विज्ञापन

हिसार कोर्ट में गैंगस्टर विनोद पानू की हत्या; लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी, 15 से 20 राउंड फायरिंग

हरियाणा के हिसार कोर्ट परिसर में गैंगस्टर विनोद पानू की गोली मारकर हत्या कर दी गई. हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की. घटना के बाद सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है.

हिसार कोर्ट में गैंगस्टर विनोद पानू की हत्या; लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी, 15 से 20 राउंड फायरिंग
हिसार कोर्ट में गैंगस्टर विनोद पानू की हत्या, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पोस्ट से ली जिम्मेदारी का दावा
हिसार:

हिसार जिला अदालत परिसर गुरुवार को उस समय गोलियों की आवाज से दहल उठा, जब पेशी के लिए पहुंचे कुख्यात गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काना पर दिनदहाड़े हमला कर दिया गया. अदालत के मुख्य प्रवेश द्वार के निकट हुई फायरिंग में विनोद पानू की मौत हो गई, जबकि गोलीबारी की चपेट में आए अन्य लोगों के घायल होने की भी सूचना है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर बाइक पर सवार होकर पहुंचे और कई राउंड फायरिंग के बाद मौके से भागने का प्रयास किया. घटना के बाद पूरे कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

कोर्ट परिसर में ताबड़तोड़ फायरिंग से मच गया था हड़कंप

जानकारी के अनुसार विनोद पानू कोर्ट में पेशी के लिए पहुंचा था. इसी दौरान घात लगाए हमलावरों ने उस पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी. घटनास्थल पर मौजूद लोगों के मुताबिक हमलावरों ने लगातार कई गोलियां चलाईं, जिससे परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई. प्राथमिक जानकारी में करीब 12 राउंड फायरिंग की बात सामने आई, जबकि कुछ प्रत्यक्षदर्शियों और वकीलों का दावा है कि कोर्ट के मुख्य गेट और पार्किंग क्षेत्र के आसपास 15 से 20 राउंड तक गोलियां चलीं. फायरिंग के दौरान वकील, पक्षकार और अदालत में आए लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए.

Hisar Court Firing Case: लॉरेंस विश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी

Hisar Court Firing Case: लॉरेंस विश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी

लॉरेंस बिश्नोई गैंग का दावा; सोशल मीडिया पोस्ट वायरल

वारदात के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हुई, जिसमें हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया. हालांकि NDTV वायरल पोस्ट की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि नहीं करता है. पोस्ट में लिखा गया कि विनोद पानू की हत्या कथित तौर पर हिमांशु सोनीपत के जरिए कराई गई. पोस्ट में यह भी दावा किया गया कि विनोद पानू विरोधी गुटों के संपर्क में था और इसी कारण उसे निशाना बनाया गया. पोस्ट के अंत में लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप, जितेंद्र गोगी ग्रुप और अन्य गैंग से जुड़े नाम भी लिखे गए हैं.

वकीलों ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

घटना के बाद अधिवक्ताओं ने अदालत परिसर की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई. एक वकील ने बताया कि जिस मामले में संबंधित पक्ष कोर्ट पहुंचे थे, उसमें महत्वपूर्ण सुनवाई होने की संभावना थी. उन्होंने कहा कि अदालत जैसे संवेदनशील परिसर में खुलेआम गोलीबारी होना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है. वकीलों का कहना है कि जिला प्रशासन को अदालत परिसरों में निगरानी और सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम करने चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.

पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

हिसार के एएसपी मयंक मुद्गिल ने बताया कि घटना में करीब 14 राउंड फायरिंग हुई. पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में ले लिया है. उन्होंने बताया कि गोलीबारी में घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है. पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की सहायता से पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें : हिसार कोर्ट में दिनदहाड़े गैंगस्टर काना की हत्या, 14 गोलियों से दहला कोर्ट परिसर

यह भी पढ़ें : लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य कमल को FBI ने बताया वांटेड; पंजाब से कैलिफोर्निया तक फैला रंगदारी गैंग का नेटवर्क

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Lawrence Bishnoi Gang, Hisar Court, COurt Firing, Lawrence Bishnoi Gang Claim, Gangwar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com