विज्ञापन

MBBS छात्रा को बदनाम करने की साजिश; BLO ने दी फोटो, रिश्तेदारों ने अश्लील वीडियो बनाकर उज्जैन में किया वायरल

उज्जैन में MBBS छात्रा का फेक अश्लील वीडियो वायरल करने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस के अनुसार रिश्तेदारों ने छात्रा और उसके परिवार को बदनाम करने के लिए फोटो से वीडियो बनाकर वायरल किया. इस मामले से जुड़े आरोपी गिरफ्तार.

MBBS छात्रा को बदनाम करने की साजिश; BLO ने दी फोटो, रिश्तेदारों ने अश्लील वीडियो बनाकर उज्जैन में किया वायरल
MBBS छात्रा को बदनाम करने की साजिश, रिश्तेदारों ने फोटो से बनाया फेक वीडियो, सफलता से थी जलन

MBBS Student Fake Video Viral Case: मध्यप्रदेश के उज्जैन में MBBS की पढ़ाई कर रही एक छात्रा का फेक अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. पुलिस के अनुसार छात्रा और उसके परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा तथा तरक्की से जलन रखने वाले रिश्तेदारों ने ही उसे बदनाम करने की साजिश रची थी. आरोपियों ने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य के दौरान जमा कराई गई छात्रा की तस्वीर हासिल की और तकनीकी माध्यमों से उसका आपत्तिजनक वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है.

पिता की शिकायत के बाद सामने आया मामला

जानकारी के अनुसार मक्सी रोड क्षेत्र के एक किसान ने 20 जून की रात पंवासा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में बताया गया कि उनके मोबाइल पर एक वीडियो आया, जिसमें उनकी नाबालिग बेटी के नाम से आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित की जा रही थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दो दिनों तक गोपनीय रूप से जांच की और वीडियो के स्रोत तक पहुंचने का प्रयास किया.

MBBS Student Fake Video Viral Case: आरोपियों को ले जाती हुई पुलिस

MBBS Student Fake Video Viral Case: आरोपियों को ले जाती हुई पुलिस

BLO से हासिल की गई छात्रा की तस्वीर

जांच में सामने आया कि छात्रा की तस्वीर स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया के दौरान जमा दस्तावेजों से हासिल की गई थी. पुलिस के अनुसार बीएलओ फखरुनिशा उर्फ बेबी ने एसआईआर फॉर्म में लगी छात्रा की फोटो व्हाट्सएप के माध्यम से एहसान पटेल को भेजी. बाद में यह तस्वीर अन्य आरोपियों तक पहुंची. इसी तस्वीर का उपयोग कर AI और डीपफेक जैसी डिजिटल एडिटिंग के जरिए आपत्तिजनक वीडियो तैयार किया गया और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया.

MBBS की पढ़ाई और परिवार की तरक्की बनी वजह

पंवासा थाना प्रभारी गमर सिंह मंडलोई के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पीड़िता अपने गांव और समाज की पहली लड़की है जो MBBS की पढ़ाई कर रही है. पुलिस का दावा है कि छात्रा के परिवार की आर्थिक और सामाजिक प्रगति से कुछ रिश्तेदार नाराज थे. परिवार की बढ़ती प्रतिष्ठा को देखते हुए आरोपियों ने उसे बदनाम करने की साजिश रची. जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों का उद्देश्य कथित तौर पर परिवार पर सामाजिक दबाव बनाना था ताकि छात्रा की पढ़ाई प्रभावित हो सके.

चार महीने पहले तैयार किया गया था फेक वीडियो

पुलिस जांच में पता चला कि कथित फेक वीडियो करीब चार महीने पहले तैयार किया गया था. बताया जा रहा है कि छात्रा सोशल मीडिया पर सक्रिय नहीं थी, इसलिए उसकी तस्वीर जुटाना आसान नहीं था. आरोपियों को जब पता चला कि छात्रा की फोटो सरकारी दस्तावेजों में उपलब्ध है, तो उसी का इस्तेमाल कर वीडियो तैयार किया गया. कुछ समय बाद यह वीडियो छात्रा के पिता तक पहुंचा, जिसके बाद परिवार ने पुलिस की शरण ली.

तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67(ए) के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस ने आबिद पटेल, एहसान पटेल और मुजफ्फर पटेल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. मामले का एक अन्य आरोपी यूसुफ पटेल अभी फरार बताया जा रहा है.

मोबाइल जब्त, डिजिटल फॉरेंसिक जांच जारी

जांच एजेंसियों ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं. इन उपकरणों की डिजिटल फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है ताकि वीडियो बनाने, एडिट करने और प्रसारित करने की पूरी प्रक्रिया का पता लगाया जा सके. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वीडियो कितने लोगों तक पहुंचा और इसके प्रसार में अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी.

BLO के खिलाफ भी कार्रवाई की तैयारी

पुलिस जांच में बीएलओ की भूमिका सामने आने के बाद प्रशासन को भी रिपोर्ट भेजी गई है. पंवासा थाना पुलिस ने संबंधित बीएलओ फखरुनिशा उर्फ बेबी के संबंध में कलेक्टर को प्रतिवेदन भेजा है. प्रशासनिक स्तर पर आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर तय की जाएगी.

परिवार को बदनाम करने की साजिश का खुलासा

पुलिस का कहना है कि यह मामला साइबर अपराध के साथ-साथ किसी व्यक्ति की सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने की कथित साजिश से भी जुड़ा है. फिलहाल फरार आरोपी की तलाश जारी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है.

यह भी पढ़ें : माइनिंग इंस्पेक्टर का थप्पड़ कांड वायरल; शिवपुरी में अवैध खनन कार्रवाई पर सवाल

यह भी पढ़ें : देश से लेकर विदेश तक नाबालिग प्लेयर का गैंगरेप करने वाले दो कराटे कोच को उम्र कैद, गुना कोर्ट का फैसला

यह भी पढ़ें : कंक्रीट के जंगल में 'बाघों का बसेरा': चंदनपुरा में मॉर्निंग वॉक; भोपाल क्यों बन रहा टाइगर की पहली पसंद?

यह भी पढ़ें : देश में पहली बार एक ही जगह के मटर और सिंघाड़े को मिला GI टैग; जबलपुर ने रचा इतिहास, किसानों को मिलेगा फायदा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ujjain News, MBBS Student, Fake Video, Madhya Pradesh News, Obscene Video Viral
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com