विज्ञापन

'सत्ता के लिए भारत की बदनामी मत कीजिए', राहुल गांधी पर भड़के महाराष्ट्र भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्रंप, शी जिनपिंग और पुतिन की तस्वीर शेयर कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में होती तो भारत का प्रधानमंत्री भी उस टेबल पर मौजूद होता. उनके इस बयान पर महाराष्ट्र बीजेपी के अध्यक्ष ने पलटवार किया है.

'सत्ता के लिए भारत की बदनामी मत कीजिए', राहुल गांधी पर भड़के महाराष्ट्र भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण
महाराष्ट्र भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण.
मुंबई:

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भारत की वैश्विक स्थिति पर सवाल उठाने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भाजपा के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक रविंद्र चव्हाण ने करारा जवाब दिया है. उन्होंने दो अंतरराष्ट्रीय तस्वीरों के माध्यम से '2014 से पहले का भारत' और '2014 के बाद का भारत' के बीच का अंतर स्पष्ट करते हुए राहुल गांधी की आलोचना का जोरदार जवाब दिया है. मालूम हो कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की एक साथ खिंची गई तस्वीर के आधार पर राहुल गांधी ने भारत की वैश्विक भूमिका पर सवाल उठाए थे.

इसके जवाब में रविंद्र चव्हाण ने 2011 में फ्रांस में आयोजित G20 शिखर सम्मेलन की एक तस्वीर साझा की, जिसमें तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह पिछली पंक्ति में खड़े दिखाई दे रहे हैं. वहीं, उन्होंने 2024 में रियो डी जेनेरियो में आयोजित G20 शिखर सम्मेलन की तस्वीर भी साझा की, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रमुख स्थान पर नजर आ रहे हैं. 

'2014 से पहले का भारत' और '2014 के बाद का भारत' शीर्षक देकर उन्होंने मोदीजी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक छवि में आए बदलाव को रेखांकित किया है. 'दूध का दूध, पानी का पानी' कहते हुए रविंद्र चव्हाण ने राहुल गांधी की आलोचना और वास्तविकता के बीच के अंतर को उजागर किया. 

उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, "जब भूख बर्दाश्त से बाहर हो जाती है, तो उसके आगे हमें कुछ भी दिखाई नहीं देता. सत्ता की भूख के कारण राहुलजी की भी यही स्थिति हो गई है." इसके साथ ही उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा, "इस भूख के चलते अगर आप भारत को बदनाम करते रहेंगे, तो यह याद रखिए! कोई भी सच्चा भारतीय इसे कभी बर्दाश्त नहीं करेगा!"

वैश्विक मंच पर भारत की स्थिति को लेकर राहुल गांधी द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब रविंद्र चव्हाण ने दो अलग-अलग कालखंडों की तस्वीरों की तुलना करके दिया है. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि राजनीतिक सत्ता के संघर्ष से कहीं अधिक महत्वपूर्ण देश की वैश्विक प्रतिष्ठा है. साथ ही उन्होंने कांग्रेस की भूमिका पर भी सीधा हमला बोला है.

यह भी पढ़ें - 'कांग्रेस सत्ता में होती तो भारत का PM भी इस टेबल पर होता'; ट्रंप-शी-पुतिन की फोटो शेयर कर राहुल गांधी का अटैक

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rahul Gandhi, Ravindra Chavan, Rahul Gandhi Foreign Tour, Maharashtra BJP
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com