विज्ञापन

पश्चिमी यूपी का 'लाइफलाइन' हाइवे, नोएडा एयरपोर्ट तक का सफर होगा आसान, अलीगढ़-बुलंदशहर के ट्रैफिक से बचाएगा

बुलंदशहर में खुर्जा-पहासू-छतारी रोड को 4-लेन हाईवे में बदला जा रहा है. प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद जेवर एयरपोर्ट, दिल्ली-NCR और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी.

पश्चिमी यूपी का 'लाइफलाइन' हाइवे, नोएडा एयरपोर्ट तक का सफर होगा आसान, अलीगढ़-बुलंदशहर के ट्रैफिक से बचाएगा
खुर्जा से छतारी तक चौड़ी होगी सड़क, कई कस्बों के जाम का होगा समाधान
NDTV

उत्तर प्रदेश में कई नए हाइवे और एक्सप्रेसवे बन रहे हैं. यूपी सबसे ज्यादा एक्सप्रेसवे वाला राज्य भी बन चुका है. लेकिन केवल नए एक्सप्रेसवे या हाइवे नहीं बनाए जा रहे बल्कि पुराने रास्तों को भी अपग्रेड किया जा रहा है. इसी में शामिल है बुलंदशहर का 'खुर्जा-पहासू-छतारी रोड'. इस रास्ते को चौड़ा करके 4-लेन हाइवे बनाया जा रहा है. इस हाइवे के अपग्रेड होने के बाद दिल्ली-एनसीआर से सटे बुलंदशहर और आसपास के जिलों की तस्वीर जल्द बदल सकती है.यह स्टेट हाइवे आने वाले समय में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की नई 'लाइफलाइन' बन सकता है. इससे न केवल दिल्ली और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचना आसान और तेज होगा, बल्कि अलीगढ़-बुलंदशहर नेशनल हाइवे (NH-91) के भारी ट्रैफिक से भी लोगों को राहत मिलेगी.

कस्बों के जाम से मिलेगी राहत

फिलहाल में रोड से जुड़े कई कस्बों में सड़कें संकरी हैं. इसके कारण यहां अक्सर ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रहती है. खासकर व्यस्त समय में भारी और स्थानीय वाहनों के कारण लंबा जाम लग जाता है. सबसे ज्यादा जाम छतारी और पहासू में होता है, क्योंकि यहां बाजार और तीखे मोड़ हैं. सड़क के फोरलेन होने के बाद इस समस्या में काफी कमी आने की उम्मीद है.। इससे लोगों का सफर अधिक सुगम और तेज हो सकेगा.

जेवर एयरपोर्ट तक पहुंचना होगा आसान

इस प्रोजेक्ट का सबसे बड़ा फायदा जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी को मिलेगा. इस रास्ते का इस्तेमाल करके बदायूं, कासगंज और अतरौली से आने वाले यात्री खुर्जा होते हुए जेवर एयरपोर्ट पहुंच सकेंगे. जेवर एयरपोर्ट पूरी तरह शुरू होने के बाद बढ़ने वाले ट्रैफिक को संभालने में यह हाइवे बड़ी भूमिका निभा सकता है.

Latest and Breaking News on NDTV

बाइपास की तरह करेगा काम

फिलहाल दिल्ली या एनसीआर जाने वाले कई वाहनों को बुलंदशहर, खुर्जा या अलीगढ़ शहर से गुजरना पड़ता है. इससे शहरों में ट्रैफिक बढ़ता है और यात्रियों का समय भी बर्बाद होता है. फोरलेन बनने के बाद यात्रियों को इन शहरों के अंदर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. यह हाइवे एक प्रभावी वैकल्पिक बाईपास के रूप में काम कर सकेगा.

बदायूं, कासगंज और अतरौली के लिए बेहतर कनेक्टिविटी

इस हाइवे प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद बदायूं, कासगंज, अतरौली और डिबाई जैसे क्षेत्रों से दिल्ली-एनसीआर तक की यात्रा और आसान हो जाएगी. दरअसल बदायूं से दिल्ली जाने वाले वाहनों को नरौरा और बुलंदशहर होते हुए जाना पड़ता है. वहीं कासगंज-अतरौली से दिल्ली आने वाले अलीगढ़ होकर गुजरते हैं. लेकिन हाइवे बनने के बाद बदायूं से कासंगज फिर अतरौली से इस हाइवे के जरिए छतारी-पहासू होते हुए खुर्जा में जीटी रोड तक पहुंचा जा सकेगा. इससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी.

108 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट

बुलंदशहर जिले में खुर्जा-पहासू-छतारी मार्ग (राज्य मार्ग संख्या-63) के चौड़ीकरण का काम जारी है. इस प्रोजेक्ट की करीब 108 करोड़ रुपये तय की गई है. इस प्रोजेक्ट में सड़क चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के अलावा अगले पांच वर्षों तक सड़क के रखरखाव का काम भी शामिल है. सड़क चौड़ीकरण से पहासू क्षेत्र के कई गांवों को सीधा फायदा होगा. इनमें टक्कर नगलिया, करोरा, बनैल, दिघी, सोही कसूमी और अल्लीपुर समेत कई गांव शामिल हैं.

यह भी पढ़ें: 3 घंटे में बरेली से मथुरा, नए हाइवे से जुड़ेंगे बदायूं, कासगंज और हाथरस, दिल्ली-राजस्थान तक सफर होगा आसान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Khurja Police, Bulandshahar, NHAI, UP Highway
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com