- पंजाब के बठिंडा जिले के रामपुरा फूल इलाके में दो बच्चों की मौत के पीछे उनकी मां का हाथ पाया गया है
- पुलिस के अनुसार मां ने अपने प्रेम संबंधों में बाधा बन रहे दोनों बच्चों को चूहे मार दवा देकर मारा था
- 12 वर्षीय बेटी की संदिग्ध मौत के बाद कुछ दिन बाद 7 वर्षीय बेटे की भी मौत हो गई थी
पंजाब के बठिंडा जिले के रामपुरा फूल इलाके से दो मासूम बच्चों की रहस्यमयी मौत का मामले में अब खौफनाक खुलासा हुआ है.पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद दोनों बच्चों की मौत के पीछे उनकी ही मां का हाथ होने की पुष्टि की है. पुलिस का आरोप है कि मां ने अपने प्रेम संबंधों में बाधा बन रहे बेटे और बेटी को धीरे‑धीरे ‘चूहे मार दवा' देकर मौत के घाट उतारा. करीब 15 दिन पहले गांव में 12 साल की एक लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. परिवार ने बिना किसी शिकायत के उसका अंतिम संस्कार कर दिया था. मामला तब गंभीर हुआ जब शुक्रवार रात उसी लड़की के 7 वर्षीय भाई फतेहवीर की भी अचानक मौत हो गई. दो बच्चों की कम समय में हुई मौत से पूरे गांव में शक की लहर दौड़ गई.
शनिवार सुबह गांव के सरपंच और दर्जनों ग्रामीण फूल थाने पहुंचे और मांग की कि दोनों बच्चों की मौत की निष्पक्ष जांच की जाए. ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि उन्हें मां पर गहरा संदेह है, क्योंकि दोनों घटनाओं के दौरान घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था.
चौंकाने वाले हुए खुलासे
पुलिस ने जब शुरुआत से मामले को खंगाला तो कई चौंकाने वाली जानकारियां सामने आईं. जांच में सामने आया कि आरोपी महिला जस्सी कौर का पड़ोसी गांव महाराज के एक व्यक्ति के साथ कथित अवैध संबंध था. पुलिस का कहना है कि महिला इन संबंधों को आगे बढ़ाना चाहती थी, लेकिन दोनों बच्चे उसके लिए “बाधा” बन रहे थे.
जांच अधिकारियों का कहना है कि महिला ने पहले बेटी को धीरे‑धीरे ‘स्लो पॉयजन' यानी चूहे मार दवा दी. मौत को सामान्य बताकर परिवार ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया. इसके बाद कुछ दिनों बाद बेटे को भी उसी तरह जहर देकर मार दिया गया.
पुलिस ने क्या बताया?
एसपी (डी) जस्मीत सिंह के अनुसार, “प्रारंभिक जांच में मां की भूमिका की पुष्टि हुई है. दोनों बच्चों को अलग‑अलग दिनों में जहर दिया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है.” पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या इस अपराध में कोई और भी शामिल था या महिला ने यह सब अकेले किया. फिलहाल आरोपी मां को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. गांव में इस घटना के बाद से मातम और आक्रोश का माहौल है. पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच में और भी चौंकाने वाले खुलासे सामने आ सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं