CJI के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी का मामले में आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई. संजय राउत खुद कोर्ट में मौजूद थे जबकि पत्रकार निखिल वागले वर्चुअली पेश हुए. सुप्रीम कोर्ट ने सीधे संजय राउत से बात शुरू की. जस्टिस अरविंद कुमार ने कहा - आप एक अनुभवी सासंद हैं. हम आपकी राजनीतिक डिबेट सुनते आए हैं.आप अखबार के संपादक हैं यानी खुद प्रेस से जुड़े हैं. सुप्रीम कोर्ट ने पूछा कि अदालत से नोटिस जारी होने के बाद भी क्या संजय राउत ने इस तरह के बयान दिए हैं? कोर्ट ने कहा कि इस मामले के दो पहलू हैं. इतने गंभीर मामले में माफी दिल से आनी चाहिए, दिमाग से नहीं. कोर्ट ने संजय राउत से कहा कि आप एक अनुभवी राजनेता हैं. हम अपने वकालत के दिनों से आपकी बहस सुनते आ रहे हैं. कोर्ट ने कहा कि आपको पता होना चाहिए कि अपने शब्दों के इस्तेमाल में कितना संयम बरतने की जरूरत है.
निखिल वागले की ओर से पेश वरिष्ठ वकील ने मांगी माफी
निखिल वागले के ट्वीट पर सुप्रीम कोर्ट ने सख्त टिप्पणी की. इस पर निखिल की ओर से पेश वरिष्ठ वकील इंदिरा जयसिंह ने माफी मांगी. इंदिरा जयसिंह ने कहा कि उन्होंने जो किया वह गलत था और यह बेहद दुखद है. इसके लिए हम माफी मांगते हैं .इस्तेमाल किया गया अपशब्द आम बोलचाल में प्रचलित है, हालांकि यह बिल्कुल भी गरिमापूर्ण नहीं है. जस्टिस अरविंद कुमार ने टिप्पणी की कि वागले के ट्वीट में इस्तेमाल की गई भाषा बेहद खराब है.हम उन शब्दों को अदालत में दोहरा भी नहीं सकते. कोर्ट ने कहा कि प्रेस लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और उसके प्रत्येक सदस्य को बहुत सम्मान की नजर से देखा जाता है.
8 दिसंबर को होगी अगली सुनवाई
कोर्ट ने संजय राउत को अगली तारीख को फिर पेश होने के लिए कहा है और पत्रकार निखिल वागले को भी व्यक्तिगत तौर पर पेश होने के लिए कहा है. अगली सुनवाई 8 दिसंबर को होगी. कोर्ट ने कहा है कि दोनों इस मामले में अतिरिक्त हलफनामा दाखिल करें. कोर्ट ने कहा कि हम मामले को शांत करना चाहते हैं.
SCBA अध्यक्ष प्रदीप रॉय ने सुप्रीम कोर्ट में कहा कि उनके खिलाफ भी बयान दिए गए हैं और इस संबंध में हाईकोर्ट में कार्यवाही लंबित है. उन्होंने ने दो अन्य ट्वीट का हवाला देते हुए कहा कि उनमें न्यायपालिका के एक स्तंभ के गिरने की बात कही गई है. वकील ने कहा कि संबंधित व्यक्ति ने माफी मांग ली है, लेकिन उसके आचरण पर भी विचार करना जरूरी है. संजय राउत की ओर से पेश वकील ने कहा कि उनका हलफनामा रिकॉर्ड पर है. सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि हलफनामा रिकॉर्ड पर नहीं है, कल रात तक भी यह उपलब्ध नहीं था. संजय राउत के वकील ने कहा कि हलफनामा पहले भी दाखिल किया गया था, लेकिन उसे स्वीकार नहीं किया गया. वकील ने दलील दी कि कोर्ट की ऑफिस रिपोर्ट में जवाब दाखिल होने की बात दर्ज है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं