विज्ञापन

महाराष्ट्र में अक्कलकोट दर्शन के लिए निकले परिवार की कार कंटेनर से भिड़ी, 8 साल के बच्चे समेत 3 की मौत

महाराष्ट्र के सोलापुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई. अक्कलकोट दर्शन के लिए जा रही कार कंटेनर से टकरा गई.

महाराष्ट्र में अक्कलकोट दर्शन के लिए निकले परिवार की कार कंटेनर से भिड़ी, 8 साल के बच्चे समेत 3 की मौत
महाराष्ट्र में एक परिवार जोरदार एक्सीडेंट में उजड़ गया.

महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई. हादसा मोहोल तालुका के शेटफल और तेलंगवाड़ी गांव के बीच हुआ, जहां एक कार की कंटेनर से जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.

8 साल के बच्चे समेत तीन लोगों की मौत

हादसे में जान गंवाने वालों में 8 वर्षीय पार्थ तुषार भारंबे, 66 वर्षीय विलास चांगु भारंबे और 63 वर्षीय शोभा विलास भारंबे शामिल हैं. तीनों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस व राहत टीम को सूचना दी.

पति-पत्नी की हालत गंभीर

हादसे में तुषार विलास भारंबे और उनकी पत्नी पूनम तुषार भारंबे गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों को तत्काल नजदीकी सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है.

कल्याण से अक्कलकोट दर्शन के लिए निकला था परिवार

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भारंबे परिवार शुक्रवार सुबह कल्याण से अक्कलकोट दर्शन के लिए रवाना हुआ था. यात्रा के दौरान दोपहर करीब 3 बजे उनकी कार शेटफल और तेलंगवाड़ी गांव के बीच पहुंची, तभी सामने से आ रहे कंटेनर से उसकी टक्कर हो गई.

हादसे की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार और टक्कर की तीव्रता के कारण बड़ा नुकसान हुआ. इस हादसे ने एक परिवार की खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया. परिवार धार्मिक यात्रा पर निकला था, लेकिन रास्ते में हुए इस भीषण हादसे ने तीन जिंदगियां छीन लीं और दो लोगों को जिंदगी की जंग लड़ने पर मजबूर कर दिया.

यह भी पढ़ें | महाराष्ट्र की सियासत में फिर हलचल, शरद पवार से हॉस्पिटल में मिले प्रफुल्ल पटेल, क्या फिर NCP में होगा बदलाव?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Maharashtra News, Solapur Accident, Maharashtra Accident
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com