मुंबई के साकीनाका इलाके में मेनहोल हादसे में एक शख्स की मौत के ठीक अगले दिन पुणे में भी एक ऐसा ही हादसा हुआ है. सीवेज के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरने से दो साल के मासूम सोहम की मौत हो गई है. ठेकेदार ने गड्ढे को सीवेज पाइपलाइन के लिए खोदा था. लेकिन इस गड्ढे में पानी भर गया था और बच्चे की डूबने से मौत हो गई है.
ठेकेदार की लापरवाही के कारण हुए इस हादसे से स्थानीय लोगों में गुस्सा है. ठेकेदार पर सीवेज और बारिश के पानी की निकासी के लिए खोदे गए चार गड्ढों को बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के खुला छोड़ने का आरोप है. गड्ढे में बारिश का पानी भर गया था. ठेकेदार ने इसका कोई ध्यान नहीं दिया. इसी दौरान घर के बाहर खेल रहा दो वर्षीय सोहम लखन कसबे उसमें गिर गया. डूबने से उसकी मौत हो गई है.
पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है. पुणे की लोणी कालभोर पुलिस ने अज्ञात ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज किया है. गौरतलब है कि गुरुवार को ही मुंबई में एक मेनहोल में शख्स के गिरने से मौत हो गई थी.साकीनाका के खैरानी रोड (एल-विभाग) पर एक खुले मेनहोल (गटर) में गिरने के कारण 55 साल के मजदूर अफजल शेख की मौत हो गई. इस घटना के बाद बृहन्मुंबई महानगरपालिका प्रशासन (BMC) तुरंत हरकत में आया और काम में लापरवाही बरतने के आरोप में 4 अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं