विज्ञापन

भारत-पाक का मैच और दिन महाशिवरात्रि... 23 साल बाद टीम इंडिया फिर दोहराएगी जीत वाली हिस्ट्री!

भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप में बड़ा मुकाबला होने जा रहा है. ऐसे में 2003 का वो मैच याद करना भी जरूरी है, जब महाशिवरात्रि के दिन ही भारत और पाकिस्तान का मैच हुआ था.

भारत-पाक का मैच और दिन महाशिवरात्रि... 23 साल बाद टीम इंडिया फिर दोहराएगी जीत वाली हिस्ट्री!
नई दिल्ली:

शोएब अख्तर की आग उगलती गेंद और सचिन तेंदुलकर का अपर-कट... ये साल था 2003 का और मुकाबला था वर्ल्ड कप में भारत बनाम पाकिस्तान. अब आप सोच रहे होंगे कि आज 2026 में हम उस मैच की बात क्यों कर रहे हैं? उस मैच और आज के टी20 वर्ल्ड कप में भारत बनाम पाकिस्तान मैच का भगवान शिव से एक सीधा कनेक्शन है. इससे पहले कि कनेक्शन बताएं, आपको ये बता दें कि उस मैच में भारतीय टीम ने पाकिस्तानी गेंदबाजों की धुनाई करते हुए ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी. 

अब लौटते हैं कि आखिर इन दोनों मैच का भगवान शिव से कनेक्शन क्या है? दरअसल, 2003 का वो मैच 1 मार्च को खेला गया था और उस दिन भी महाशिवरात्रि थी. और आज 2026 के मैच वाले दिन भी महाशिवरात्रि है. 

23 साल पहले साउथ अफ्रीका के सेंचुरियन पार्क में खेले गए मैच में भारतीय टीम ने पाकिस्तान के बल्लेबाजों और फिर गेंदबाजों को तबीयत से धोया था. शुरुआती ओवरों में ही 2 विकेट झटकने के बाद पाकिस्तान की टीम को लगा था कि मैच अब उसकी मुट्ठी में आ गया है. लेकिन वह भूल गया था कि क्रीज पर क्रिकेट के गॉड कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर अभी भी मौजूद थे. उस मैच में सचिन तेंदुलकर ने 75 बॉल पर 98 रन बनाए थे. और आखिरकार भारत की टीम 6 विकेट से ये मुकाबला जीत गई थी.

पाकिस्तान की पहले बल्लेबाजी

भारत और पाकिस्तान जब भी क्रिकेट खेलते हैं तो टेंशन होना लाजिमी है. इस मैच से पहले भी जबरदस्त टेंशन था. वर्ल्ड कप में टीम इंडिया अपने तीन मैच पहले ही हार चुकी थी. फैंस नाराज थे. और अब मुकाबला पाकिस्तान से होने वाला था. पाकिस्तानी गेंदबाज शोएब अख्तर ने दावा किया कि वह भारत के टॉप-ऑर्डर पर बहुत बड़ा हमला करेंगे.

आखिरकार 1 मार्च 2003 को महाशिवरात्रि के दिन भारत और पाकिस्तान के बीच सेंचुरियन पार्क स्टेडियम में मैच शुरू हुआ. इसे भारत और पाकिस्तान का महामुकाबला ही कहेंगे कि महाशिवरात्रि होने के बावजूद सड़कों पर सन्नाटा था. 

पाकिस्तान की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी. 58 रन पर तौफिक उमर का विकेट गिरा. उसके बाद 100 रन के अंदर अब्दुल रज्जाक और इंजमाम उल-हक भी आउट हो गए. लेकिन क्रीज पर मोहम्मद युसुफ और सईद अनवर टिके रहे. अनवर ने 101 रन की शतकीय पारी खेली. 50 ओवरों में पाकिस्तान की टीम ने 7 विकेट खोकर 273 रन बनाए. 

भारत की खराब शुरुआत, फिर चला सचिन का बल्ला

उस समय 274 रन का टारगेट कम नहीं होता था. पाकिस्तान के पास शोएब अख्तर जैसे तेज गेंदबाज थे. 274 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने पहला विकेट 53 रन पर गंवा दिया. वीरेंद्र सहवाग 21 रन बनाकर आउट हो गए. अगली ही गेंद पर कप्तान सौरव गांगुली भी पवैलियन लौट गए.

पाकिस्तानी गेंदबाजों ने भारतीय बल्लेबाजों को परेशान कर दिया था. लेकिन क्रीज पर अभी सचिन तेंदुलकर थे और उम्मीद भी. पाकिस्तानी गेंदबाजों ने भले ही बाकी भारतीय बल्लेबाजों को परेशान किया हो, लेकिन सचिन के आगे उनकी एक न चली. पारी के दूसरे ही ओवर में शोएब अख्तर की गेंद पर थर्ड मैन के ऊपर एक जोरदार अपर-कट लगाते हुए छक्का मारा. सचिन का वह शॉट आज भी फैंस को खड़ा कर देता है. 12 चौकों और उस एक छक्के की मदद से सचिन तेंदुलकर ने 75 गेंदों पर 98 रनों की पारी खेली. 

सचिन तेंदुलकर शोएब अख्तर की गेंद पर ही आउट हो गए. उनके बाद राहुल द्रविड़ और युवराज सिंह ने पारी को संभाला. राहुल द्रविड़ ने 44 और युवराज ने 50 रनों की पारी खेली. दोनों मैच को आखिर तक ले गए और 26 गेंद बाकी रहते भारत को रोमांचक जीत दिलाई.

सचिन बने 'मैन ऑफ द मैच'

वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की ये लगातार चौथी जीत थी. उस मैच में सचिन तेंदुलकर ने गेम चेंजिंग पारी खेली. सचिन तेंदुलकर को 'मैन ऑफ द मैच' मिला. 

ये भी पढ़ें-- IND vs PAK: बाबर आजम और उस्मान तारिक को शायद ही भारत के खिलाफ पाक प्लेइंग 11 में मिले मौका! जानें क्यों

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com