विज्ञापन

मुंबई में निर्माणाधीन मेट्रो पिलर गिरा, CM फडणवीस ने दिए जांच के आदेश, मुआवजे का भी ऐलान

शनिवार को दोपहर करीब 12:20 बजे मेट्रो प्रोजेक्ट के कार्य के दौरान मुलुंड (वेस्ट) के एलबीएस रोड पर यह हादसा हुआ. मेट्रो पिलर के सीमेंट का एक बड़ा हिस्सा एक चलते हुए ऑटोरिक्शा पर गिर गया. हादसा इतना भयानक था कि ऑटोरिक्शा चकनाचूर हो गया.

मुंबई में निर्माणाधीन मेट्रो पिलर गिरा, CM फडणवीस ने दिए जांच के आदेश, मुआवजे का भी ऐलान
  • मुंबई में मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान स्लैब एक ऑटो रिक्शा और कार पर गिर गया जिससे एक व्यक्ति की मौत हुई.
  • CM फडणवीस ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिवार को आर्थिक सहायता और घायलों के इलाज का आश्वासन दिया.
  • हादसे में मृतक की पहचान रामधन यादव के रूप में हुई. 3 गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों का अस्पताल में इलाज चल रहा.
मुंबई:

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई के मुलुंड इलाके में हुए हादसे पर दुख जताया है. उन्होंने घटना की जांच के आदेश दिए हैं और पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक राहत की घोषणा की. महाराष्ट्र सीएमओ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "मुंबई के मुलुंड इलाके में मेट्रो कंस्ट्रक्शन स्लैब गिरने से हुए हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है और कई अन्य घायल हो गए हैं. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना पर दुख जताया है और घटना की जांच के आदेश दिए हैं."

पोस्ट में आगे कहा गया है, "राज्य सरकार मृतकों के परिवार वालों को 5 लाख रुपए की आर्थिक मदद देगी और घायलों के इलाज का खर्च राज्य सरकार उठाएगी. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घायलों के जल्दी ठीक होने की प्रार्थना की है."

डीसीपी मुंबई हेमराज सिंह राजपूत ने बताया कि मुलुंड की घटना को लेकर जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में उन्होंने कहा, "मेट्रो के निर्माणाधीन ब्रिज का एक कंक्रीट का पार्ट नीचे गिर गया. इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन व्यक्ति घायल हैं. तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है."

शनिवार को दोपहर करीब 12:20 बजे मेट्रो प्रोजेक्ट के कार्य के दौरान मुलुंड (वेस्ट) के एलबीएस रोड पर यह हादसा हुआ. मेट्रो पिलर के सीमेंट का एक बड़ा हिस्सा एक चलते हुए ऑटोरिक्शा पर गिर गया. हादसा इतना भयानक था कि ऑटोरिक्शा चकनाचूर हो गया. ऑटोरिक्शा के अलावा एक कार भी चपेट में आई. उसका आगे का दाहिना हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया.

सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड (एमएफबी), स्थानीय पुलिस, मेट्रो स्टाफ और नगर निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे. घायलों को 108 एम्बुलेंस से पास के हॉस्पिटल ले जाया गया. इस भयानक हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए, जिनमें से एक व्यक्ति की मौत हो गई. मृतक की पहचान रामधन यादव के रूप में हुई है, जबकि घायलों में राजकुमार इंद्रजीत यादव, महेंद्र प्रताप यादव और दीपा रूहिया शामिल हैं. राजकुमार इंद्रजीत यादव की स्थिति गंभीर बताई गई है.

पुलिस ने बताया कि दोपहर बाद एलबीएस रोड पर जॉनसन एंड जॉनसन फैक्टरी के पास गर्डर पुल की पैरापेट दीवार का एक स्लैब एक ऑटो रिक्शा और स्कोडा कार पर गिर गया, जिससे दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए.

दमकल विभाग के अधिकारी ने मृतक की पहचान रामधन यादव और घायलों की पहचान राजकुमार इंद्रजीत यादव (45), महेंद्र प्रताप यादव (52) और दीपा रुहिया (40) के रूप में की. अधिकारियों ने बताया कि राजकुमार की हालत गंभीर है और उसे पास के अस्पताल के गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कराया गया है, जबकि महेंद्र व दीपा की स्थिति स्थिर बताई गई है.

मुंबई महानगर क्षेत्रीय विकास प्राधिकरण ने बताया कि दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर ‘पियर-196' के पास, मुलुंड दमकल केंद्र के नजदीक दीवार का एक हिस्सा वहां से गुजर रहे ऑटो रिक्शा पर गिर गया. मेट्रो परियोजना की टीम बृह्नमुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) और आपदा प्रबंधन अधिकारियों के साथ मिलकर राहत कार्यों में जुटी है. इस हिस्से के ढहने के सटीक कारण का पता लगाने के लिए जांच जारी है.

दक्षिण-मध्य मुंबई के वडाला से पड़ोसी जिले ठाणे तक लाइन-चार का निर्माण किया जा रहा है और इसका बड़ा हिस्सा घाटकोपर, विक्रोली, भांडुप और मुलुंड जैसे क्षेत्रों को जोड़ने वाले एलबीएस रोड के ऊपर से गुजरता है. राज्य सरकार पर हमला करते हुए, शिवसेना (उबाठा) नेता आदित्य ठाकरे ने कहा कि पिछले साल भारी बारिश के दौरान एक दीवार गिर गई थी और नव-उद्घाटित मेट्रो लाइन 3 में पानी भर गया था.
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mumbai Accident, Mumbai Mulund Accident, Metro Construction Accident, Mumbai Metro Accident, Devendra Fadnavis
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com