विज्ञापन

PoK का हाल जाकर देखो, फारूक अब्दुल्ला तो नमकहराम हैं...; गिरिराज सिंह का विपक्ष पर बड़ा हमला

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने जम्मू-कश्मीर, अनुच्छेद 370, PoK और विपक्ष को लेकर कांग्रेस, राहुल गांधी, फारूक अब्दुल्ला और कुछ छात्र संगठनों पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि JNU, जामिया और CAA विरोध प्रदर्शनों से जुड़े कुछ तत्व देशविरोधी सोच को बढ़ावा देते रहे हैं और विपक्ष ऐसे लोगों का समर्थन करता है.

PoK का हाल जाकर देखो, फारूक अब्दुल्ला तो नमकहराम हैं...; गिरिराज सिंह का विपक्ष पर बड़ा हमला
गिरिराज सिंह ने जामिया में हाल में लिखे गए कथित नारों का भी जिक्र किया.
NDTV

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने जम्मू-कश्मीर, अनुच्छेद 370, पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) और विपक्ष को लेकर तीखा हमला बोला है. उन्होंने नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला को लेकर कहा कि उन्हें PoK का हाल जाकर देखना चाहिए. इसके साथ ही उन्होंने राहुल गांधी, जामिया और जेएनयू से जुड़े पुराने विवादों का जिक्र करते हुए विपक्षी नेताओं पर देशविरोधी सोच रखने वालों का समर्थन करने का आरोप लगाया.

गिरिराज सिंह ने कहा कि जेएनयू में पहले ऐसे लोगों का जमावड़ा हुआ था, जहां कथित तौर पर अफजल गुरु के समर्थन में नारे लगाए गए थे. उन्होंने दावा किया कि उस समय राहुल गांधी भी वहां पहुंचे थे. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ऐसे लोग देश के खिलाफ माहौल बनाने का काम करते हैं और इन्हें समर्थन देने वालों को जनता पहचान चुकी है.

गिरिराज सिंह ने जामिया में हाल में लिखे गए कथित नारों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि "फ्री कश्मीर" और "फ्री खालिद अंसारी" जैसे संदेश लिखने वाले लोग देश की एकता और अखंडता के खिलाफ काम कर रहे हैं. उन्होंने ऐसे लोगों को "टुकड़े-टुकड़े गैंग" का हिस्सा बताते हुए कहा कि देश ऐसे तत्वों को कभी स्वीकार नहीं करेगा.

फारूक अब्दुल्ला पर साधा निशाना

इस दौरान उन्होंने नेशनल कॉन्फ्रेंस प्रमुख फारूक अब्दुल्ला पर भी निशाना साधा. गिरिराज सिंह ने कहा कि PoK की स्थिति देखकर समझा जा सकता है कि वहां के लोगों की हालत क्या है, लेकिन इसके बावजूद कुछ नेता भारत में बैठकर अलग तरह की बातें करते हैं. उन्होंने फारूक अब्दुल्ला पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें 'नमकहराम' तक कह दिया.

केंद्रीय मंत्री ने दिल्ली दंगों और नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के खिलाफ हुए आंदोलनों का जिक्र करते हुए भी विपक्ष पर हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि देश में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश करने वाले लोगों और समूहों को कुछ राजनीतिक दलों का समर्थन मिलता रहा है.

'जम्मू-कश्मीर की तकदीर और तस्वीर दोनों बदली'

अनुच्छेद 370 हटाए जाने के फैसले का बचाव करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि इसके बाद जम्मू-कश्मीर की तस्वीर और तकदीर दोनों बदली हैं. उनके मुताबिक आज वहां रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं, पर्यटन बढ़ा है और बड़ी संख्या में पर्यटक घाटी का रुख कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि जो लोग आज भी इस बदलाव को स्वीकार नहीं करते, वे जमीनी हकीकत से आंखें मूंद रहे हैं.

गिरिराज सिंह ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा था जब आतंकवाद और पत्थरबाजी की घटनाएं लगातार सुर्खियों में रहती थीं, लेकिन अब हालात पहले से काफी बदले हैं. उन्होंने दावा किया कि जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा और विकास दोनों मोर्चों पर सुधार देखने को मिला है.

यह भी पढ़ें: क्या जेडीयू के संविधान के खिलाफ जाकर हुआ अनंत सिंह पर एक्शन? विधायक को हटाने का अधिकार किसके पास

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Giriraj Singh, Farooq Abdullah, Giriraj Singh Attacks Rahul Gandhi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com