विज्ञापन

दिल्ली में 8वीं का छात्र की हत्या, कबूतर उड़ाने को लेकर हुआ था विवाद, घर से खेलने निकला लौटकर नहीं पहुंचा

दिल्ली में 8वीं के छात्र की हत्या का मामला सामने आया है. पूर्वी दिल्ली के कोटला गांव में 14 साल के पवन प्रेमचंद की पुरानी रंजिश को लेकर हत्या कर दी गई. घटना में दो नाबालिगों को पकड़ा गया है.

दिल्ली में 8वीं का छात्र की हत्या, कबूतर उड़ाने को लेकर हुआ था विवाद, घर से खेलने निकला लौटकर नहीं पहुंचा
पूर्वी दिल्ली में 8वीं के छात्र की हत्या (फोटो:NDTV)
  • दिल्ली के कोटला गांव में 14 साल के छात्र की कबूतर उड़ाने के विवाद के कारण चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई है.
  • पवन राजकीय सर्वोदय बाल विद्यालय में आठवीं कक्षा का छात्र था और घटना पांडव नगर थाना क्षेत्र की बताई गई है.
  • पुलिस ने हत्या के आरोप में दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया है, जो पवन के सहपाठी और उसके साथियों में से हैं.
नई दिल्ली:

दिल्ली के कोटला गांव में 14 साल के नाबालिग छात्र की हत्या का मामला सामने आया है. यह इलाका पूर्वी दिल्ली में आता है. मृतक का नाम पवन प्रेमचंद था, जो राजकीय सर्वोदय बाल विद्यालय में आठवीं कक्षा का छात्र था. घटना पांडव नगर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है, पुलिस के मुताबिक पुराने विवाद को लेकर पवन की हत्या हुई है, इस घटना में 2 नाबालिगों को पकड़ा गया है, जिन पर चाकू से हमला कर पवन की हत्या का आरोप है, पुलिस ने बताया कि कबूतर उड़ाने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद यह मामला बढ़ता गया. शनिवार को जब पवन घर से खेलने के लिए निकला था, तब यह घटना हुई.

शनिवार शाम की घटना

परिवार ने बताया कि शनिवार को पवन स्कूल गया था. शाम करीब 6 बजे वह स्कूल से घर लौटा था. कपड़े बदलकर वह घर के बाहर गली में खेलने के लिए निकला था. घरवालों को लगा कि वह रोज की तरह खेलकर थोड़ी देर में लौट आएगा, लेकिन रात करीब 8 बजे पड़ोसियों ने आकर परिवार को सूचना दी कि पवन पर हमला हुआ है. जब परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तो देखा कि पवन गले, कंधे, कमर, पेट और शरीर के अन्य हिस्सों पर चाकू के घावों के साथ जख्मी हालत में नाली में पड़ा था. रिपोर्ट के मुताबिक आरोपियों ने उस पर चाकू से चार बार वार किए थे. परिजन तुरंत उसे लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पवन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, उसकी मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है. 

4-5 दिन पहले हुए था विवाद

पुलिस सूत्रों के मुताबिक घटना से 4-5 दिन पहले पवन और आरोपियों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था. उसी पुराने विवाद के कारण शनिवार को यह हमला किया गया. जांच में पता चला है कि वारदात को अंजाम देने वाला एक आरोपी मृतक के स्कूल का सहपाठी है. आशंका है कि उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया. शुरुआती रिपोर्ट में तीन नाबालिगों पर शक जताया गया था, हालांकि पुलिस ने अब तक दो किशोरों को पकड़ा है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की असली वजह क्या थी और क्या इस वारदात में अन्य लोग भी शामिल थे. शुरुआत में मामला कबूतर उड़ाने का बताया जा रहा है. 

ये वीडियो भी देखिए

परिवार के मुताबिक पवन को कबूतर पालने का शौक था. वह घर की छत पर कबूतर पालता था और सुबह-शाम उन्हें उड़ाता था. पवन की नानी गायत्री ने बताया कि कबूतर उड़ाने को लेकर ही उसका कुछ लोगों से विवाद चल रहा था. परिजनों का आरोप है कि इसी पुराने विवाद के कारण उसकी हत्या की गई है.

पांडव नगर पुलिस की कार्रवाई 

सूचना मिलने पर पांडव नगर थाना पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर इलाके की सीसीटीवी फुटेज जब्त की है, जिसमें दोनों आरोपी कथित तौर पर दिखाई दे रहे हैं. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है. पकड़े गए दोनों नाबालिगों से पूछताछ की जा रही है. पवन अपने परिवार के साथ कोटला गांव में रहता था। परिवार में पिता धर्मेंद्र, मां और दो बहनें हैं। पिता राजमिस्त्री का काम करते हैं. पवन इलाके के एक सरकारी स्कूल में 8वीं कक्षा में पढ़ता था. 

ये भी पढ़ेंः दिल्ली में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों का फोटो भेजकर हर महीने 50000 कमाने का मौका, जानें कैसे काम करता है प्रहरी ऐप

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi News, Delhi Crime, Delhi Student Murder, Delhi Murder, Delhi Today News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com