विज्ञापन

मुलुंड मेट्रो साइट हादसा: SOP उल्लंघन के आरोप, 5 अधिकारी गिरफ्तार, कई पर करोड़ों का जुर्माना

मुंबई के मुलुंड में मेट्रो निर्माण के दौरान पैरापेट गिरने से एक व्यक्ति की मौत और तीन घायल हुए, MMRDA ने ठेकेदार पर जुर्माना लगाया और जांच के आदेश दिए.

मुलुंड मेट्रो साइट हादसा: SOP उल्लंघन के आरोप, 5 अधिकारी गिरफ्तार, कई पर करोड़ों का जुर्माना
पिलर के नीचे दबे वाहन
  • मुंबई के मुलुंड इलाके में निर्माणाधीन मेट्रो लाइन के पैरापेट गिरने से एक व्यक्ति की मौत और तीन घायल हुए हैं
  • पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार कर जांच तेज कर दी है, जिसमें ठेकेदार और अधिकारियों को शामिल किया गया है
  • महाराष्ट्र सरकार ने मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने और घायलों के इलाज का खर्च उठाने की घोषणा की है
मुंबई:

मुंबई के मुलुंड इलाके में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने मेट्रो निर्माण कार्य पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए. अंडर-कंस्ट्रक्शन मेट्रो लाइन के एक हिस्से का पैरापेट अचानक से गिर गया और इसके नीचे कई वाहन दब गए. इस हादसे में 46 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए. घटना के बाद पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है और जांच तेज कर दी गई है.

कैसे हुआ हादसा?

यह घटना एलबीएस रोड पर उस समय हुई जब मेट्रो 4 कॉरिडोर के एलिवेटेड हिस्से का एक पैरापेट सेगमेंट टूटकर नीचे गिर गया. नीचे से एक ऑटो रिक्शा और एक कार गुजर रही थी, जिन पर यह मलबा आ गिरा. ऑटो में पीछे बैठे रामधनी यादव (46) की मौके पर ही मौत हो गई. ऑटो चालक राजकुमार यादव (45) गंभीर रूप से घायल हैं और मुलुंड के एक अस्पताल में आईसीयू में भर्ती हैं. ऑटो में सवार महेंद्र प्रताप यादव (52) और कार चालक दीपा रुहिया (40) को भी चोटें आई हैं, हालांकि उनकी हालत स्थिर बताई गई है. 

ये भी पढ़ें : मुंबई में निर्माणाधीन मेट्रो पिलर गिरा, CM फडणवीस ने दिए जांच के आदेश, मुआवजे का भी ऐलान

सरकार का एक्शन और मुआवजा 

घटना के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मामले की गहन जांच के आदेश दिए. उन्होंने मृतक के परिजनों को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की. साथ ही यह भी कहा गया कि घायलों के इलाज का खर्च सरकार और MMRDA उठाएगी. इसके साथ ही एहतियात के तौर पर राज्यभर के ऐसे सभी निर्माण स्थलों का सेफ्टी ऑडिट कराने की भी बात कही गई है. 

MMRDA की कार्रवाई: भारी जुर्माना 

मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी यानी मुंबई मेट्रोपोलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी ने इस मामले में कड़ा कदम उठाते हुए ठेकेदार कंपनी रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर-Astaldi (RAJV) और उसके सब-कॉन्ट्रैक्टर मिलान रोड बिल्डटेक LLP पर ₹5 करोड़ का जुर्माना लगाया है.

परियोजना से जुड़े जनरल कंसल्टेंट कंसोर्टियम डीबी इंजीनियरिंग एंड कंसल्टिंग, हिल इंटरनेशनल इंकॉर्पोरेशन और Louis Berger Consulting Private Limited (DB Hill LBG) पर ₹1 करोड़ का जुर्माना लगाया गया है. संबंधित निर्माण स्थल पर फिलहाल काम अस्थायी रूप से रोक दिया गया है. MMRDA ने एक हाई-लेवल जांच समिति भी गठित की है, जो निर्माण पद्धति, गुणवत्ता नियंत्रण, निगरानी व्यवस्था और थर्ड-पार्टी ऑडिट प्रक्रिया की जांच करेगी.

ये भी पढ़ें : मुंबई में ऑटो पर गिरा मेट्रो स्लैब, पिचकी गाड़ी में फंसा युवक, मुलुंड का ये वीडियो डरा देगा

गिरफ्तारी और सस्पेंशन

पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें मिलान रोड बिल्डटेक के चार अधिकारी—प्रोजेक्ट डायरेक्टर, प्रोजेक्ट मैनेजर, डिप्टी प्रोजेक्ट मैनेजर और सुपरवाइजर शामिल हैं. Hill International Inc के प्रोजेक्ट मैनेजर को भी हिरासत में लिया गया है.

राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप

मुलुंड के बीजेपी विधायक मिहिर कोटेचा ने दावा किया कि साइट पर SOP का पालन ही नहीं हो रहा था और पहले भी लापरवाही की शिकायत की गई थी. उन्होंने कहा कि हाल ही में निरीक्षण के दौरान 55 से अधिक जगहों पर गंभीर खामियां पाई गई थीं और इस संबंध में कार्रवाई की सिफारिश की गई थी. हालांकि MMRDA अधिकारियों ने इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है.

मेट्रो प्रोजेक्ट्स में सुरक्षा को लेकर सवाल

यह हादसा सिर्फ एक निर्माण त्रुटि नहीं, बल्कि शहरी विकास परियोजनाओं में सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़ा करता है. जांच रिपोर्ट का इंतजार है, लेकिन फिलहाल एक परिवार ने अपना सदस्य खो दिया है और कई लोग अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं. मेयर रितु तावड़े ने कहा कि हाल ही में बनी इस सड़क पर बैरिकेडिंग होनी चाहिए थी, जो लापरवाही और ज़मीन पर सुरक्षा के नाकाफ़ी उपाय दिखाता है.

शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में इंफ्रास्ट्रक्चर साइट्स पर सेफ्टी स्टैंडर्ड्स की आलोचना की और सवाल उठाया कि क्या कॉन्ट्रैक्टर को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा. उन्होंने प्रोजेक्ट साइट पर बार-बार गलतियां करने और ठीक से बैरिकेडिंग न करने का आरोप लगाया. संजय राऊत ने कहा कि पूरी मुंबई बर्बाद हो गई है. ये सारे कॉन्ट्रैक्टर बाहर के हैं, इन्हें मुंबई का पता नहीं है.

हाई-लेवल जांच कमेटी और कार्रवाई

इस घटना के बाद, जहां हर तरफ से MMRDA की बुराई हो रही है, वहीं अब इस घटना की जांच के लिए MMRDA ने एक हाई-लेवल जांच कमेटी बनाई है. बसवराज एम. भद्रगोंड की अगुवाई वाली यह कमेटी कंस्ट्रक्शन के तरीकों, क्वालिटी कंट्रोल, मॉनिटरिंग सिस्टम और नियमों के पालन की जांच करेगी. कमेटी से डिटेल्ड रिपोर्ट मांगी गई है. MMRDA मृतकों के परिवारों को फाइनेंशियल मदद देगा. घायलों के इलाज का खर्च MMRDA उठाएगा. इस बीच, MMRDA ने मेट्रो 4 लाइन के पैकेज 10 के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर सत्यजीत साल्वे को सस्पेंड कर दिया है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mulund Metro Accident, Mumbai Metro Parapet Collapse, LBS Road Accident, Metro Line 4 Mishap, MMRDA Action, Mumbai Construction Accident, Mulund News, Metro Safety Audit, Contractor Fined
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com