केएल राहुल ने पंजाब किंग्स के खिलाफ 67 गेंदों में 152 रनों की पारी खेली थी, इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 227 का रहा. केएल राहुल की यह शतकीय पारी सिर्फ स्कोरबोर्ड की कहानी नहीं कहती, बल्कि यह उस बदलाव की झलक है, जो वो बीते कुछ समय से दिखा रहे हैं. लंबे समय तक केएल राहुल की टी20 में स्ट्राइक रेट को लेकर आलोचना होती रही, लेकिन अब यह विकेटकीपर बल्लेबाज एक नए अवतार में नजर आ रहा है-ज्यादा आक्रामक, ज्यादा आत्मविश्वासी और बिना किसी दबाव के खेलने वाले बल्लेबाज. हालांकि, सवाल अब भी बना हुआ है-इतनी शानदार फॉर्म और बड़ी पारियों के बावजूद टीम इंडिया में उनकी वापसी हो पाएगी?
IPL में तेवर दिखा रहे KL राहुल
अपने हालिया शतक में केएल राहुल ने शुरुआत से ही यह साफ कर दिया कि वह अब सिर्फ पारी संभालने के लिए नहीं, बल्कि मैच पर पकड़ बनाने के इरादे से मैदान में उतरे हैं. पावरप्ले में खुलकर शॉट खेलना, लेंथ पर तुरंत अटैक करना और फील्ड से ऊपर खेलने की हिम्मत—यह सब पहले केएल राहुल से अलग नजर आता है. सवाल उनके स्लो स्ट्राइक रेट को लेकर था, लेकिन पंजाब के खिलाफ शतक ने इस धारणा को तोड़ा दिया. राहुल ने यह साबित किया कि वह न सिर्फ लंबी पारी खेल सकते हैं, बल्कि जरूरत पड़ने पर तेजी से रन भी बना सकते हैं.

Photo Credit: Photo: IPL/X
मौजूदा सीजन में केएल राहुल ने 7 मैचों में 59.50 की औसत से 357 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 187.89 का है, जो किसी अन्य सीजन की तुलना में काफी अधिक है. पिछले सीजन भी इस बल्लेबाज ने 13 मैचों में 53.90 की औसत और 149.72 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए थे. जबकि 2024 में उन्होंने 14 मैचों में 136.13 की स्ट्राइक रेट और 37.14 की औसत से रन बनाए थे. टीम बदलने के बाद और कप्तानी की जिम्मेदारी से दूर रहने का असर साफ दिखा है. राहुल की बल्लेबाज़ी में एक अलग तरह की आज़ादी झलक रही है. उनकी बॉडी लैंग्वेज और शॉट सिलेक्शन यह बताता है कि वह अब खुद को साबित करने के दबाव से बाहर निकल चुके हैं.
फिर भी टीम इंडिया से दूर क्यों?
केएल राहुल भले ही आईपीएल में अपने बल्ले से आग उगल रहे हों, लेकिन उन्हें टीम इंडिया में जगह नहीं मिल रही है. चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट की सोच के अलावा प्रतिस्पर्धा के चलते भी इस खिलाड़ी की जगह नहीं बन पा रही है.

केएल ने भारत के लिए अपना आखिरी टी20 मुकाबला 2022 में खेला था. भारतीय टीम इस समय बल्लेबाज़ी के मामले में बेहद मजबूत है. टी20 टीम में पारी की शुरुआत संजू सैमसन कर रहे हैं. टीम मैनेजमेंट की सोच है कि टॉप ऑर्डर पर उन्हें एक आक्रमक विकेटकीपर चाहिए.
रेस में पिछड़ रहे केएल राहुल
केएल राहुल यहां फिट तो बैठते हैं, लेकिन इस रेस में ईशान किशन हैं, ध्रुव जुरेल भी चाल ठोक रहे हैं. इन दोनों के बाद टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल हैं. संजू अगर कोई गलती करेंगे तभी तो उन्हें बाहर किया जाएगा. लेकिन वह गलती कर नहीं रहे हैं और बीते टी20 वर्ल्ड कप में उन्होंने दिखाया था कि उन पर जो भरोसा किया गया था, वो गलत नहीं हैं. इसके अलावा केएल राहुल की उम्र भी एक फैक्टर है. केएल राहुल भले ही किसी भी पोजिशन पर खेलने वाले बल्लेबाज हैं, लेकिन टीम इंडिया में फिलहाल उनके लिए जगह नहीं है.
KL राहुल का मौजूदा फॉर्म यह साफ संकेत देता है कि वह अभी खत्म नहीं हुए हैं और क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में ज्यादा परिपक्व, खतरनाक और मैच जिताने की क्षमता रखने वाला बल्लेबाज़ है. अगर वह इसी तरह आईपीएल में निरंतर प्रदर्शन करते रहे और फिटनेस बनाए रखें, तो देखना काफी दिलचस्प होगा कि चयनकर्ता कितने देर तक उनके लिए दरवाज़े बंद रखते हैं.
यह भी पढ़ें: DC vs RCB, IPL 2026: विराट कोहली के निशाने पर मेगा रिकॉर्ड, 19 साल में ये कारनामा करने वाले होंगे पहले खिलाड़ी
यह भी पढ़ें: CSK Play off Equation: चेन्नई सुपर किंग्स को मिली 5वीं हार, अब कैसे करेगी प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई, जानें समीकरण
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं