- IAS तुकाराम मुंढे ने मई 2026 में महाराष्ट्र के खाद्य और औषधि प्रशासन के कमिश्नर पद की जिम्मेदारी संभाली।
- कमिश्नर बनने के तीन दिन बाद ही उन्होंने मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी थी।
- दो महीनों में उन्होंने महाराष्ट्र के 1100 से अधिक स्थानों पर छापे मारकर बड़ी कार्रवाई की।
IAS Tukaram Mundhe: महाराष्ट्र के खाद्य और औषधि प्रशासन (FDA) के कमिश्नर का पदभार संभालते ही एक्शन मोड में आए IAS तुकाराम एच. मुंढे राज्य के 'अशोक खेमका' बनते जा रहे हैं. हरियाणा कैडर के पूर्व आईएएस अशोक खेमका ने अपने 34 साल के करियर में 57 तबादले झेले थे, वहीं 2005 बैच के आईएएस तुकाराम मुंढे का महज 21 साल की सर्विस में ही 25वीं बार स्थानांतरण हो चुका है. मिलावटखोरों पर नकेल कसने वाले इस दबंग अफसर का हर नई तैनाती के साथ विवादों और तबादलों से नाता पुराना रहा है.

ias tukaram mundhe transfer history fda commissioner maharashtra
FDA कमिश्नर बनते ही मिलावटखोरों पर कसा शिकंजा
वर्तमान में तुकाराम मुंढे की पोस्टिंग कमिश्नर, खाद्य और औषधि प्रशासन (FDA), महाराष्ट्र के पद पर है. उन्होंने 25 मई 2026 को एफडीए कमिश्नर का पदभार संभाला था. पदभार ग्रहण करते ही मिलावटखोरों के खिलाफ उनके ताबड़तोड़ एक्शन से खाद्य व औषधि माफियाओं में खौफ का माहौल है. उन्होंने ज्वाइनिंंग के 3 दिन बाद ही मिलावटखोरों के खिलाफ हल्ला बोल दिया. एफडीए कमिश्नर के रूप में 2 महीने के अंदर पूरे महाराष्ट्र में 1100 से ज्यादा जगहों छापे मारे हैं. रुस्तम एंड कंपनी और नूर मोहम्मदी जैसे 56 नामी ब्रांड्स और बड़े-बड़े रेस्टोरेंट के फूड लाइसेंस कैंसिल कर दिए गए. 49 करोड़ रुपए से ज्यादा का खराब और मिलावटी खाना जब्त किया गया.
किसान परिवार से UPSC क्रैक करने तक का सफर
महाराष्ट्र में अपनी दबंग और ईमानदार छवि के लिए पहचाने जाने वाले तुकाराम मुंढे महाराष्ट्र के बीड जिले के ताड़सोना गांव के निवासी हैं. एक किसान परिवार में 3 जून 1975 को जन्मे तुकाराम मुंढे की शुरुआती पढ़ाई जिला परिषद स्कूल से हुई. इसके बाद उन्होंने औरंगाबाद से स्नातक और स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की. वर्ष 2004 में यूपीएससी की सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण कर वे अपने गृह कैडर महाराष्ट्र में ही आईएएस अधिकारी बने.
माफिया-नेता गठजोड़ और लगातार तबादले
उत्तराखंड के मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी (LBSNAA) में ट्रेनिंग के बाद बतौर प्रशिक्षु आईएएस, तुकाराम मुंढे को अगस्त 2005 में सोलापुर में उप-कलेक्टर के पद पर पहली पोस्टिंग मिली. इसके बाद अधिकांश पदों पर वे एक साल से भी कम समय के लिए तैनात रहे. ईमानदार छवि व सख्त एक्शन के चलते माफियाओं और नेताओं के गठजोड़ के कारण लगभग हर साल उनका नई जगह तबादला होता रहा.
51 वर्षीय तुकाराम मुंढे का वर्ष 2009, 2020 और अगस्त 2026 तक तो एक ही साल में दो-दो बार स्थानांतरण किया गया. वहीं, वर्ष 2018 और 2023 में उन्होंने तीन-तीन तबादले झेले. NDTV से विशेष बातचीत में FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे ने कहा, "लोग मुझे गुस्सैल कहते हैं, लेकिन मैं तो सिर्फ अपनी ड्यूटी ईमानदारी से निभा रहा हूं."

ias tukaram mundhe transfer history fda commissioner maharashtra
Photo Credit: ias tukaram mundhe transfer history fda commissioner maharashtra
तुकाराम मुंढे की तबादला सूची
- अगस्त 2005: प्रशिक्षु उप-कलेक्टर, सोलापुर
- सितंबर 2007: डिप्टी कलेक्टर, देगलूर उपमंडल
- जनवरी 2008: मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO), जिला परिषद, नागपुर
- मार्च 2009: आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग
- जुलाई 2009: सीईओ, वाशिम
- जून 2010: सीईओ, कल्याण
- जून 2011: कलेक्टर, जालना
- सितंबर 2012: संयुक्त बिक्री कर आयुक्त, मुंबई
- नवंबर 2014: जिला कलेक्टर, सोलापुर
- मई 2016: आयुक्त, नवी मुंबई नगर निगम
- मार्च 2017: मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO), पीएमपीएमएल (PMPML), पुणे
- फरवरी 2018: आयुक्त, नासिक नगर निगम
- नवंबर 2018: संयुक्त सचिव, योजना विभाग
- दिसंबर 2018: परियोजना अधिकारी, एड्स नियंत्रण, मुंबई
- जनवरी 2020: आयुक्त, नागपुर नगर निगम
- अगस्त 2020: सदस्य सचिव, महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण, मुंबई
- जनवरी 2021: राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC), भारत
- सितंबर 2022: स्वास्थ्य सेवा आयुक्त एवं निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM)
- अप्रैल 2023: सचिव, पशुपालन और दुग्ध विकास विभाग
- जून 2023: सचिव, मराठी भाषा विभाग
- जुलाई 2023: सचिव, कृषि एवं पशुपालन विभाग
- जून 2024: असंगठित श्रम विभाग
- अगस्त 2025: दिव्यांग कल्याण विभाग
- मार्च 2026: आपदा प्रबंधन, राजस्व एवं वन विभाग
- मई 2026: आयुक्त, खाद्य और औषधि प्रशासन (FDA)
यह भी पढ़ें - हाईकोर्ट की कैंटीन पर ही मार दिया छापा, कौन हैं IAS अधिकारी तुकाराम मुंढे?
यह भी पढ़ें - कोई मुझे घूस देने की हिम्मत नहीं कर सकता, महाराष्ट्र के दबंग IAS तुकाराम मुंढे की खुली चुनौती
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं