मुंबई के दहिसर-बोरीवली क्षेत्र में महिला पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया. ये घटना चर्चा में है क्योंकि बोरीवली-दहिसर क्षेत्र में वारदात के बाद आरोपी ने कथित तौर पर अपना एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने हमले की बात स्वीकार की. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कुछ समय पहले इलाके में अवैध गांजा खेती का खुलासा हुआ था और उसी विवाद से इस घटना का संबंध होने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस मामले के हर पहलू की गहन जांच कर रही है और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. NDTV के लिए ऋतिक गणकवार की रिपोर्ट.
गणपत पाटिल नगर में हुई वारदात
जानकारी के अनुसार घटना बोरीवली के एमएचबी पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गणपत पाटिल नगर की गली नंबर 4 में हुई. बताया जा रहा है कि रात करीब 9 बजे महिला पर धारदार हथियार से हमला किया गया. हमले में घायल महिला की पहचान सुमन ठाकुर के रूप में हुई है. गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
गांजा खेती के खुलासे से जुड़ रहा मामला
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक कुछ दिन पहले इलाके के एक घर में कथित रूप से अवैध गांजा खेती का खुलासा हुआ था. जांच में यह बात सामने आई कि इस मामले की जानकारी बाहर आने में नाबालिग की भूमिका रही थी. आरोप है कि इस खुलासे के बाद संबंधित लोगों में नाराजगी थी.
वीडियो बनाकर किया कथित कबूलनामा
इस घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू वारदात के बाद सामने आया वीडियो बताया जा रहा है. पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी नाबालिग ने घटना के बाद एक सेल्फी वीडियो रिकॉर्ड किया. बताया जा रहा है कि वीडियो में उसने महिला पर हमले की बात कही है. पुलिस ने इस वीडियो को महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में अपने कब्जे में ले लिया है और उसकी सत्यता की जांच की जा रही है.
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही एमएचबी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. अधिकारियों ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है तथा इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमले के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, कथित धमकियों की भूमिका कितनी थी और अवैध गांजा खेती से जुड़े आरोपों का इस मामले से कोई सीधा संबंध है या नहीं.
यह भी पढ़ें : सास ने कराया बहू का मर्डर; मुंबई में नौकरानी के परिवार दी सुपारी, बाथरूम में गिरने के दावा झूठा निकला
यह भी पढ़ें : हिसार कोर्ट में गैंगस्टर विनोद पानू की हत्या; लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी, 15 से 20 राउंड फायरिंग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं