विज्ञापन

सोनिया गांधी का बचपन वाला इटली का घर बनेगा म्यूजियम? इसे खरीदने वाले सिख बिजनेसमैन ने बताया पूरा प्लान

सोनिया गांधी के इटली वाले घर को खरीदने वाले कांग ने बताया कि वे सोनिया गांधी और मैनो परिवार के साथ इसके ऐतिहासिक जुड़ाव को सुरक्षित रखना चाहते थे. वे जल्द से जल्द इस संपत्ति को एक अत्याधुनिक संग्रहालय में बदलना चाहते हैं.

सोनिया गांधी का बचपन वाला इटली का घर बनेगा म्यूजियम? इसे खरीदने वाले सिख बिजनेसमैन ने बताया पूरा प्लान
सोनिया गांधी के इटली के घर को म्यूजियम बनाने की तैयारी.
  • कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के बचपन के इटली स्थित घर को संग्रहालय में बदलने की योजना है
  • सुखदेव सिंह कांग ने यह छह कमरों वाला घर साल 2020 में अपनी पत्नी और बेटी के नाम खरीदा था
  • घर पर तिरंगा लगा है और इसे सोनिया गांधी का जन्मस्थान बताने वाली नेमप्लेट भी लगी हुई है

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के इटली वाले बचपन के घर को एक म्यूजियम में बदला जा सकता है. इटली में रहने वाले सिख व्यवसायी सुखदेव सिंह कांग ने छह साल पहले यह घर खरीदा था.उन्होंने कहा कि गांधी परिवार से मिलकर वह कुछ ऐसी चीजें (कलेक्टिबल्स) लेना चाहते हैं, जिन्हें म्यूजियम में रखा जा सके. कांग ने फोन पर पीटीआई को बताया कि इस सोनिया गांधी के बचपन के इस घर को 'इंडियन हाउस' कहा जाता है. इस पर तिरंगा लगा है. बाहर एक नेमप्लेट लगी है, जिस पर लिखा है- यह 'सोनिया गांधी का जन्मस्थान' है.

किसने खरीदा सोनिया गांधी का घर?

इटली के विसेंज़ा प्रांत के लुसियाना में ग्रे पत्थर और कंक्रीट से बना यह छह कमरों वाला घर ब्रेशिया में उनके घर से करीब एक घंटे की दूरी पर है. उन्होंने बताया कि सोनिया गांधी का जन्म 9 दिसंबर 1946 को इसी घट में हुआ था और उन्होंने अपने बचपन के शुरुआती साल यहीं बिताए थे. कांग पंजाब के होशियारपुर के रहने वाले हैं. साल 1992 में वह गांव से इटली में जाकर बस गए. तब से वह वहीं रह रहे हैं. उन्होंने कहा कि इटली में बसना आसान नहीं था.शुरुआत में उन्होंने डेयरी फार्म, कृषि क्षेत्र और एक फैक्ट्री में भी काम किया. 

गांधी परिवार के प्रशंसक हैं कांग

सोनिया गांधी के बचपन के घर को उन्होंने साल 2020 में अपनी पत्नी और बेटी के नाम पर खरीदा था.घर की देखभाल के लिए एक केयरटेकर रखा है. अगर कोई पर्यटक इस घर को देखना चाहता है, तो केयरटेकर इसमें मदद करता है. कांग इस प्रॉपर्टी पर टैक्स समेत हर साल लगभग 1,000 यूरो खर्च करते हैं. कांग ने बताया कि वह और उनका परिवार गांधी परिवार के प्रशंसक हैं. वह हर साल एक बड़ा सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित करके गांधी जयंती भी मनाते हैं.

कांग ने यह घर कैसे खरीदा?

 सुखदेव सिंह कांग ने बताया कि इटली में अपने कुछ संपर्कों से उनको पता चला था. घर बेचने वाले चाहते हैं कि यह किसी भारतीय और सिख परिवार को मिले.तब से उन्होंने इसे वैसा ही रखा है. उन्होंने इसे एक दिन म्यूजियम में बदलने की उम्मीद जताई, जिससे इटली जाने वाले भारतीयों को एक और पर्यटन स्थल मिल सके.उन्होंने भरोसा जताया कि अगर यह संग्रहालय बना तो सैकड़ों पर्यटक आकर्षित होंगे. इससे  स्थानीय गांव की अर्थव्यवस्था को फायदा होगा. 

सोनिया के घर को गुरुद्वारे में बदलने से किया मना

कांग ने बताया कि उनके परिवार ने पहले इस संपत्ति को किराए पर देने या इसे गुरुद्वारे में बदलने के प्रस्तावों को ठुकरा दिया था, क्योंकि वे सोनिया गांधी और मैनो परिवार के साथ इसके ऐतिहासिक जुड़ाव को सुरक्षित रखना चाहते थे. वे जल्द से जल्द इस संपत्ति को एक अत्याधुनिक संग्रहालय में बदलना चाहते हैं, लेकिन परिवार से जुड़ी जानकारी की कमी की वजह से ये हो नहीं पा रहा. अब वह सोनिया गांधी और उनके बच्चों, राहुल और प्रियंका से मिलना चाहते हैं, ताकि यह समझा जा सके कि प्रस्तावित संग्रहालय में किस तरह की निजी चीजें, तस्वीरें, दस्तावेज और अन्य यादगार वस्तुएं रखी जा सकती हैं.

सोनिया गांधी की किताब आने के बाद लोगों की इटली में बिताए गए उनके बचपन के प्रति भी लोगों की दिलचस्पी फिर से जाग गई है. कांग भी इस किताब को पढ़ना चाहते हैं.  उन्होंने कहा कि कभी ये नहीं सोचा था कि सोनिया गांधी के पुश्तैनी घर की चाबियां एक दिन उनके पास होंगी.

ये भी पढ़ें-सोनिया गांधी की किताब पर महाराष्ट्र में घमासान: BJP विधायक बोले- प्रतिबंध नहीं लगा तो हो सकते हैं दंगे!

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sonia Gandhi News, Sukhdev Singh Kang, Sonia Gandhi Italy Home, Italy, Rahul Gandhi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com