Navi Mumbai Panvel railway station Lift collapses: नवी मुंबई के पनवेल रेलवे स्टेशन पर सोमवार, 20 अप्रैल को बड़ा हादसा हो गया. यहां प्लेटफॉर्म नंबर 7 पर स्थित लिफ्ट अचानक नीचे गिर गई. जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल हो गया. जानकारी के मुताबिक, लिफ्ट में चार यात्री फंस गए. आनन-फानन में रेस्क्यू टीम एक्टिव हुई. मौके पर पहुंची टीम ने चारों यात्रियों को लिफ्ट से बाहर निकाला.
लिफ्ट में 10 मिनट तक फंसे रहे यात्री
दरअसल, सुबह का समय होने के कारण स्टेशन पर नौकरीपेशा लोगों और यात्रियों की भारी भीड़ थी. इसी दौरान यह हादसा हो गया, जिससे स्टेशन परिसर पर अफरा-तफरी मच गई. वहीं लिफ्ट में चार यात्री फंस गए. हालांकि लिफ्ट में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेलवे प्रशासन और आपातकालीन टीम Emergency Team युद्ध स्तर पर बचाव कार्य शुरू किया और करीब दस मिनट में फंसे यात्रियों को रेस्क्यू करा लिया गया. जानकारी के मुताबिक, किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.
जांच के आदेश
इस घटना ने रेलवे प्लेटफॉर्म पर लगी लिफ्टों के रखरखाव और सुरक्षा जांच पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. यात्री अब प्रशासन से जवाब मांग रहे हैं कि क्या इन लिफ्टों की नियमित जांच की जाती है? वहीं घटना के बाद रेलवे अधिकारियों ने जांच के आदेश दिए हैं, ताकि इस हादसे की सटीक कारणों का पता लगाया जा सके.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं