विज्ञापन

MP के प्रसिद्ध शिव मंदिर के पास मिला संदिग्ध डायनामाइट, देवतालाब में मचा हड़कंप; पुलिस जांच में जुटी

मऊगंज के देवतालाब शिव मंदिर के पास एक घर के पीछे संदिग्ध डायनामाइट जैसी सामग्री मिलने से हड़कंप मच गया. पुलिस और डॉग स्क्वॉड मामले की जांच कर रहे हैं.

MP के प्रसिद्ध शिव मंदिर के पास मिला संदिग्ध डायनामाइट, देवतालाब में मचा हड़कंप; पुलिस जांच में जुटी
शिव मंदिर से 50 कदम दूर मिला संदिग्ध विस्फोटक, इलाके में दहशत

Devtalab Shiv Temple: मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले के लौर थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब देवतालाब शिव मंदिर के समीप स्थित एक घर के पीछे संदिग्ध डायनामाइट जैसी सामग्री मिलने की सूचना सामने आई. यह सामग्री घनी आबादी वाले क्षेत्र में स्थित एक मकान की पिछली दीवार के पास बरामद हुई, जो प्रसिद्ध देवतालाब शिव मंदिर से महज 50 कदम की दूरी पर बताया जा रहा है. घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया. खास बात यह है कि घटनास्थल लौर थाने से भी बेहद कम दूरी पर स्थित है. सूचना मिलते ही पुलिस और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंच गई और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई.

मंदिर और आबादी के बीच मिला संदिग्ध विस्फोटक

जानकारी के अनुसार लौर थाना क्षेत्र के देवतालाब में स्थित बितानी साकेत पुत्र सागर साकेत के घर की पिछली दीवार के पास संदिग्ध विस्फोटक सामग्री दिखाई दी. प्रारंभिक तौर पर इसे डायनामाइट जैसा बताया जा रहा है. बरामद सामग्री की स्थिति और स्थान को देखते हुए स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है, क्योंकि यह इलाका न केवल घनी आबादी वाला है बल्कि आसपास धार्मिक और सार्वजनिक गतिविधियां भी लगातार चलती रहती हैं.

Mauganj News: देवतालाब शिव मंदिर के पास मिला संदिग्ध डायनामाइट

Mauganj News: देवतालाब शिव मंदिर के पास मिला संदिग्ध डायनामाइट

शिव मंदिर और शिव कुंड से बेहद करीब घटना स्थल

स्थानीय लोगों के अनुसार जहां संदिग्ध सामग्री मिली, वह स्थान देवतालाब शिव मंदिर से लगभग 50 कदम की दूरी पर है. वहीं घर के पास ही शिव कुंड भी स्थित है. देवतालाब क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रहती है. ऐसे में धार्मिक स्थल के इतने करीब संदिग्ध सामग्री का मिलना सुरक्षा एजेंसियों के लिए भी चिंता का विषय बन गया है.

स्थानीय लोगों ने बताया बड़ा हादसा टला

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बरामद सामग्री का एक हिस्सा पहले से क्षतिग्रस्त या फटा हुआ प्रतीत हो रहा था, जबकि दूसरा हिस्सा सुरक्षित स्थिति में मौजूद था. लोगों का मानना है कि यदि किसी कारणवश सामग्री सक्रिय हो जाती या उस पर दबाव पड़ जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था. हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.

Mauganj News: पुलिस कर रही है जांच

Mauganj News: पुलिस कर रही है जांच

लौर थाने की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठ रहा है. जिस स्थान पर संदिग्ध सामग्री मिली, वह लौर थाना क्षेत्र से चंद कदमों की दूरी पर बताया जा रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जांच में बरामद वस्तु विस्फोटक साबित होती है तो यह कानून-व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े करेगा. लोगों के बीच चर्चा है कि इतनी संवेदनशील सामग्री आखिर आबादी वाले इलाके तक कैसे पहुंची.

इस पूरे मामले में एसडीओपी सची पाठक ने बताया कि जानकारी मिलते ही तत्काल मौके पर वरिष्ठ अधिकारी सहित पुलिस पहुंचकर बम को बरामद किया. बम स्क्वॉड टीम, एफ एस एल टीम सहित डॉग स्क्वॉड टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर बारीकी से जांच कर रही रही है.

सैंपलिंग लेकर जांच के लिए लब भेजा गया है. पुलिस बम निरोधक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की विवेचना में जुटी हुई है. कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर भी पूछताछ जारी है.

डॉग स्क्वॉड और पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया. क्षेत्र को सुरक्षित करते हुए जांच शुरू की गई. इसके साथ ही डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. पुलिस आसपास के इलाके में साक्ष्य जुटाने और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी एकत्र करने में जुटी हुई है.

कई एंगल से हो रही जांच

पुलिस अब इस मामले की कई संभावित पहलुओं से जांच कर रही है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि बरामद सामग्री वास्तव में विस्फोटक है या नहीं. उसे वहां किसने और कब रखा? इसके पीछे किसी व्यक्तिगत रंजिश की भूमिका तो नहीं? मामला किसी बड़ी साजिश या आपराधिक गतिविधि से तो जुड़ा नहीं? आसपास के क्षेत्र में अन्य संदिग्ध सामग्री तो मौजूद नहीं?

फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार

फिलहाल पुलिस ने संदिग्ध सामग्री को कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक और तकनीकी जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद वस्तु क्या थी और उसका उद्देश्य क्या हो सकता था. देवतालाब जैसे धार्मिक और संवेदनशील क्षेत्र में मिली इस सामग्री ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है. अब पूरे मामले पर क्षेत्रवासियों और प्रशासन की नजर बनी हुई है.

यह भी पढ़ें : देश में पहली बार एक ही जगह के मटर और सिंघाड़े को मिला GI टैग; जबलपुर ने रचा इतिहास, किसानों को मिलेगा फायदा

यह भी पढ़ें : देश से लेकर विदेश तक नाबालिग प्लेयर का गैंगरेप करने वाले दो कराटे कोच को उम्र कैद, गुना कोर्ट का फैसला

यह भी पढ़ें : सिंगरौली में पत्नी-प्रेमी की साजिश: गुजरात से लौटे पति की पत्थर से कुचलकर हत्या, 3 आरोपी गिरफ्तार

यह भी पढ़ें : रुक जाओ, नहीं तो गोली मार दूंगा; तहसीलदार से बोला रेत माफिया, शिवपुरी में अवैध खनन रोकने गई राजस्व टीम को धमकी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Devtalab Shiv Mandir, Mauganj News, Explosive Material, Madhya Pradesh News, Religious Place Security Lapses
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com