- बंगाल मदरसा शिक्षा बोर्ड ने सभी मान्यता प्राप्त मदरसों को रविवार को साप्ताहिक अवकाश रखने का निर्देश दिया
- पहले मदरसों में शुक्रवार को छुट्टी होती थी ताकि जुमे की सामूहिक नमाज में शामिल होने की सुविधा मिल सके
- मदरसों में शुक्रवार की छुट्टी के कारण रविवार को पढ़ाई का इंतजाम किया जाता था ताकि शैक्षणिक दिन पूरे हों
पश्चिम बंगाल के मदरसों में शुक्रवार की साप्ताहिक छुट्टी की दशकों पुरानी परंपरा खत्म कर दी गई है. बंगाल में मदरसों की साप्ताहिक छुट्टी को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है. पश्चिम बंगाल मदरसा शिक्षा बोर्ड ने राज्य के सभी सरकारी मान्यता प्राप्त मदरसों को शुक्रवार के बजाय रविवार को साप्ताहिक अवकाश रखने का निर्देश दिया है. बोर्ड के आदेश के मुताबिक, अब मदरसों में रविवार को ही नियमित साप्ताहिक छुट्टी होगी. इसके अलावा सप्ताह के किसी अन्य कार्यदिवस में नियमित साप्ताहिक अवकाश रखने की परंपरा तत्काल प्रभाव से बंद करने को कहा गया है.
मदरसों में क्यों होती थी शुक्रवार को छुट्टी?
बंगाल में सरकार बदली, तो अब पुराने नियम भी बदल रहे हैं. दरअसल, पश्चिम बंगाल के कई मदरसों में दशकों से शुक्रवार को साप्ताहिक छुट्टी रखने की परंपरा रही है. इसके पीछे मुख्य वजह जुमे की सामूहिक नमाज में शामिल होने की सुविधा देना था. शुक्रवार को छुट्टी होने के कारण मदरसे रविवार को भी खुले रहते थे, ताकि पढ़ाई के दिनों की भरपाई की जा सके. हालांकि, देशभर के स्कूल-कॉलेजों में रविवार को ही साप्ताहिक अवकाश होगा है. ऐसे में यही पैटर्न अब मदरसों में भी लागू करने के आदेश दिये गए हैं.
अब मदरसा शिक्षा बोर्ड के नए निर्देश के बाद इस व्यवस्था में बदलाव होगा. राज्य के सभी मान्यता प्राप्त मदरसों को रविवार को बंद रखने और शुक्रवार समेत सप्ताह के अन्य दिनों में सामान्य रूप से शैक्षणिक गतिविधियां चलाने का निर्देश दिया गया है. राज्य में हजारों मान्यता प्राप्त मदरसे हैं, जहां लाखों छात्र पढ़ते हैं. ऐसे में यह आदेश बड़ी संख्या में छात्रों और शिक्षकों को प्रभावित करेगा. बोर्ड ने सभी मदरसा प्रधानों को आदेश का सख्ती से पालन करने को कहा है. अगर कोई मदरसा आदेश का पालन नहीं करता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई भी हो सकती है.
शुक्रवार को छात्रों को नमाज के लिए दिया जाएगा समय
मदरसा बोर्ड ने साफ किया है कि शुक्रवार को अब सामान्य कक्षाएं चलेंगी, लेकिन छात्रों को नमाज के लिए जरूरी समय दिया जाएगा. बोर्ड का कहना है कि धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए पढ़ाई में कोई बाधा नहीं आने दी जाएगी. मदरसा प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि वो शुक्रवार की नमाज के समय को ध्यान में रखते हुए टाइम टेबल में बदलाव करें, ताकि छात्र आसानी से नमाज अदा कर सकें.
बोर्ड का कहना है कि इस बदलाव का मकसद शिक्षा व्यवस्था में एकरूपता लाना है. जब राज्य के सभी सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूल, कॉलेज रविवार को बंद रहते हैं, तो मदरसे भी उसी व्यवस्था का हिस्सा बनें. इससे बोर्ड की परीक्षाओं, छुट्टियों के कैलेंडर, शिक्षकों की ट्रेनिंग और प्रशासनिक कामकाज में भी आसानी होगी. एक ही छुट्टी का पैटर्न होने से मदरसा छात्रों को भी मुख्यधारा की शिक्षा व्यवस्था से जुड़ने में सुविधा होगी.
ये भी पढ़ें:- आज जो मस्जिदें शहीद की जा रहीं, उनमें फिर गूंजेगा अल्लाहू अकबर; क्या-क्या बोल गए मौलाना अरशद मदनी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं