- MP के मंदसौर में BJP नेता शरद जैन की जन्मदिन पार्टी में सब-इंस्पेक्टर भीम सिंह राठौड़ गाना गाते हुए नजर आए
- सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में सब-इंस्पेक्टर ने 45 साल पुराना गाना तेरे जैसा यार कहां गाया था
- वायरल वीडियो डीआईजी रतलाम निमिष अग्रवाल तक पहुंचने पर सब-इंस्पेक्टर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है
Tere Jaisa Yaar Kahan: नेताओं की जन्मदिन पार्टी में अक्सर पुलिस अधिकारी भी शिरकत करते नजर आते हैं. मध्य प्रदेश के मंदसौर में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया है. हालांकि, यहां एक सब-इंस्पेक्टर को जन्मदिन की पार्टी को यादगार बनाने, नेताजी को खुश करने या कथित दोस्ती निभाने के लिए 45 साल पुराना गाना "तेरे जैसा यार कहां..." गाना भारी पड़ गया. मामला डीआईजी और एसपी तक जा पहुंचा, जिसके बाद सब-इंस्पेक्टर को नोटिस थमा दिया गया है. (मंदसौर से मनीष पुरोहित की रिपोर्ट)
बीजेपी नेता के बर्थडे में सब-इंस्पेक्टर ने गाया गाना
जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के आक्या बिका में भाजपा नेता शरद जैन की जन्मदिन की पार्टी आयोजित की गई थी. इस पार्टी में कचनारा चौकी प्रभारी सब-इंस्पेक्टर भीम सिंह राठौड़ गाना गाते हुए दिखाई दिए. हालांकि, इस दौरान वह यूनिफॉर्म में नहीं थे, लेकिन भाजपा नेता की जन्मदिन पार्टी में "तेरे जैसा यार कहां" गाना गाने का यह वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तरह-तरह के सवाल उठने लगे.

Tere Jaisa Yaar Kahan Kishore Kumar Yaarana mp police sub inspector mandsaur
DIG के आदेश पर नोटिस जारी
सोशल मीडिया पर यह भी दावा किया जा रहा है कि वायरल वीडियो हाल ही का है. जब यह वीडियो रतलाम डीआईजी निमिष अग्रवाल तक पहुंचा, तो उन्होंने सब-इंस्पेक्टर के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई का कदम उठाया. डीआईजी के आदेश पर मंदसौर पुलिस अधीक्षक IPS विनोद कुमार मीना ने कचनारा चौकी प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. एसआई को इस नोटिस का जवाब देने के लिए 7 दिन का समय दिया गया है.

Tere Jaisa Yaar Kahan Kishore Kumar Yaarana mp police sub inspector mandsaur
मामले की जांच एसडीओपी को सौंपी गई
बता दें कि इस पूरे मामले की जांच एसडीओपी (ग्रामीण) कीर्ति बघेल को सौंपी गई है. वर्तमान में आक्या बिका से लगभग 50 किलोमीटर दूर कचनारा में पदस्थ चौकी प्रभारी भीम सिंह राठौड़ पूर्व में मल्हारगढ़ क्षेत्र के विभिन्न थानों पर भी पदस्थ रहे हैं. इसी मल्हारगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत आक्या बिका गांव आता है.
45 साल पुराना है 'याराना' फिल्म का यह गाना
उल्लेखनीय है कि "तेरे जैसा यार कहां" गाना करीब 45 साल पुराना है. यह वर्ष 1981 में आई सुपरहिट फिल्म याराना का एक सदाबहार दोस्ती गीत है. इस मशहूर गाने को महान गायक किशोर कुमार ने अपनी दिल छू लेने वाली आवाज दी थी. फिल्म में अमिताभ बच्चन की शानदार अदाकारी के साथ सच्ची दोस्ती की भावना को बहुत खूबसूरती से दर्शाया गया है.
यह भी पढ़ें- IPS संजुक्ता पराशर: हाथ में AK-47 लेकर मैदान में उतरीं, ठोक डाले 16आतंकवादी, अब CRPF में बनीं IG
यह भी पढ़ें- 29 साल पुराने गाने के भरोसे दिया UPSC इंटरव्यू, AIR-1 पाने वाले अनुज अग्निहोत्री की अनोखी कहानी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं