- BJP ने राहुल गांधी के पुणे के छात्र कार्यक्रम में भीड़ जुटाने के लिए कांग्रेस पर पैसे बांटने का आरोप लगाया है.
- भाजपा प्रवक्ता ने बताया कि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को 30 से 35 हजार रुपये यात्रा खर्च सहित दिए जा रहे हैं.
- भाजपा ने कांग्रेस से इस धन के स्रोत, वितरण और आधिकारिक हिसाब किताब की जांच की मांग की है.
महाराष्ट्र के पुणे में आज कांग्रेस नेता राहुल गांधी का कार्यक्रम 'छात्रों की गूंज' होना प्रस्तावित है. इस कार्यक्रम से पहले भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि यह 'छात्रों की गूंज' नहीं 'पैसे की गूंज' है. राहुल गांधी के छात्र कार्यक्रम को 'पैसे की गूंज' करार देते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ने भीड़ जुटाने के लिए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को भुगतान किया. इस आरोप पर विपक्ष ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा युवाओं, खासकर जेन-जी (Gen Z) के बीच राहुल गांधी को मिल रहे बढ़ते समर्थन से घबराई हुई है.
भाजपा का दावा- कांग्रेस पैसे देकर लोगों को बुला रही
राहुल गांधी शनिवार को पुणे में छात्राओं के लिए विशेष रूप से आयोजित ‘छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले हैं. मुंबई स्थित भाजपा के महाराष्ट्र मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी प्रवक्ता नवनाथ बान ने आरोप लगाया कि कांग्रेस राहुल गांधी के कार्यक्रम को जनसमर्थन मिलने का माहौल बनाने के लिए लोगों को पैसे देकर कार्यक्रम में बुला रही है और सोशल मीडिया पर उसका प्रचार करा रही है.
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को दे रहे 30 से 35 हजार रुपए
उन्होंने दावा किया कि ऐसे वीडियो सामने आए हैं, जिनमें सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को पुणे कार्यक्रम के प्रचार के लिए 30,000 से 35,000 रुपये देने, यात्रा खर्च उठाने और ऑनलाइन प्रचार करने का प्रस्ताव दिया गया है. बान ने कहा, "यह ‘छात्रों की गूंज' नहीं, बल्कि ‘पैसे की गूंज' है. कांग्रेस पैसे देकर भीड़ जुटा रही है."
पत्रकार परिषद - मा. नवनाथजी बन ( मुख्य प्रवक्ता ) - २२ ऑगस्ट २०२६- भाजपा कार्यालय, मुंबई ! https://t.co/T8JZzcWjOv
— भाजपा महाराष्ट्र (@BJP4Maharashtra) August 22, 2026
यह पैसा कहां से आया? भाजपा ने मांगा हिसाब
उन्होंने आरोप लगाया कि यदि करीब 3,000 लोगों को 30,000 से 35,000 रुपये तक भुगतान किया गया है, तो कुल खर्च 9 से 10 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है. उन्होंने सवाल उठाया, "यह पैसा कहां से आया? इसे कौन उपलब्ध करा रहा है और किसके माध्यम से बांटा जा रहा है? इस धन का आधिकारिक हिसाब-किताब क्या है?"
भाजपा प्रवक्ता ने धन के स्रोत की विस्तृत जांच की मांग करते हुए पूछा कि क्या इसका संबंध विदेशी फंडिंग या कांग्रेस शासित राज्यों में कथित तौर पर ठेकों, कमीशन और अन्य वित्तीय लेन-देन से जुड़ा हो सकता है. उन्होंने धन वितरण में शामिल कथित संगठनों और व्यक्तियों की भी जांच की मांग की.
छात्रों की गूंज वास्तव में राहुल की राजनीतिक लड़ाई
भाजपा महाराष्ट्र के उपाध्यक्ष केशव उपाध्याय ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी का पुणे कार्यक्रम छात्रों के मुद्दों का उपयोग करके राजनीतिक मंच तैयार करने की कोशिश है. उन्होंने कहा, "हालांकि कार्यक्रम का नाम ‘छात्रों की गूंज' है, लेकिन वास्तव में यह राहुल गांधी की राजनीतिक लड़ाई है."
भाजपा के आरोप पर कांग्रेस ने दिया जवाब
भाजपा के आरोपों का जवाब देते हुए महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत ने कहा कि युवा वर्ग, विशेषकर जेन-ज़ी से राहुल गांधी को मिल रहे समर्थन ने भाजपा को बेचैन कर दिया है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ‘छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में लगातार बाधाएं उत्पन्न करने की कोशिश कर रही है.
सावंत ने यह भी आरोप लगाया कि प्रयागराज में राहुल गांधी के कार्यक्रम स्थल के पास युवाओं को आने से रोकने के लिए सीवर का पानी छोड़ा गया था. उन्होंने दावा किया कि महाराष्ट्र सरकार ने पुणे के कार्यक्रम पर कई तरह की पाबंदियां लगाई हैं और शुक्रवार को ABVP कार्यकर्ताओं ने भी "दादागिरी" की.
यह भी पढ़ें - 'राहुल गांधी की तारीफ करो, 25000 रुपये मिलेंगे', VIDEO शेयर कर बीजेपी का कांग्रेस पर वार
यह भी पढ़ें - राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले पुणे में बवाल, ABVP-NSUI कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प; 2 घायल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं