- दिल्ली में AI Impact Summit 2026 के लिए 16 से 20 फरवरी तक उच्च स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है
- 20 देशों के नेता और प्रमुख टेक कंपनियों के 35 से 40 प्रतिनिधि इस वैश्विक सम्मेलन में शामिल होंगे
- सुरक्षा के लिए 10,000 पुलिसकर्मी और अर्धसैनिक बल तैनात किए गए हैं, साथ ही 10 ज़ोन और 22 सेक्टर बनाए गए हैं
दिल्ली इस हफ्ते दुनिया के शीर्ष टेक लीडर्स और नेताओं की मेज़बानी के लिए पूरी तरह तैयार है. 16 से 20 फरवरी तक भारत मंडपम में होने वाले AI Impact Summit 2026 के लिए राजधानी को हाईटेक सुरक्षा कवच में बदल दिया गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर 20 देशों के नेता और दुनिया की दिग्गज टेक कंपनियों के प्रमुख दिल्ली पहुंचेंगे. इस बार समिट की थीम है “सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय”, यानी तकनीक सबके भले के लिए.
ओपनएआई के सैम ऑल्टमैन, माइक्रोसॉफ्ट, अमेज़न, नेटफ्लिक्स, जूम सहित 35–40 बड़ी टेक कंपनियों के प्रतिनिधि इस वैश्विक सम्मेलन में शामिल होंगे. ऐसे में दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह डिजिटल और AI‑इनेबल्ड बना दिया है.
राजधानी में हाईटेक सुरक्षा तैनात
पूरा क्षेत्र 10 ज़ोन और 22 सेक्टर में बांटा गया है. करीब 10,000 पुलिसकर्मी और अर्धसैनिक बल के जवान तैनात रहेंगे. DCP और ACP स्तर के अधिकारी स्वयं निगरानी कर रहे हैं. सुरक्षा संचार के लिए 250 वायरलेस सेट, 3,000 लाइट बार और उच्च स्तरीय कंट्रोल सिस्टम तैयार किया गया है.
20–25 एंटी‑सबोटाज टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन कर रही हैं.
भारत मंडपम के अंदर 5 एंटी‑ड्रोन सिस्टम और 4 एयर डिफेंस गन तैनात हैं ताकि किसी भी हवाई खतरे को तुरंत निष्क्रिय किया जा सके.
AI और FRS से लैस निगरानी
- नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (NDMC) का Integrated Command and Control Center (ICCC) पूरे ऑपरेशन को मॉनिटर कर रहा है.
- NDMC, दिल्ली पुलिस और PWD के 730 CCTV कैमरे सीधे कंट्रोल रूम से जुड़े हैं. इनमें से 500 से ज्यादा कैमरे AI आधारित FRS (Facial Recognition System) से लैस हैं, जो संदिग्ध हरकतों और चेहरों को तुरंत पहचान लेते हैं.
- इलाके में तैनात 350+ AI कैमरे VIP मूवमेंट, भीड़ और ट्रैफिक की स्थिति का रियल टाइम विश्लेषण कर रहे हैं. वीवीआईपी मूवमेंट के लिए एक अलग हॉटलाइन भी बनाई गई है.
- सफाई और सर्विस से जुड़ी गाड़ियों में GPS लगाया गया है. रूट से हटते ही सिस्टम अलर्ट भेज देगा.
- इसी के साथ NDMC ने 959 RFID‑सक्षम स्मार्ट डस्टबिन लगाए हैं ताकि कचरा न जमा हो और सतर्कता बनी रहे.
विदेशी मेहमानों के लिए विशेष इंतजाम
दिल्ली के जिन 10 होटलों में विदेशी मेहमान रुकेंगे, उनकी सुरक्षा DCP स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है. हर होटल पर 100 जवान तैनात रहेंगे. दिल्ली पुलिस और NDMC ने संयुक्त रूप से 24×7 सुरक्षा प्रबंधन तैयार किया है. 2023 में ब्रिटेन, 2024 में दक्षिण कोरिया और 2025 में पेरिस के बाद अब दिल्ली इस वैश्विक AI समिट की मेजबानी कर रही है और राजधानी पूरी तरह तैयार है.
ये भी पढ़ें: - अजित पवार विमान हादसे का नया फुटेज आया सामने, क्रैश के बाद मलबे में हुआ था विस्फोट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं