- सूरत में 4 लोगों ने परिवार के सदस्यों को नहर में फेंक दिया.
- पुलिस ने नहर से तीन शव बरामद किए हैं.
- 13 साल के किशोर ने पाइप के सहारे जान बचाई और मामले का खुलासा किया.
गुजरात के सूरत में एक परिवार के 6 लोगों को नहर में फेंके जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. नहर से माता-पिता सहित 3 लोगों के शव बरामद हुए हैं, 13 साल के किशोर की जान बच गई है, जबकि 2 बच्चे अब भी लापता हैं. घटना की गंभीरता को देखते हुए सूरत ग्रामीण पुलिस ने हत्या की आशंका के तहत जांच शुरू की है. पूरे मामले की तह तक पहुंचने, आरोपियों को गिरफ्तार करने और लापता दोनों बच्चों का पता लगाने के लिए पुलिस ने आठ टीमें गठित की हैं. फिलहाल, पुलिस की जांच और नहर में तलाश अभियान लगातार जारी है.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, सूरत जिले के बारडोली तालुका के उवा गांव के पास से गुजरने वाली नहर में एक ही परिवार के 6 सदस्यों को कथित तौर पर जिंदा फेंकने की बेहद गंभीर और सनसनीखेज घटना सामने आई है. इस घटना में महुवा के पास स्थित नहर से माता-पिता सहित तीन लोगों के शव बरामद हुए हैं, जबकि 13 वर्षीय किशोर की जान चमत्कारिक रूप से बच गई. वहीं, परिवार के दो बच्चे अब भी लापता हैं, जिससे पूरे मामले में कई सवाल खड़े हो रहे हैं.
रास्ते में रोकी कार और वारदात को दिया अंजाम...
परिवार की कार जब बारडोली के उवा नहर के पास पहुंची, तभी दूसरी कार में सवार चार लोगों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया. आरोप है कि इसके बाद सभी को कार से नीचे उतारकर नहर के गहरे पानी में फेंक दिया गया.
इस घटना के दौरान नहर में गिरे 13 साल के किशोर के हाथ में वहां मौजूद एक पाइप आ गया, जिसके सहारे वह किसी तरह बाहर निकलने में कामयाब रहा. इसके बाद, किशोर पास के एक होटल पहुंचा और वहां लोगों को पूरी घटना की जानकारी देकर पुलिस से संपर्क किया.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने नहर में तलाशी अभियान शुरू कर दिया. इस दौरान महुवा तालुका के डुंगरी के पास उकाई-काकरापार लेफ्ट बैंक नहर से एक पुरुष, एक महिला और एक युवती सहित कुल तीन शव बरामद किए गए.
जांच में सामने आया है कि कविता पाटिल के पहले पति के निधन के बाद वह नितिन उर्फ भूरिया पाटिल के साथ रह रही थीं. वहीं, इस घटना में परिवार के दो बच्चे अब भी लापता हैं. उनकी तलाश के लिए पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें लगातार नहर में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं.
आखिर आरोपियों की परिवार से ऐसी क्या दुश्मनी थी कि पूरे परिवार को निशाना बनाया गया? चारों आरोपी कथित तौर पर परिवार के सदस्यों को नहर में फेंकने के बाद मौके से फरार हो गए. अब यह पूरे मामले की जांच का अहम पहलू बना हुआ है.
इस मामले में खंडियो, आभो, बंटी और एक अज्ञात शख्स सहित कुल चार लोगों के खिलाफ बारडोली ग्रामीण पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है.
यह भी पढ़ें | सूरत के पास वंदे भारत एक्सप्रेस का शीशा टूटा, यात्रियों में मची घबराहट; 10 दिन के अंदर दूसरी घटना
यह भी पढ़ें | बुलेट ट्रेन ने आज बना दिया रिकॉर्ड, मुंबई-अहमदाबाद कॉरिडोर के पहले रूट में सूरत से बिलिमोरा तक दौड़ी बिजली
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं