विज्ञापन

'मोदी उठ गए होंगे, वह सोते नहीं...' जब सुबह 6 बजे ट्रंप ने सर्जियो गोर से फोन लगाने को कहा

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप प्रधानमंत्री मोदी को अपना सच्चा दोस्त मानते हैं और भारत के साथ द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

'मोदी उठ गए होंगे, वह सोते नहीं...' जब सुबह 6 बजे ट्रंप ने सर्जियो गोर से फोन लगाने को कहा
PM मोदी को फोन लगाओ, उठ गए होंगे, वो मेरी तरह... ट्रंप
  • राष्‍ट्रपति ट्रंप, PM मोदी को अपना सच्चा दोस्त मानते हैं और उनके साथ गहरा व्यक्तिगत रिश्ता रखते हैं
  • ट्रंप भारत को बहुत सम्मान देते हैं और अपने पहले कार्यकाल में भारत की यात्रा को यादगार यात्राओं में गिनाते हैं
  • भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने बताया कि ट्रंप मोदी को काम में व्यस्त और हमेशा जागरूक व्यक्ति मानते हैं
वाशिंगटन:

"चलो प्रधानमंत्री मोदी को फोन करते हैं. इंडिया में अभी सुबह के 6 बजे होंगे, लेकिन वह उठ गए होंगे. वह मेरी तरह हैं, हर वक्‍त काम में व्‍य‍स्‍त रहते हैं, सोते नहीं हैं." अमेरिकी राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप ने एक बार सुबह 6 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात करने की इच्‍छा जताई, तो भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर हैरानी से देखने लगे. सर्जियो गोर की हैरानी पर राष्‍ट्रपति ट्रंप मुस्‍कुराए और बोले- अरे, वह उठ गए हैं. वह बिल्‍कुल मेरी तरह हैं, काम में लगे रहते हैं... सोते नहीं हैं. सर्जियो गोर ने कहा कि राष्‍ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री मोदी के बीच कुछ ऐसे ही संबंध हैं. ट्रंप, पीएम मोदी को अपना सच्‍चा दोस्‍त मानते हैं.      

राष्ट्रपति ट्रंप  करते हैं भारत का बहुत सम्मान

भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 'एक दोस्त' मानते हैं और नई दिल्ली के साथ सहयोग बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं. उन्होंने दोनों नेताओं के बीच के निजी संबंधों को द्विपक्षीय रिश्तों को आगे बढ़ाने में एक अहम भूमिका बताया. US-इंडिया स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फोरम (USISPF) लीडरशिप समिट में बोलते हुए, भारत में अमेरिकी राजदूत ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप भारत का बहुत सम्मान करते हैं और अक्सर देश में अपने अनुभवों का जिक्र करते हैं.

गोर ने कहा, 'अमेरिका भारत के साथ मिलकर काम करना चाहता है. हम इस रिश्ते को महत्व देते हैं. हमारे राष्ट्रपति भी इस रिश्ते को लेकर बहुत गंभीर हैं. मैं वीकेंड शुरू होने से ठीक पहले वॉशिंगटन में उनके साथ था और मुझे राष्ट्रपति के साथ लगभग दो घंटे बिताने का मौका मिला. भारत में मैंने जो कुछ भी देखा, उसे सुनकर वे बहुत प्रभावित हुए. भारत से जुड़ी उनकी यादें बहुत सुखद हैं. उनकी पिछली भारत यात्रा सबसे यादगार यात्राओं में से एक थी, जिसके बारे में वे आज भी बात करते हैं. वे भारत को बहुत पसंद करते हैं.'

अमेरिकी राजनयिक ने उम्मीद जताई कि राष्ट्रपति ट्रंप अपने दूसरे कार्यकाल के दौरान दोबारा भारत का दौरा करेंगे. उन्होंने कहा, 'मुझे उम्मीद है कि किसी न किसी समय... राष्ट्रपति दोबारा भारत आएंगे.'

'वह भी मेरी तरह हैं, सोते नहीं हैं'

पीएम मोदी और राष्‍ट्रपति ट्रंप के बीच आपसी तालमेल पर जोर देते हुए, सर्जियो गोर ने मियामी में हाल ही में हुए 'अल्टीमेट फाइटिंग चैंपियनशिप' (UFC) इवेंट के दौरान हुई एक बातचीत का जिक्र किया. उन्‍होंने बताया, 'कुछ महीने पहले... मैं मियामी में UFC इवेंट में राष्ट्रपति के साथ था. हम बैकस्टेज बैठे थे और उन्होंने मुझसे कहा- चलो प्रधानमंत्री मोदी को फोन करते हैं. मैंने कहा- सर, वहां सुबह के 6:00 बजे हैं. इस पर राष्‍ट्रपति ट्रंप ने कहा- वह जाग रहे होंगे. वह मेरी तरह ही हैं. वह भी सोते नहीं हैं.'

'ट्रंप सच में प्रधानमंत्री मोदी को मानते हैं दोस्त' 

फोन पर बातचीत को बाद में अगले दिन के लिए टाल दिया गया था, लेकिन गोर ने कहा कि इस घटना से ट्रंप और पीएम मोदी के बीच के रिश्ते की असल सच्चाई पता चलता है. उन्‍होंने कहा, 'इस घटना का सबसे अहम संदेश यह है कि जब आप किसी के दोस्त होते हैं, तो हर चीज पहले से तय करने की जरूरत नहीं होती. और राष्ट्रपति सच में प्रधानमंत्री को अपना दोस्त मानते हैं.' गोर ने बताया कि दोनों नेताओं के बीच का रिश्ता ट्रंप के पहले कार्यकाल से ही है और इससे व्यापक रणनीतिक साझेदारी को लगातार फायदा मिल रहा है.

ये भी पढ़ें :- ट्रंप को यौन हमले के केस में राहत नहीं, कोर्ट ने दोषी होने का फैसला नहीं बदला- 43 करोड़ भी देने होंगे

पहले कार्यकाल के समय से ही ट्रंप और पीएम मोदी के बीच गहरे और असरदार कामकाजी संबंध रहे हैं. इसकी झलक 2019 में ह्यूस्टन में हुए 'हाउडी मोदी' और 2020 में अहमदाबाद में हुए 'नमस्ते ट्रंप' जैसे बड़े सार्वजनिक कार्यक्रमों में भी दिखी. दोनों लोकतंत्रों के प्रतिनिधियों ने अक्सर इस खास व्यक्तिगत तालमेल का जिक्र किया है. इसे रक्षा, व्यापार, टेक्नोलॉजी और पूरे इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में सुरक्षा ढांचे से जुड़े साझा लक्ष्यों को आगे बढ़ाने में एक अहम प्रेरक शक्ति माना गया है.

ये भी पढ़ें :- अमेरिका और ईरान की आज दोहा में बैठक होगी या नहीं? अलग-अलग दावों से मीटिंग पर लटकी तलवार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
US President Donald Trump, PM Narendra Modi, US Ambassador To India, India US Relation
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com