Diesel Crisis in Maharashtra: मानसून से ठीक पहले खरीफ सीजन की तैयारी के समय महाराष्ट्र के मराठवाडा ग्रामीण इलाकों में डीजल की भारी किल्लत हो गई है. छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) सहित पूरे क्षेत्र में ईंधन की सप्लाई पूरी तरह चरमरा गई है, जिससे किसानों के जुताई और बुआई के काम ठप हो गए हैं. ईंधन के दाम बढ़ने के साथ अब यह स्थिति दिन-ब-दिन और भी चिंताजनक होती जा रही है. छत्रपति संभाजीनगर से महज 30 किलोमीटर दूर स्थित सांजखेड़ा गांव के किसान रामदास चवली की दास्तान इस कड़वी हकीकत का बड़ा सबूत है.
रामदास के पास तीन एकड़ खेती है. इन दिनों खरीफ सीजन की पूर्व तैयारी के लिए उन्होंने ट्रैक्टर से खेतों की जुताई शुरू की थी, लेकिन खेत में काम चल ही रहा था कि अचानक ट्रैक्टर का डीजल खत्म हो गया और काम बीच में ही रुक गया. इसके बाद डीजल पाने के लिए रामदास चवली ने दोपहर बाद एक-एक कर पांच पेट्रोल पंपों के चक्कर काटे, लेकिन हर जगह 'नो स्टॉक' का बोर्ड लटका मिला. पांच पंपों पर भटकने के बाद आखिरकार छठे पेट्रोल पंप पर जब डीजल का टैंकर आता दिखा, तब जाकर चवली ने तुरंत लाइन लगाई.
दोपहर 4 बजे से भटकते रहे रामदास
दोपहर 4 बजे से डीजल के लिए दर-दर भटक रहे किसान रामदास चवली को करीब सात घंटे के लंबे इंतजार के बाद, रात 11 बजकर 43 मिनट पर डीजल मिल सका. अपनी मेहनत की कमाई से यह ईंधन खरीदकर वे रात 12 बजे खेत पहुंचे और दोबारा जुताई का काम शुरू किया. दिन में कड़कती धूप और रात में अंधेरे के बीच जान हथेली पर रखकर किसानों को काम करना पड़ रहा है. यह व्यथा सिर्फ अकेले रामदास चवली की नहीं है, बल्कि डीजल की इस भारी किल्लत के कारण मराठवाडा के हजारों किसान इस समय इसी तरह बेहाल और परेशान हैं.
आज फिर बढ़ गए पेट्रोल-डीजल के दाम
महाराष्ट्र के साथ देशभर में सोमवार को एक बार फिर से पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ गए. मुंबई में पेट्रोल ₹2.76 महंगा होकर ₹111.21 प्रति लीटर और डीजल ₹2.81 महंगा होकर ₹97.83 प्रति लीटर हो गया है. दिल्ली में 2.61 रुपये प्रति लीटर तो पटना में 3.01 रुपये तक पेट्रोल महंगा हो गया.
ये भी पढ़ें- तेल का बढ़ता संकट: 1-22 मई के बीच देश में पेट्रोल की बिक्री 14% और डीज़ल की बिक्री 18% बढ़ी- इंडियन ऑयल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं