- दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP समेत कई दलों ने आज के दिन प्रोटेस्ट का ऐलान किया है.
- ऐसे में यहां सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर बैरिकेडिंग की है.
- यह प्रदर्शन CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ किया जा रहा है, जिसको लेकर दिल्ली पुलिस अलर्ट है.
दिल्ली के जंतर-मंतर पर राजनीतिक माहौल 2 अक्तूबर की सुबह से ही गर्म है. मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोज जनता पार्टी (CJP) समेत कई दलों ने आज प्रदर्शन का ऐलान किया है. ऐसे में दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर सुरक्षा कड़ी कर दी है. यहां बैरिकेडिंग की गई है साथ ही अतिरिक्त सुरक्षाबलों की मांग की गई है. दिल्ली में धारा-163 लागू है, जबकि दिल्ली में 11 मेट्रो स्टेशनों को भी आज बंद किया गया है, लुटियंस जोन को सुबह से ही छावनी में तब्दील कर दिया गया है. दिल्ली पुलिस ने केंद्रीय गृह मंत्रालय से अतिरिक्त सुरक्षा बलों की मांग की है.
CJP समेत कई दलों का प्रदर्शन
दरअसल, यह विरोध प्रदर्शन सीजेपी, AISA, राज्यसभा सांसद मनोज झा और सुप्रीम कोर्ट के वकील प्रशांत भूषण ने बुलाया है. ये सभी चुनावी रोल और चुनाव संचालन में अनियमितताओं के आरोपों के कारण मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग कर रहे हैं.दिल्ली पुलिस ने चुनावी रोल में कथित अनियमितताओं को लेकर शुक्रवार को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया है. ऐसे में मध्य दिल्ली में सुरक्षा कड़ी कर दी है. क्योंकि भले ही विरोध प्रदर्शन को अनुमति नहीं मिली है, लेकिन यहां फिर भी लोगों के बड़ी संख्या में पहुंचने की संभावना बनी हुई है.
जंतर-मंतर पर बैरिकेडिंग
जंतर-मंतर जाने वाले इलाकों, जिनमें टॉल्स्टॉय मार्ग, जनपथ रोड और संसद मार्ग शामिल हैं, में कई परतों वाली बैरिकेडिंग भी की गई है. जंतर-मंतर पर विरोध स्थल को टॉल्स्टॉय मार्ग और केरल भवन, दोनों तरफ से बंद कर दिया गया है. जंतर-मंतर पर लंबी बैरिकेडिंग की गई है, साथ ही संसद मार्ग के आसपास दिल्ली पुलिस के साथ-साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और अर्धसैनिक बलों के हजारों जवानों को तैनात कर दिया गया है. ताकि किसी तरह की परिस्थिति के लिए तैयारी रहे. सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा करते हुए नई दिल्ली जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू की गई है.
ये वीडियो भी देखिए
पुलिस का स्पष्ट कहना है कि किसी भी तरह के प्रदर्शन को मंजूरी नहीं दी गई है. ऐसे में अगर कोई भी कानून का उल्लंघन करने की कोशिश करेगा, तो उसे तुरंत हिरासत में लिया जाएगा. दिल्ली पुलिस ने सभी से नियमों का पालन करने की अपील की है.
दिल्ली में बन सकती है ट्रैफिक जाम की स्थिति
दिल्ली में ट्रैफिक जाम की स्थिति बन सकती है, क्योंकि जंतर-मंतर पर सुरक्षा घेरा बढ़ाने और बैरिकेडिंग के कारण लुटियंस दिल्ली और कनॉट प्लेस के आसपास के रास्तों पर भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर दी है. क्योंकि धारा-163 लागू होने और बैरिकेडिंग की वजह से दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था तगड़ी कर दी गई है.
ये भी पढे़ंः प्रदर्शन से पहले अभिजीत दीपके को पुलिस ने लिया हिरासत में, कुछ देर बाद छोड़ा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं