- मुंबई लोकल ट्रेन के दिव्यांगजन कोच में सीट को लेकर विवाद के दौरान एक 62 वर्षीय दिव्यांग यात्री की मौत हुई
- आरोपी ने बुजुर्ग यात्री को चलती ट्रेन से धक्का देकर बाहर गिरा दिया, जिससे उसकी गंभीर चोटें आईं
- घायल यात्री केजिटन पाल डेनिस पिरिस को भाभा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई
महाराष्ट्र की लाइफलाइन मानी जाने वाली मुंबई लोकल ट्रेन में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. ट्रेन में सीट को लेकर हुए विवाद के दौरान एक यात्री की जान चली गई. आरोप है कि दूसरे यात्री ने उन्हें ट्रेन से धक्का दे दिया, जिससे गिरकर उनकी मौत हो गई.
दिव्यांग कोच में बहस के बाद वारदात
जानकारी के अनुसार, यह घटना चर्चगेट-बोरीवली लोकल ट्रेन के दिव्यांगजन (हैंडीकैप्ड) कोच में घटी. सीट पर बैठने को लेकर 62 वर्षीय दिव्यांग यात्री केजिटन पाल डेनिस पिरिस का एक अन्य यात्री के साथ विवाद हो गया. देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि आरोपी यात्री ने बुजुर्ग दिव्यांग को चलती ट्रेन से बाहर धक्का दे दिया. ट्रेन से गिरने के कारण पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तुरंत बांद्रा पश्चिम स्थित भाभा अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.
आरोपी के खिलाफ BNS के तहत मामला दर्ज
बुजुर्ग यात्री को धक्का देने वाले संदिग्ध आरोपी की पहचान 48 वर्षीय अमजद सफरुद्दीन शेख के रूप में हुई है. बांद्रा रेलवे पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
माहिम और बांद्रा स्टेशन के बीच घटी घटना
आरपीएफ पोस्ट बांद्रा (लोकल) MMCT डिवीजन के अनुसार, 20 अगस्त को दोपहर 13:22 बजे चर्चगेट-बोरीवली लोकल ट्रेन के दिव्यांगजन कोच से एक व्यक्ति को धक्का दिए जाने की सूचना मिली थी. घटना उस समय हुई जब ट्रेन माहिम और बांद्रा रेलवे स्टेशनों के बीच (किलोमीटर संख्या 14/03 के पास) गुजर रही थी.
उसी दौरान दिव्यांगजन कोच में सीट को लेकर दो लोगों के बीच कहासुनी हुई और आरोपी ने सांताक्रूज (ईस्ट), मुंबई के रहने वाले 62 वर्षीय दिव्यांग यात्री केजिटन पाल डेनिस पिरिस को बाहर धक्का दे दिया. ट्रैक पर गिरने से पीड़ित को बेहद गंभीर चोटें आईं. उन्हें दोपहर 14:45 बजे बांद्रा पश्चिम के भाभा अस्पताल भर्ती कराया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
गणेशोत्सव 2026: बॉम्बे हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, POP से बनीं गणेश मूर्तियों का विसर्जन कैसे-कहां होगा?
ये भी पढ़ें - मुंबई लोकल की 238 नई AC ट्रेन को रेलवे की मंजूरी, दादर, कुर्ला, कल्याण, घाटकोपर, पनवेल जानेवालों की मौज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं