सागर जिले के बीना जंक्शन रेलवे स्टेशन पर गुरुवार रात एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों को हैरान कर दिया. भोपाल से गोरखपुर जा रही पुष्पक एक्सप्रेस के एक कोच के गेट पर एक युवक का शव फंदे से लटका मिला. ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही जीआरपी और रेलवे प्रशासन मौके पर पहुंचा और तत्काल कार्रवाई शुरू की. फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका जवाब तलाशने में पुलिस जुटी है.
बीना स्टेशन पहुंचते ही हुआ खुलासा
जानकारी के मुताबिक ट्रेन नंबर 12534 पुष्पक एक्सप्रेस गुरुवार रात भोपाल से रवाना हुई थी. जब ट्रेन बीना जंक्शन रेलवे स्टेशन पहुंची, तब रेलवे कर्मचारियों और कुछ यात्रियों की नजर कोच के गेट पर लटके एक युवक के शव पर पड़ी. घटना की सूचना मिलते ही ट्रेन को प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर रोक दिया गया और सुरक्षा एजेंसियों को बुलाया.
जीआरपी और रेलवे सुरक्षा बल ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही जीआरपी और रेलवे सुरक्षा बल के जवान मौके पर पहुंच गए. पुलिस ने शव को कोच के गेट से नीचे उतारकर अपने कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की. घटना के कारण कुछ समय के लिए स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए.
आधार कार्ड से हुई युवक की पहचान
पुलिस ने शव की तलाशी ली तो उसके पास से एक आधार कार्ड मिला. इसके आधार पर मृतक की पहचान गोरावर सिंह (30) के रूप में हुई. वह छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कलीन चौक पदनिया क्षेत्र का निवासी बताया है. पहचान होने के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी.
भोपाल से गेट के पास बैठकर कर रहा था सफर
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक भोपाल रेलवे स्टेशन से ही ट्रेन के दरवाजे के पास बैठकर यात्रा कर रहा था. ट्रेन में सफर कर रहे कुछ यात्रियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने युवक को भोपाल से ही कोच के गेट के आसपास बैठे हुए देखा था. हालांकि यात्रा के दौरान उसके साथ क्या हुआ, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है.
मौत की वजह अब भी रहस्य
जीआरपी का कहना है कि फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि मामला दुर्घटना का है, आत्महत्या का है या फिर इसके पीछे कोई अन्य कारण है. पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. संबंधित कोच के यात्रियों से पूछताछ की जा रही है और उनके बयान दर्ज किए जा रहे हैं.
घटना की सच्चाई तक पहुंचने के लिए पुलिस रेलवे स्टेशन और ट्रेन से जुड़े उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज भी देख रही है. जांच अधिकारी यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि यात्रा के दौरान युवक की गतिविधियां क्या थीं और कहीं उसके साथ कोई अप्रिय घटना तो नहीं हुई. साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत की वास्तविक वजह सामने आ सके.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं