पुणे में धर्मांतरण के आरोपों को लेकर एक नया मामला सामने आया है. शहर के गुरुवार पेठ स्थित एक चर्च में प्रवचन देने आए ब्रिटिश नागरिक के खिलाफ पुलिस ने FIR दर्ज की है. आरोप है कि वह प्रवचन की आड़ में लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहा था. शिकायत मिलने के बाद खड़क पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
हिंदुत्ववादी संगठनों की शिकायत के बाद कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, ब्रिटेन से आया एक धर्मगुरु पिछले कुछ दिनों से पुणे में रह रहा था. इस दौरान वह गुरुवार पेठ स्थित चर्च में धार्मिक प्रवचन दे रहा था. हिंदुत्ववादी संगठनों ने आरोप लगाया कि प्रवचन के नाम पर धर्मांतरण का प्रयास किया जा रहा है. संगठनों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की प्राथमिक जांच की और संबंधित विदेशी नागरिक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया.

FIR की कॉपी.
टूरिस्ट वीजा पर धार्मिक गतिविधियों का आरोप
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि संबंधित ब्रिटिश नागरिक भारत में टूरिस्ट वीजा पर आया था. नियमों के मुताबिक टूरिस्ट वीजा पर आए विदेशी नागरिकों को धार्मिक प्रचार, मिशनरी गतिविधियों या सार्वजनिक धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेने की अनुमति नहीं होती. आरोप है कि इसके बावजूद वह चर्च में प्रवचन दे रहा था और धार्मिक गतिविधियों में शामिल था. इसी आधार पर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई है.
नए धर्म स्वतंत्रता कानून के तहत पहला मामला
महाराष्ट्र विधानसभा और विधान परिषद से हाल ही में पारित 'महाराष्ट्र धर्म स्वतंत्रता अधिनियम' के लागू होने के बाद यह पहला मामला माना जा रहा है, जिसमें धर्मांतरण से जुड़े आरोपों के आधार पर FIR दर्ज की गई है.
इस वजह से यह मामला कानूनी और राजनीतिक दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है. पुलिस अब यह जांच कर रही है कि चर्च में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वास्तव में क्या गतिविधियां हुईं और क्या किसी प्रकार के धर्म परिवर्तन का प्रयास किया गया था. खड़क पुलिस स्टेशन की टीम मामले से जुड़े दस्तावेज, वीजा नियमों और शिकायतकर्ताओं के दावों की जांच कर रही है. फिलहाल जांच जारी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं