जब समाज का सबसे पढ़ा-लिखा बौद्धिक तबका भी अंधविश्वास के जाल में फंस जाए, तो मामला गंभीर हो जाता है. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक ऐसा ही सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 'चावल वाले बाबा' के नाम से मशहूर एक कथित तांत्रिक ने नोएडा निवासी एक बड़े डॉक्टर को अपना शिकार बना लिया. दरअसल भाई की संदिग्ध मौत का सच जानने और अपने बेटों को 'प्रेत बाधा' से बचाने के फेर में डॉक्टर इस शातिर बाबा के जाल में ऐसे उलझे कि उन्होंने अपनी जिंदगी की गाढ़ी कमाई के 40 लाख रुपये लुटा दिए. नोएडा के डॉक्टर ऋषभ चौबे की शिकायत पर रायपुर की खम्हारडीह थाना पुलिस ने अब इस हाई-प्रोफाइल मामले की परतें खोलनी शुरू कर दी हैं.
यहां से शुरू हुआ 'माइंड गेम'
यह पूरी कहानी एक डॉक्टर की उस लाचारी और दुख से जुड़ी है, जिसका फायदा इस ढोंगी बाबा ने उठाया. दरअसल, डॉक्टर ऋषभ चौबे के छोटे भाई दिव्य देव चौबे की 11 अगस्त 2024 को मध्य प्रदेश के इंदौर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी, उनका शव एक कार में मिला था.
बेटों पर 'प्रेत साए' का खौफ और लाखों की वसूली
डॉक्टर की कमजोरी भांपते ही कथित बाबा नरेंद्र नयन शास्त्री ने एक खौफनाक ताना-बाना बुना. उसने दावा किया कि वह अपनी शक्तियों से भाई की मौत की वजह तो बता देगा, लेकिन डॉक्टर के पूरे परिवार पर एक भयानक प्रेत बाधा का साया है. बाबा ने डॉक्टर को डराते हुए कहा कि अगर तुरंत इसका उपाय नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में उनके बेटों पर भी इस प्रेत आत्मा का संकट आ जाएगा. एक पिता और भाई के रूप में डॉक्टर ऋषभ इस कदर डर गए कि उन्होंने बाबा की हर बात माननी शुरू कर दी. इसके बाद अक्टूबर 2024 से लेकर जनवरी-फरवरी 2026 के बीच बाबा ने डॉक्टर से लाखों रुपये ऐंठना शुरू कर दिया.
ये भी पढ़ें: घर भी संवारा, खेत भी महकाया: मिलिए छत्तीसगढ़ की इस कमाल की सास-बहू की जोड़ी से, परिवार को ऐसे दी आर्थिक मजबूती
लग्जरी कार, कैश और हवाई सफर: बाबा के ठाठ-बाठ का खर्च
बताया जा रहा है कि तंत्र-मंत्र की आड़ में इस कथित बाबा के शौक बेहद आलीशान थे. मई 2025 में बाबा ने अपनी सुख-सुविधा के लिए एक महंगी कार खरीदने के नाम पर डॉक्टर से सीधे अपने बैंक खाते में 20 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए. इसके अलावा, अलग-अलग समय पर पूजा-पाठ, तांत्रिक अनुष्ठान और प्रेत बाधा दूर करने के नाम पर करीब 10 लाख रुपये नकद (कैश) वसूले गए. इतना ही नहीं, बाबा के दौरों, वीआईपी ट्रीटमेंट और एयर टिकट्स (हवाई यात्राओं) के नाम पर भी डॉक्टर से करीब 10 लाख रुपये खर्च करवाए गए. कुल मिलाकर करीब 40 लाख रुपये फूंकने के बाद जब डॉक्टर को ठगी का अहसास हुआ, तब तक पानी सिर से ऊपर जा चुका था.
पहले से जेल में बंद है शातिर बाबा, पुलिस करेगी रिमांड पर पूछताछ
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित डॉक्टर ने हिम्मत जुटाकर रायपुर पुलिस में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई. रायपुर कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन (उर्ला क्षेत्र) की एसीपी पूर्णिमा लामा ने बताया कि शिकायत को गंभीरता से लेते हुए खम्हारडीह पुलिस स्टेशन में जुर्म दर्ज कर लिया गया है. पुलिस की तफ्तीश में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है कि आरोपी कथित बाबा नरेंद्र नयन शास्त्री कोई नया मुजरिम नहीं है, वह पहले से ही एक अन्य गंभीर जुर्म के मामले में महासमुंद की जेल में सलाखों के पीछे बंद है. पुलिस अब कोर्ट से इजाजत लेकर आरोपी बाबा को रिमांड पर लेगी, ताकि ठगी गई इस मोटी रकम की रिकवरी की जा सके और यह पता लगाया जा सके कि इस डॉक्टर के अलावा उसने और कितने रसूखदार लोगों को अपना शिकार बनाया है.
ये भी पढ़ें: VIDEO: बाढ़ में फंसा यात्रियों से भरा वाहन, ग्रामीणों ने ह्यूमन चेन बनाकर 25 लोगों का किया रेस्क्यू
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं