मुंबई से सटे नालासोपारा के गाला नगर इलाके में स्थित हिताची यूपीआई एटीएम से 'यूपीआई कैश विड्रॉल' तकनीक का इस्तेमाल कर पैसे निकालने गए एक ग्राहक को न सिर्फ कम पैसे मिले, बल्कि मशीन से एक फटा हुआ नोट भी मिला. ग्राहक ने एटीएम से 4000 रुपये निकालने की कमांड दी, लेकिन मशीन से सिर्फ 3600 रुपये ही निकले. उसमें एक नोट 200 का फटा हुआ निकला.
ग्राहक को सीधे तौर 400 का रुपये का तो नुकसान हुआ ही, 200 रुपये का फटा नोट देकर 600 रुपये का चूना लगा दिया. इस तरह तकनीकी गड़बड़ी और कम पैसों के कारण ग्राहक को सीधे तौर पर 400 रुपये का नुकसान उठाना पड़ा.
ग्राहक ने सीसीटीवी के सामने रिकॉर्ड किया वीडियो
पैसे कम निकलने और नोट फटा होने का अहसास होते ही ग्राहक ने एटीएम सेंटर के भीतर लगे सीसीटीवी कैमरे के ठीक सामने खड़े होकर सभी नोटों को दोबारा गिना और इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, ताकि बैंक प्रशासन और संबंधित कंपनी के सामने पुख्ता सबूत पेश किया जा सके. अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है.
पिछले महीने इसी कंपनी के एटीएम ने बांटे थे एक्स्ट्रा पैसे
यह मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि ठीक एक महीने पहले वसई के गोलानी नाका इलाके में इसी हिताची कंपनी के एटीएम में एक अलग तरह की तकनीकी खराबी आई थी. उस समय मशीन से ग्राहकों को मांगी गई रकम से कई गुना ज्यादा पैसे मिल रहे थे.
तब एक ग्राहक ने ₹100 निकालने की कमांड दी तो मशीन से ₹500 बाहर आ रहे थे, जबकि खाते से सिर्फ ₹100 ही कट रहे थे। वहीं ₹400 की डिमांड पर मशीन ₹2,000 दे रही थी. पिछले महीने ज्यादा पैसे लुटाने और इस महीने पैसे काटने की इन लगातार घटनाओं के बाद अब उपभोक्ता और स्थानीय नागरिक यह मांग कर रहे हैं कि संबंधित कंपनी इस तकनीकी खराबी पर तुरंत ध्यान दे और स्थाई सुधार करे.
ये भी पढ़ें- मुंबई में रास्ता रोकने से टोका तो बुजुर्ग को बेरहमी से पीटा, अब पुलिस ने अवैध दुकानों पर चलाया बुलडोजर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं