- कटरा से अमृतसर, दिल्ली और देहरादून तक लगभग 950 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे कॉरिडोर से कनेक्टिविटी संभव होगी
- दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे, अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को जोड़कर बनेगा कॉरिडोर
- पांच राज्यों को जोड़ने वाला यह नेटवर्क पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से गुजरेगा
देशभर में कई हाइवे और एक्सप्रेसवे बन रहे हैं. इन एक्सप्रेसवे के जरिए राज्यों और शहरों की कनेक्टिविटी सुपरफास्ट और आसान हो रही है. सरकार देशभर के अलग-अलग एक्सप्रेसवे को भी आपस में जोड़कर नेटवर्क बना रही है. आज हम ऐसे ही एक एक्सप्रेसवे के नेटवर्क के बारे में बता रहे हैं, जो माता वैष्णो देवी के धाम कटरा को अमृतसर, दिल्ली होते हुए उत्तराखंड की राजधानी देहरादून तक जोड़ेगा. इस 'महाएक्सप्रेसवे' से उत्तर भारत के राज्यों का सफर बेहद आसान हो जाएगा. करीब 950 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर से कटरा से देहरादून का सफर महज 9 घंटे और दिल्ली से कटरा का सफर सिर्फ 6 घंटे में पूरा हो सकेगा.
तीन एक्सप्रेसवे को मिलाकर बनेगा कॉरिडोर
यह कॉरिडोर एक एक्सप्रेसवे से नहीं बल्कि दो बड़े एक्सप्रेसवे और एक लिंक रोड के जरिए तैयार होगा.
- दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे: इस एक्सप्रेसवे पर काम जारी है. इसका कुछ हिस्सा पहले से शुरू भी हो गया है. इस एक्सप्रेसवे के जरिए कटरा और अमृतसर से दिल्ली तक का सफर आसान होगा. यह एक्सप्रेसवे दिल्ली के पास अलीपुर तक बन रहा है.
- UER-II: अलीपुर के पास एक लिंक रोड अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (UER-II) के जरिए आगे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे तक की कनेक्टिविटी मिलेगी. यह यूपी के ट्रोनिका सिटी, बागपत और सहारनपुर की तरफ जाता है.
- दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे: UER-II आगे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से लिंक होगा. इस इंटर-कनेक्टिविटी के कारण पंजाब, हरियाणा या जम्मू से आने वाले वाहन बिना दिल्ली के ट्रैफिक में फंसे सीधे यूपी और उत्तराखंड की ओर बढ़ पाएंगे.
5 राज्यों की सुपरफास्ट कनेक्टिविटी
इस महा-कॉरिडोर की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह उत्तर भारत के 5 बड़े राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को आपस में कनेक्ट करेगा.
- दिल्ली: UER-II के जरिए आगे का सफर, एयरपोर्ट और अन्य हिस्सों की भी कनेक्टिविटी.
- हरियाणा: रोहतक, जींद, कैथल जैसे शहरों को जोड़ेगा.
- पंजाब: लुधियाना, जालंधर, अमृतसर और गुरदासपुर भी इस कॉरिडोर का हिस्सा होंगे.
- जम्मू-कश्मीर: दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे जम्मू और सांबा जैसे इलाकों को भी कनेक्ट करेगा.
- उत्तर प्रदेश: यह कॉरिडोर यूपी के बागपत, शामली और सहारनपुर जैसे जिलों से गुजरेगा.
- उत्तराखंड: यूपी के साथ उत्तराखंड की राजधानी देहरादून तक की कनेक्टिविटी मिलेगी.

दिल्ली के जाम का झंझट खत्म
फिलहाल पंजाब, हरियाणा या जम्मू से उत्तराखंड जाने वाले वाहनों को दिल्ली के कश्मीरी गेट या रिंग रोड के भारी जाम से जूझना पड़ता था. इस समस्या को हल करने के लिए NHAI दिल्ली के बॉर्डर पर अर्बन एक्सटेंशन रोड-II (UER-II) को लिंक रोड के रूप में इस्तेमाल कर रहा है. यह दिल्ली का तीसरा रिंग रोड होगा. इसके जरिए जम्मू या अमृतसर की तरफ से आने वाले वाहन बिना दिल्ली के ट्रैफिक में फंसे, सीधे बाईपास लिंक पकड़कर यूपी के शामली, बागपत और फिर वहां से सीधे देहरादून की ओर जा सकेंगे.
कितना बचेगा समय?
इस एक्सप्रेसवे नेटवर्क से राज्यों और शहरों की दूरी काफी कम हो जाएगी. अब तक दिल्ली से कटरा पहुंचने में जहां करीब 14 घंटे लग जाते हैं, नए एक्सप्रेसवे के बनने के बाद यह सफर घटकर महज 6 घंटे हो जाएगा. वहीं दिल्ली से अमृतसर 4 घंटे में पहुंचा जा सकेगा. इसके अलावा कटरा से देहरादून का सफर 8 से 9 घंटे में पूरा होगा, जहां फिलहाल 16-17 घंटे लग जाते हैं. वहीं अमृतसर से देहरादून 6 से 7 घंटे में पहुंचा जा सकेगा.
यह भी पढ़ें: 16 घंटे में दिल्ली से कोलकाता, लखनऊ, बनारस, रांची तक कनेक्टिविटी, 5 राज्यों को जोड़ने वाला 'सुपर एक्सप्रेसवे'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
