महाराष्ट्र के 36 डेयरी फार्मों में गायों और भैंसों के साथ कथित क्रूरता और लापरवाही के गंभीर मामले सामने आए हैं. पशु संरक्षण के लिए काम करने वाली पुणे स्थित संस्था 'एनिमल इक्वैलिटी' (Animal Equality) ने अपने एक अध्ययन में डेयरी फार्मों की स्थिति को लेकर कई चौंकाने वाले तथ्य उजागर किए हैं. रिपोर्ट में पशुओं को अमानवीय परिस्थितियों में रखने, उचित चिकित्सा सुविधा नहीं देने, खतरनाक तरीकों से दूध निकालने और उनके साथ शारीरिक दुर्व्यवहार किए जाने का उल्लेख किया गया है.
एनिमल इक्वैलिटी इंडिया की कार्यकारी निदेशक अमृता उबाले ने कहा, "यह अध्ययन उन चिंताजनक परिस्थितियों को उजागर करता है, जिनमें गायों और भैंसों को रहने के लिए मजबूर किया जाता है. इससे पशु कल्याण, खाद्य सुरक्षा और मौजूदा कानूनों के उल्लंघन को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं."
गंदगी और तंग जगहों में रहने को मजबूर पशु
अध्ययन के अनुसार, कई डेयरी फार्मों में पशुओं को बेहद कम जगह में रखा गया था. उन्हें छोटी रस्सियों से बांधा गया था, जिससे वे स्वतंत्र रूप से चल-फिर भी नहीं सकते थे. कई पशु एक ही स्थान पर खड़े रहने, खाने और सोने को मजबूर थे. उनके आसपास गोबर और मूत्र जमा था. परिसर में मक्खियों और मच्छरों की भरमार देखी गई.
रिपोर्ट में दूध को अस्वच्छ परिस्थितियों में निकालने और संग्रहित करने की बात भी सामने आई है, जिससे दूध के दूषित होने की आशंका जताई गई है. कुछ पशुओं को सड़क किनारे और बंद, कम हवादार दुकानों में भी रखा गया था, जहां उन्हें भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा था.
जहरीले पौधे और ऑक्सीटोसिन के इस्तेमाल का आरोप
अध्ययन में कुछ डेयरी फार्मों पर पशुओं के उपचार के लिए धतूरे जैसे जहरीले पौधे का इस्तेमाल किए जाने की जानकारी सामने आई है. धतूरे में मौजूद विषैले तत्व पशुओं के लिए गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा कर सकते हैं और कई मामलों में उनकी जान तक जा सकती है.
इसके अलावा, बीमार और घायल पशुओं को पशु चिकित्सक की सुविधा नहीं दिए जाने की बात भी रिपोर्ट में दर्ज है. इलाज को अतिरिक्त खर्च मानने के कारण कई पशुओं को आवश्यक चिकित्सा से वंचित रखा गया. पर्याप्त भोजन नहीं मिलने से उनकी स्थिति और खराब होने की आशंका जताई गई है.
रिपोर्ट में दूध उतारने के लिए ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन के इस्तेमाल का भी उल्लेख है. दूध उत्पादन कम होने पर इसका इस्तेमाल किए जाने से पशुओं में दर्दनाक संकुचन और प्रजनन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं.
बछड़ों को मां से अलग करने और मांस के लिए बेचने का मामला
अध्ययन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा गायों को उनके बछड़ों से अलग किए जाने से जुड़ा है. रिपोर्ट के अनुसार, मां और उसके बच्चे के बीच प्राकृतिक भावनात्मक संबंध होता है. ऐसे में बछड़ों को मां से अलग करना दोनों के लिए मानसिक तनाव का कारण बन सकता है.
रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि जब गायों का दूध उत्पादन कम हो जाता है और उन्हें आर्थिक रूप से लाभकारी नहीं माना जाता, तब उन्हें मांस के लिए बेच दिया जाता है.
शारीरिक दुर्व्यवहार और बाल श्रम पर भी चिंता
जांचकर्ताओं ने पशुओं के साथ जानबूझकर मारपीट और शारीरिक दुर्व्यवहार किए जाने के मामले भी दर्ज किए. इसके साथ ही कुछ डेयरी फार्मों में बच्चों से काम कराए जाने की आशंका और श्रमिकों को खराब परिस्थितियों में परिसर के भीतर ही रहने के लिए मजबूर किए जाने की जानकारी भी सामने आई है.
उल्लेखनीय हो कि यह संस्था साल 2014 से भारत के डेयरी उद्योग का अध्ययन कर रही है. संस्था ने पशु कल्याण और खाद्य सुरक्षा से जुड़े कानूनों को सख्ती से लागू करने, डेयरी उद्योग में जवाबदेही तय करने और पशुओं के प्रति क्रूरता से मुक्त विकल्पों के रूप में वनस्पति आधारित उत्पादों को बढ़ावा देने की मांग की है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं