हो गई है. मौसम ठंडा होने की वजह से पर्यटकों की संख्या में इजाफा हुआ है. वहीं उत्तराखंड में केदारनाथ यात्रा के दौरान भी बर्फबारी का असर दिख रहा है. मौसम विभाग का आंकलन है कि अगले कुछ दिनों में बर्फबारी का हल्का असर पहाड़ी राज्यों से होते हुए मैदानी इलाकों में भी दिखना शुरू हो जाएगा. पहाड़ी राज्यों में बारिश-बर्फबारी के बाद सुबह-शाम ठंड ज्यादा हो रही है. 

बारिश को तरसी दिल्ली

दिल्ली-एनसीआर के लोग फिलहाल बारिश के लिए तरस गए हैं. क्योंकि यहां 10 दिनों से बारिश नहीं हुई है. मौसम विभाग के मुताबिक सिस्टम बन रहा है, लेकिन बरसात नहीं हो रही है, जिसकी वजह से दिल्ली-एनसीआर में उमसभरी गर्मी का असर ज्यादा दिख रहा है. दिल्ली में तापमान 34 डिग्री से ऊपर जाने की वजह से गर्मी हो रही है. हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में यहां मौसम में तब्दीली दिख सकती है. 

सितंबर के आखिरी हफ्ते से मॉनसून लौटने लगेगा 

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक सितंबर के आखिरी हफ्ते से मॉनसून वापसी करना शुरू कर देगा. जिसके बाद बारिश का दौर धीरे-धीरे कम होना शुरू हो जाएगा. एक तरफ मॉनसून वापसी और दूसरी तरफ पहाड़ों पर बर्फबारी से तापमान में गिरावट होना शुरू होगी. यानि ठंड का हल्का दौर अक्तूबर के पहले हफ्ते तक पहाड़ी राज्यों से सटे मैदानी राज्यों में यानि दिल्ली, पंजाब, हरियाणा में दिखना शुरू हो जाएगा.  

ये भी पढे़ंः देश में कम मॉनसून: करीब 43% एरिया को कवर करने वाले 16 राज्यों में इस साल कम बारिश हुई

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Weather Update Today, Snowfall Today, Monsoon Rainfall, UP Weather, Monsoon News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com