विज्ञापन

बिरयानी और तरबूज खाने के बाद एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत! पुलिस ने जांच के लिए भेजे सैंपल 

मुंबई के पायधुनी इलाके में संदिग्ध फूड पॉइजनिंग से एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. बताया जा रहा है कि परिवार ने बिरयानी खाने के बाद तरबूज खाया था, जिसके बाद सभी की तबीयत बिगड़ गई. जेजे अस्पताल में इलाज के दौरान चारों ने दम तोड़ दिया.

बिरयानी और तरबूज खाने के बाद एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत! पुलिस ने जांच के लिए भेजे सैंपल 
  • मुंबई के पायधुनी इलाके में एक परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध फूड पॉइजनिंग के बाद मौत हुई है.
  • परिवार ने रात में बिरयानी खाने के बाद तरबूज खाया था, जिससे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी.
  • चारों सदस्यों को जेजे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

Dies After Eating Biryani-Watermelon: मुंबई के पायधुनी इलाके से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध हालात में मौत हो गई. बताया जा रहा है कि परिवार ने रात में बिरयानी खाने के बाद तरबूज खाया था, जिसके बाद सभी की तबीयत अचानक बिगड़ गई. इलाज के दौरान चारों ने दम तोड़ दिया. इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है.

यह मामला मुंबई के पायधुनी क्षेत्र का है, जहां रविवार को संदिग्ध फूड पॉइजनिंग के कारण एक परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान 40 वर्षीय अब्दुल्ला अब्दुल कादर, उनकी पत्नी नसरीन (35) और उनकी दो बेटियां आयशा (16) और ज़ैनब (13) के रूप में हुई है. चारों की अचानक हुई मौत ने न सिर्फ परिवार, बल्कि पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया.

रिश्तेदारों के साथ हुआ था डिनर

पुलिस के अनुसार, 25 अप्रैल की रात अब्दुल्ला के घर पर डिनर रखा गया था. रात करीब 10:30 बजे परिवार के चारों सदस्य पांच रिश्तेदारों के साथ एक साथ खाना खाए थे. खाना खाकर रिश्तेदार अपने-अपने घर लौट गए. उस समय तक सब कुछ सामान्य नजर आ रहा था.

रात में तरबूज खाने के बाद बिगड़ी तबीयत

बताया गया कि रिश्तेदारों के जाने के बाद, परिवार के चारों सदस्यों ने रात करीब 1:00 से 1:30 बजे के बीच तरबूज खाया. इसके कुछ ही समय बाद सभी की तबीयत बिगड़ने लगी. पेट दर्द, उल्टी जैसे लक्षण सामने आए. पहले एक फैमिली डॉक्टर को दिखाया गया, लेकिन हालत लगातार गंभीर होती चली गई.

जेजे अस्पताल ले जाने पर भी नहीं बची जान

जब हालत ज्यादा खराब हुई तो चारों को इमरजेंसी में जेजे अस्पताल ले जाया गया. इलाज के दौरान सबसे छोटी बेटी ज़ैनब की रविवार सुबह करीब 10:15 बजे मौत हो गई. इसके बाद आयशा, नसरीन और आखिर में पिता अब्दुल्ला ने भी दम तोड़ दिया. अब्दुल्ला की मौत रात करीब 10:30 बजे हुई.

लोकल बिजनेसमैन थे अब्दुल्ला

जानकारी के मुताबिक, अब्दुल्ला अब्दुल कादर मुंबई में मोबाइल एक्सेसरीज की एक दुकान चलाते थे. वे अपने परिवार के साथ पायधुनी इलाके में रहते थे. अचानक पूरे परिवार की इस तरह मौत हो जाना सभी के लिए गहरे सदमे जैसा है.

पुलिस ने तरबूज का सैंपल जांच के लिए भेजा

मामले की गंभीरता को देखते हुए जेजे मार्ग पुलिस स्टेशन ने घटनास्थल से आधा कटा हुआ तरबूज बरामद कर उसे जांच के लिए भेजा है. पुलिस यह जानना चाहती है कि क्या तरबूज में कोई जहरीला पदार्थ, बैक्टीरिया या मिलावट थी, जो मौत की वजह बनी.

तीन अलग-अलग विभाग कर रहे जांच

इस मामले की जांच तीन स्तर पर की जा रही है.

  • FDA (खाद्य एवं औषधि प्रशासन) यह पता लगाएगा कि तरबूज या खाने में कोई बाहरी जहरीला पदार्थ या मिलावट तो नहीं थी.
  • जेजे अस्पताल का माइक्रोबायोलॉजी विभाग संक्रमण या बैक्टीरिया की जांच कर रहा है. साथ ही हिस्टोपैथोलॉजी टेस्ट से शरीर के ऊतकों की सूक्ष्म जांच की जा रही है.
  • FSL (फॉरेंसिक साइंस लैब) भोजन के नमूनों और विसरा रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों का मिलान करेगी.

अंतिम रिपोर्ट का इंतजार

चारों के पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, लेकिन मौत की असल वजह पर अंतिम निष्कर्ष हिस्टोपैथोलॉजी और अन्य मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा. फिलहाल जेजे मार्ग पुलिस ने एक्सीडेंटल डेथ का मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है. 

ये भी पढ़ें-

तरबूज खाने के बाद भूलकर भी नहीं खानी चाहिए ये 5 चीजें, सेहत को हो सकते हैं गंभीर नुकसान

शौक से खाते हैं तरबूज, तो जान लें इससे होने वाले नुकसान, इन लोगों को भूलकर भी नहीं खाना चाहिए

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com