विज्ञापन

चैत्यभूमि के बाद अब दीक्षाभूमि की मांग; दादर मेट्रो स्टेशन नामकरण पर संजय राउत बोले- नागपुर का भी नाम बदलें

शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने नागपुर का नाम बदलकर 'दीक्षाभूमि' करने की मांग की है. यह मांग दादर मेट्रो स्टेशन का नाम 'चैत्यभूमि' करने की सरकार की घोषणा के बाद सामने आई है. कांग्रेस ने इसका समर्थन किया है.

चैत्यभूमि के बाद अब दीक्षाभूमि की मांग; दादर मेट्रो स्टेशन नामकरण पर संजय राउत बोले- नागपुर का भी नाम बदलें
दादर मेट्रो स्टेशन के बाद अब नागपुर के नाम बदलने की उठी मांग
@rautsanjay61
  • 'नागपुर का नाम दीक्षाभूमि करो', संजय राउत की नई मांग; दादर मेट्रो स्टेशन के नामकरण पर छिड़ी सियासत
  • कांग्रेस भी राउत के साथ, बोली- नागपुर का नाम दीक्षाभूमि करने में दिक्कत क्या है?
  • भाजपा ने किया पलटवार, बोली- पहले चैत्यभूमि नामकरण का स्वागत करें
मुंबई:

महाराष्ट्र में डॉ भीमराव अंबेडकर से जुड़े स्थलों के नामकरण को लेकर नई राजनीतिक बहस शुरू हो गई है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस द्वारा मुंबई के दादर मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर 'चैत्यभूमि' करने की घोषणा के बाद शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत ने नागपुर का नाम 'दीक्षाभूमि' रखने की मांग कर दी है. राउत ने कहा कि डॉ अंबेडकर को सबसे बड़ा सम्मान यही होगा. उनकी इस मांग को कांग्रेस का समर्थन मिला है, जबकि भाजपा ने इसे राजनीतिक बयानबाजी करार दिया है.

दादर मेट्रो स्टेशन के नाम बदलने से शुरू हुई बहस, संजय राउत ने रखी नई मांग

हाल ही में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घोषणा की थी कि आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद मुंबई के दादर मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर 'चैत्यभूमि' किया जाएगा. चैत्यभूमि मुंबई के दादर स्थित वह स्थान है जहां 6 दिसंबर 1956 को डॉ बाबासाहेब अंबेडकर का अंतिम संस्कार किया गया था. हर वर्ष लाखों लोग यहां श्रद्धांजलि देने पहुंचते हैं.

दादर मेट्रो स्टेशन के नामकरण के मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय राउत ने कहा कि पूरा देश डॉ अंबेडकर का सम्मान करता है और उनके प्रति गहरी आस्था रखता है. उन्होंने कहा 'दादर तो सिर्फ एक स्टेशन है. डॉ. अंबेडकर को सबसे बड़ा सम्मान यह होगा कि नागपुर का नाम बदलकर दीक्षाभूमि रखा जाए.'

राउत ने मुख्यमंत्री से इस संबंध में प्रस्ताव लाने का आग्रह करते हुए कहा कि यदि इस मुद्दे पर कोई विवाद होता है तो उनकी पार्टी सरकार के साथ खड़ी रहेगी.

दीक्षाभूमि का ऐतिहासिक महत्व

राउत ने कहा कि डॉ अंबेडकर के जीवन में सामाजिक क्रांति की शुरुआत नागपुर की दीक्षाभूमि से हुई थी. गौरतलब है कि अक्टूबर 1956 में डॉ. अंबेडकर ने नागपुर में अपने लाखों अनुयायियों के साथ बौद्ध धर्म स्वीकार किया था. यह स्थल आज देश और दुनिया के बौद्ध अनुयायियों के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है.

कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने भी राउत की मांग का समर्थन किया. उन्होंने कहा 'नागपुर का नाम दीक्षाभूमि किया जाना चाहिए. इसमें समस्या क्या है?'

वडेट्टीवार ने कहा कि डॉ अंबेडकर ने ऐसा संविधान दिया है जिसने देश में लोकतंत्र को मजबूत बनाया और आज दुनिया भर से लोग दीक्षाभूमि देखने आते हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस इस मांग के साथ खड़ी है.

भाजपा ने किया पलटवार

भाजपा प्रवक्ता नवनाथ बन ने राउत की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें पहले दादर मेट्रो स्टेशन का नाम 'चैत्यभूमि' किए जाने का स्वागत करना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि शिवसेना (यूबीटी) इस मुद्दे पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) को आगे कर परोक्ष रूप से विरोध कर रही है. नवनाथ बन ने कहा 'राउत न तो चैत्यभूमि जाते हैं और न ही डॉ अंबेडकर के विचारों का प्रचार करते हैं. ऐसे लोगों को इस विषय पर बोलने का अधिकार नहीं है.'

महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और भाजपा नेता चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि नागपुर की पहचान पहले से ही दीक्षाभूमि के कारण है. उन्होंने कहा 'जो भी व्यक्ति नागपुर आता है, वह दीक्षाभूमि जरूर जाता है.'

वहीं मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि राज्य सरकार दादर मेट्रो स्टेशन का नाम 'चैत्यभूमि' करने को सैद्धांतिक मंजूरी दे चुकी है. केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों और विधायिका की संबंधित समिति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नाम परिवर्तन की औपचारिक कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें : CJI पर टिप्पणी मामले में संजय राउत और निखिल वागले को सुप्रीम कोर्ट का नोटिस; SCBA की याचिका पर हुई कार्रवाई

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sanjay Raut, Deekshabhoomi, Chaityabhoomi, Dadar Metro Station, Nagpur
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com