- एक लाख सूखाग्रस्त किसानों को ऑटो रिक्शा दिए जाएंगे.
- किसानों के लिए महाराष्ट्र सरकार की नई योजना की तैयारी.
- 2027 से 2031 के बीच एक लाख ऑटो-रिक्शा वितरित होंगे.
Farmer Auto Scheme: लगातार अनियमित बारिश, बढ़ती खेती की लागत और फसलों से अनिश्चित कमाई के बीच सूखा प्रभावित इलाकों के किसानों को अतिरिक्त आय का साधन देने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने बड़ी योजना की घोषणा की है. राज्य सरकार के अनुसार, साल 2027 से 2031 के बीच पांच वर्षों में सूखाग्रस्त क्षेत्रों के छोटे और सीमांत किसानों को एक लाख पैसेंजर ऑटो-रिक्शा वितरित किए जाएंगे.
क्या है महाराष्ट्र सरकार की योजना
मंत्री प्रताप सरनाइक के हवाले से सामने आई जानकारी के मुताबिक, यह योजना 310 से अधिक सूखा प्रभावित तालुकों में लागू की जाएगी. वाहन की लागत और वित्तीय सहायता का ढांचा तय किया गया है. इसके तहत ऑटो-रिक्शा की कुल लागत का 90 प्रतिशत हिस्सा राष्ट्रीयकृत या अनुसूचित बैंकों या अन्य वित्तीय संस्थानों से लोन के रूप में उपलब्ध कराया जाएगा. बाकी 10 प्रतिशत राशि योजना को लागू करने वाले कल्याण बोर्ड द्वारा वित्तीय सहायता के रूप में दी जाएगी.
कब होगा ऑटो रिक्शा का वितरण
सरकार ने चरणबद्ध तरीके से लाभार्थियों तक वाहन पहुंचाने की योजना बनाई है. इसके तहत पहले लाभार्थियों को 9 फरवरी को ऑटो-रिक्शा की चाबियां सौंपी जा सकती हैं, इस दिन उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे का जन्मदिन भी है. योजना के पहले वर्ष में 20000 पात्र किसानों को ऑटो रिक्शा उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है.
सरकार के अनुसार, खेती से होने वाली अस्थिर आय के विकल्प के रूप में यह योजना सूखा प्रभावित परिवारों को नियमित आमदनी का जरिया देने के उद्देश्य से यह योजना लाई जा रही है.
यह भी पढ़ें | महाराष्ट्र में सौर ऊर्जा से चौबीसों घंटे बिजली देने की तैयारी! नया मॉडल दूसरे राज्यों के लिए भी बना मिसाल
यह भी पढ़ें | किसानों को ट्रैक्टर खरीद पर 3 लाख रुपये की सब्सिडी मिलेगी, हरियाणा सरकार का फैसला, 15 दिसंबर तक करें आवेदन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं