विज्ञापन

मुंबई लोकल ट्रेन हादसा: कुर्ला में क्रेन रेलवे की बिजली लाइन पर गिरी, दो मकान और कई यात्री चपेट में आए

मुंबई के कुर्ला स्थित कुरेशी नगर में बिल्डिंग डिमोलिशन के दौरान एक भारी क्रेन पलट गई. इस घटना में रेलवे लाइन भी प्रभावित हुई. हादसे में 4 से 5 लोग घायल हुए हैं, जबकि दो मकानों, एक कार और ऑटो-रिक्शा को नुकसान पहुंचा है. पुलिस घटना की जांच कर रही है.

मुंबई लोकल ट्रेन हादसा:  कुर्ला में क्रेन रेलवे की बिजली लाइन पर गिरी, दो मकान और कई यात्री चपेट में आए
मुंबई के कुर्ला में क्रेन हादसा, दो घरों पर गिरा हिस्सा; कई लोग घायल
मुंबई:

मुंबई के कुर्ला स्थित कुरेशी नगर इलाके में गुरुवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया, जब बिल्डिंग डिमोलिशन कार्य के दौरान इस्तेमाल की जा रही एक भारी क्रेन अचानक पलट गई. हादसे के समय क्रेन की मदद से एक पोकलेन मशीन को इमारत के ऊपरी हिस्से तक पहुंचाया जा रहा था. अचानक संतुलन बिगड़ने से क्रेन जमीन पर आ गिरी और उसका एक हिस्सा पास के दो मकानों तथा मुंबई लोकल रेलवे की ओवरहेड इलेक्ट्रिक वायर पर जा गिरा. हादसे में चार से पांच लोग घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए.

डिमोलिशन कार्य के दौरान हुआ हादसा

स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में एक पुरानी इमारत को गिराने का काम चल रहा था. इसके लिए पोकलेन मशीन को इमारत के ऊपर पहुंचाने की तैयारी की जा रही थी. इसी प्रक्रिया में भारी क्षमता वाली क्रेन का इस्तेमाल किया गया था. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मशीन को ऊपर उठाने के दौरान अचानक क्रेन का संतुलन बिगड़ गया और पूरी संरचना पलट गई. किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला और देखते ही देखते क्रेन का बड़ा हिस्सा आसपास के मकानों पर आ गिरा.

Kurla Crane Accident: कुर्ला में क्रेन हादसा

Kurla Crane Accident: कुर्ला में क्रेन हादसा

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार यह हादसा उस समय हुआ, जब महाराष्ट्र हाउसिंग एंड एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (MHADA) की ओर से प्रस्तावित डिमोलिशन अभियान की तैयारी चल रही थी. मौके पर मौजूद एल वार्ड के जूनियर इंजीनियर ने बताया कि ऑपरेशन के लिए एक पोकलेन मशीन की मदद से भारी क्रेन को स्थापित किया जा रहा था. इसी दौरान क्रेन का संतुलन बिगड़ गया और वह पास की झुग्गी बस्ती की ओर पलट गई. हादसा कुर्ला पूर्व के इंदिरा नगर स्थित बुनतारा भवन, म्हाडा बिल्डिंग और गैलेक्सी अपार्टमेंट के पीछे तड़के करीब 3:04 बजे हुआ.

राहत एवं बचाव अभियान के दौरान घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार कुल 10 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 8 को सायन अस्पताल और 2 को कुर्ला भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अस्पताल प्रशासन ने सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई है. हालांकि प्रशासन अभी यह पता लगाने में जुटा है कि घटनास्थल पर कोई अन्य व्यक्ति मलबे के नीचे फंसा तो नहीं है. वहीं मुंबई पुलिस, दमकल विभाग, 108 एम्बुलेंस सेवा और बीएमसी की टीमें लगातार राहत एवं जांच कार्य में जुटी हुई हैं.

घरों और रेलवे लाइन को भी हुआ नुकसान

हादसे के दौरान क्रेन का एक हिस्सा दो घरों पर गिरने से वहां रहने वाले लोगों में अफरा-तफरी मच गई. कुछ लोग मलबे में फंस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों और राहत टीमों की मदद से बाहर निकाला गया. क्रेन के गिरने से रेलवे की ओएचई (ओवरहेड इलेक्ट्रिक) लाइन भी प्रभावित हुई. इसके चलते सुरक्षा कारणों से आसपास के क्षेत्र को घेर लिया गया.

वाहन भी हुए क्षतिग्रस्त

हादसे की चपेट में आकर एक कार और एक ऑटो-रिक्शा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. घटनास्थल पर खड़े वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है. स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में बरती गई सावधानियों पर भी सवाल उठाए हैं.

हादसे का जिम्मेदार कौन? पुलिस कर रही है जांच

घटना की सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस, दमकल विभाग और अन्य राहत एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं. घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है तथा क्रेन को सुरक्षित तरीके से हटाने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि क्रेन पलटने की वजह तकनीकी खराबी थी, लोड क्षमता से अधिक वजन था या संचालन में कोई चूक हुई. जांच के आधार पर तय किया जाएगा कि हादसे के लिए जिम्मेदार कौन है और निर्माण एजेंसी ने सुरक्षा मानकों का पालन किया था या नहीं. घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है.

यह भी पढ़ें : थप्पड़ दिखाया, बेल्ट निकालकर डराया; मुंबई लोकल में सीट को लेकर महिला से मारपीट का वीडियो वायरल, आरोपी अरेस्ट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mumbai Local Train, Crane Accident, Mumbai Local, Kurla, Mumbai Local Accident
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com