- मुंबई और नवी मुंबई को जोड़ने वाला अटल सेतु पुल पर आत्महत्या के मामले बढ़ते जा रहे हैं
- पिछले 3 सालों में अटल सेतु पर आत्महत्या या कोशिश के 15 मामले सामने आए, जिनमें 12 की मौत हो गई
- लो टाइड के समय छलांग लगाने वाले तीन लोग दलदल में फंसे थे जिन्हें प्रशासन ने बचा लिया था
मुंबई और नवी मुंबई को जोड़ने वाला देश का सबसे लंबा समुद्री पुल 'अटल सेतु' सुसाइड पॉइंट बनता दिख रहा है. मुंबई से उरण तक के सफर को तेज और आसान बनाने के लिए बनाए गए अटल सेतु पर आत्महत्याओं के मामले बढ़ते जा रहे हैं. इसे लेकर सरकार ने आंकड़े जारी किए हैं. जिससे पता चलता है कि पिछले तीन सालों में अटल सेतु पर आत्महत्या की 15 घटनाएं सामने आई हैं, जिनमें 12 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं, लो टाइड के समय छलांग लगाने वाले 3 लोग दलदल में फंस गए थे, जिन्हें प्रशासन ने मशक्कत के बाद आखिरकार बचा लिया.
जाल लगाने का काम जल्द होगा पूरा
अटल सेतु पर 3 किलोमीटर के हिस्से में सुरक्षा जाल लगाने का काम अभी भी बाकी है. सरकार ने आश्वासन दिया है कि इस काम को तत्काल प्रभाव से पूरा किया जाएगा. इन बढ़ती घटनाओं की संख्या को बेहद चिंताजनक मानते हुए, प्रशासन ने कड़े कदम उठाने का भरोसा दिया है.सरकार ने आश्वासन दिया है कि भविष्य में अटल सेतु पर ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा जाल, निगरानी, रेस्क्यू सिस्टम और अन्य निवारक उपायों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा.
2024 से अब तक 12 लोगों ने की आत्महत्या
बता दें कि महाराष्ट्र विधान परिषद में सोमवार को एक मंत्री ने बताया कि साल 2024 से अब तक देश के सबसे लंबे समुद्री पुल 'अटल सेतु' से कूदकर आत्महत्या या इसकी कोशिश के 15 मामले सामने आए हैं, जिनमें से 12 लोगों की मौत हो चुकी है. सदन में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए उद्योग मंत्री उदय सामंत ने कहा कि इन 12 मृतकों में से चार लोगों के शव अब तक बरामद नहीं किए जा सके हैं.
कई लोगों के शव तक नहीं मिले
मंत्री ने बताया कि 2024 में अटल सेतु से छलांग लगाने की छह घटनाएं हुईं, इनमें चार लोगों की मौत हुई, जिनमें से दो के शव नहीं मिल पाए जबकि दो अन्य लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया. साल 2025 में भी ऐसी ही छह घटनाएं दर्ज की गई, जिनमें से पांच लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति को बचा लिया गया. 2026 में अब तक सामने आए तीन मामलों में तीनों लोगों की मौत हो चुकी है और दो लोगों के शवों का पता नहीं चल पाया है. सामंत ने कहा कि अटल सेतु पर लोगों की जान बचाने के उपायों का अध्ययन कर उन्हें लागू करने के लिए पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया जाएगा.
ये भी पढ़ें-केतन अग्रवाल केस में नया ड्रामा: खुली अदालत में मुकरी सिया गोयल, वकील ने भाई से मांगा ₹10 करोड़ का हर्जाना
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं