विज्ञापन

सास ने कराया बहू का मर्डर; मुंबई में नौकरानी के परिवार दी सुपारी, बाथरूम में गिरने के दावा झूठा निकला

मुंबई के घाटकोपर में 35 वर्षीय सपना गंजी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने सास समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि घरेलू हिंसा के पुराने केस से नाराज सास ने नौकरानी और उसके परिवार को पैसे देकर हत्या कराई और इसे हादसा दिखाने की कोशिश की.

सास ने कराया बहू का मर्डर; मुंबई में नौकरानी के परिवार दी सुपारी, बाथरूम में गिरने के दावा झूठा निकला
मुंबई में बहू की हत्या का खुलासा, सास ने नौकरानी के परिवार को दिए 3 लाख
मुंबई:

मुंबई के घाटकोपर इलाके में एक महिला की संदिग्ध मौत की जांच ने रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली साजिश का खुलासा किया है. 35 वर्षीय सपना प्रमोद गंजी की मौत को शुरू में बाथरूम में गिरने से हुई दुर्घटना बताया गया था, लेकिन पुलिस जांच में मामला हत्या का निकला. आरोप है कि घरेलू हिंसा का मामला दर्ज कराने से नाराज सास धनलक्ष्मी गंजी ने अपनी बहू की हत्या की साजिश रची और इसके लिए घर में काम करने वाली नौकरानी तथा उसके परिवार की मदद ली. पुलिस के अनुसार हत्या के बदले तीन लाख रुपये देने की बात भी सामने आई है. मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है.

हादसे की कहानी पर शुरू से था संदेह

NDTV को प्राप्त जानकारी के अनुसार यह मामला घाटकोपर के लक्ष्मीनगर स्थित त्रिवेणी अपार्टमेंट की डी विंग का है. रविवार 16 अगस्त की शाम सपना गंजी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. इसके बाद परिवार की ओर से दावा किया गया कि सपना बाथरूम में गिर गई थी और सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई. सोमवार देर रात सपना के ससुर भिक्षापति गंजी ने उसके पिता राजेंद्र नरसय्या वल्लाल को फोन कर घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही राजेंद्र अपने परिजनों के साथ राजावाड़ी अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने सपना को मृत घोषित कर दिया. हालांकि जब पिता ने बेटी का शव देखा तो उन्हें दुर्घटना की कहानी पर भरोसा नहीं हुआ. सिर की चोट के अलावा चेहरे, गर्दन और कंधों पर चोट और संघर्ष के निशान दिखाई दे रहे थे. इसके बाद उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से शिकायत की.

2013 में हुई थी शादी, बाद में शुरू हुआ विवाद

पुलिस के मुताबिक सपना की शादी वर्ष 2013 में प्रमोद गंजी से हुई थी. शिकायत में पिता ने आरोप लगाया कि शादी के शुरुआती दो वर्षों तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में पति प्रमोद, सास धनलक्ष्मी, ससुर भिक्षापति और अन्य परिजनों ने मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना शुरू कर दी. बताया गया कि लगातार विवाद और कथित उत्पीड़न से परेशान होकर सपना ने करीब दो साल पहले नालासोपारा पुलिस स्टेशन में घरेलू हिंसा, मारपीट, विनयभंग और जान से मारने की धमकी का मामला दर्ज कराया था. यह मामला अदालत में विचाराधीन था.

समझौते के बाद भी खत्म नहीं हुई रंजिश

जांच में सामने आया कि अगस्त 2024 में परिवार की ओर से समझौते की कोशिश हुई थी. आरोप है कि पति और अन्य परिजनों ने सपना से अपने व्यवहार के लिए माफी मांगी और भविष्य में प्रताड़ित नहीं करने का आश्वासन दिया. इसके बाद सपना और उसके पति अलग रहना शुरू कर दिया, लेकिन कुछ समय बाद दोनों फिर घाटकोपर स्थित पारिवारिक घर में आ गए. पुलिस का मानना है कि घरेलू हिंसा के मुकदमे को लेकर परिवार के कुछ सदस्यों के मन में नाराजगी और रंजिश बनी हुई थी.

सास पर हत्या की साजिश रचने का आरोप

पंतनगर पुलिस की जांच में मुख्य आरोपी के रूप में सपना की सास धनलक्ष्मी गंजी का नाम सामने आया है. पुलिस के मुताबिक धनलक्ष्मी ने कथित तौर पर घर में काम करने वाली नौकरानी मंगला जाधव और उसके परिवार को इस काम में शामिल किया. आरोप है कि हत्या की साजिश को अंजाम देने के लिए नौकरानी के परिवार को तीन लाख रुपये देने का वादा किया गया था. पुलिस ने जांच के दौरान धनलक्ष्मी से पूछताछ की, जिसके बाद घटनाक्रम के कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए.

नौकरानी का पूरा परिवार गिरफ्तार

मामले में पुलिस ने कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें मुख्य आरोपी सास धनलक्ष्मी गंजी के अलावा नौकरानी मंगलाबाई जाधव, उसका पति सुरेश जाधव, बेटी शिवानी जाधव और बेटा साजन जाधव शामिल हैं. पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद सभी ने मिलकर मामले को दुर्घटना साबित करने की कोशिश की. शुरुआती बयान में यह दावा किया गया था कि सपना शराब के नशे में बाथरूम में गिरी थी, लेकिन मेडिकल और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों ने इस कहानी पर सवाल खड़े कर दिए.

हत्या की धाराओं में मामला दर्ज

प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका मजबूत होने के बाद पंतनगर पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया. पूछताछ और साक्ष्य जुटाने के बाद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर स्थानीय अदालत में पेश किया गया. अदालत ने पांचों आरोपियों को पुलिस हिरासत में भेज दिया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की पूरी योजना कैसे बनाई गई और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी.

यह भी पढ़ें : मैसूर में पत्नी और 2 बेटियों की हत्या के बाद कारोबारी ने की आत्महत्या; सुसाइड नोट में लिखी अपनी अंतिम इच्छा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Daughter In Law Murder, Mumbai Crime, Ghatkopar Murder Case, Mother In Law Killed Daughter In Law, Supari Killing
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com