विज्ञापन

हर विधायक 48 करोड़ का मालिक, अमीरी के मामले में चौथे नंबर पर... अब CM विजय ने लगा दी लॉटरी

तमिलनाडु के विधायकों को एक सरकारी गाड़ी और उसके लिए ड्राइवर, पेट्रोल और मेंटेनेंस के खर्च के लिए 75 हजार रुपये हर महीने मिलेंगे.

हर विधायक 48 करोड़ का मालिक, अमीरी के मामले में चौथे नंबर पर... अब CM विजय ने लगा दी लॉटरी
तमिलनाडु के सभी विधायकों को एक कार और 75,000 का भत्ता मिलेगा.
IANS/NDTV
  • तमिलनाडु के CM विजय ने सभी विधायकों को सरकारी गाड़ी और प्रति माह 75 हजार रुपये भत्ता देने की घोषणा की
  • CM विजय का कहना है कि गाड़ी होने से विधायक विधानसभा की यात्रा कर सकेंगे और विकास कार्यों पर नजर रख सकेंगे
  • जबकि तमिलनाडु में हर विधायक की औसत संपत्ति 48 करोड़ रुपये से भी ज्यादा है
नई दिल्ली:

तमिलनाडु के सभी 233 विधायकों को एक नई सरकारी गाड़ी मिलेगी. मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने बुधवार को इसका ऐलान किया. सिर्फ सरकारी गाड़ी ही नहीं, बल्कि ड्राइवर, पेट्रोल और गाड़ी के मेंटेनेंस के खर्च के लिए हर महीने अलग से 75 हजार रुपये का भत्ता भी मिलेगा. तमिलनाडु विधानसभा में 234 सीट हैं, लेकिन सीएम विजय के इस्तीफे से खाली हुई एक सीट पर अभी उपचुनाव नहीं हुए हैं.

मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि हर विधायक को सरकारी गाड़ी दी जाएगी, ताकि वे अपनी विधानसभा में आसानी से आ-जा सकें और लोगों की शिकायतों का समाधान कर सकें. 

हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि सरकारी गाड़ी और भत्ते देने से कितना खर्च आएगा? और ये सब कब से मिलेगा? सीएम विजय का ये ऐलान इसलिए हैरान करने वाला है, क्योंकि सरकार बनाने के महीनेभर बाद ही उन्होंने कहा था कि उनकी सरकार को 'खाली खजाना' मिला है. 16 जून को ही विजय सरकार की ओर से एक व्हाइट पेपर जारी किया गया था, जिसमें बताया गया था कि तमिलनाडु पर 13.18 लाख करोड़ रुपये का कर्ज है.

फिर कार और भत्ते देने की जरूरत क्या?

सीएम विजय ने यह भी बताया है कि उन्होंने सभी विधायकों को कार और भत्ते देने का फैसला क्यों लिया है? 

उन्होंने कहा कि विधायकों को लोगों से मिलने, विकास कार्यों की निगरानी करने और सरकारी अधिकारियों के साथ तालमेल बैठाने के लिए अपनी विधानसभा में अक्सर यात्रा करनी पड़ती है. उन्होंने कहा कि विधायकों को सरकारी गाड़ी देने से वे इन जिम्मेदारियों को और बेहतर ढंग से निभा सकेंगे. उन्होंने दावा किया कि इससे पारदर्शिता और भ्रष्टाचार मुक्त शासन को भी बढ़ावा मिलेगा.

सरकार ने बताया कि मौजूदा विधानसभा के कई सदस्य पहली बार चुने गए हैं और कुछ आर्थिक रूप से साधारण पृष्ठभूमि से आते हैं. सीएम विजय ने कहा कि ऐसे विधायकों के पास शायद ऐसे वित्तीय संसाधन और लॉजिस्टिकल सहायता न हो जो बड़े पैमाने पर यात्रा करने और जन-प्रतिनिधि के तौर पर अपने कर्तव्यों का पालन करने के लिए जरूरी हैं.

सीएम विजय ने यह घोषणा वीसीके विधायक जोतिमणि के अनुरोध के बाद की. जोतिमणी ने सरकार से विधायकों को गाड़ियां देने का आग्रह किया था. तमिलनाडु की विजय सरकार में वीसीके भी हिस्सा है. वीसीके के पास सिर्फ 2 विधायक हैं.

यह भी पढ़ेंः 17 दिन की कमाई के बराबर एक टिकट की कीमत, भारत में फ्लाइट से सफर करना कितना महंगा है?

लेकिन तमिलनाडु के विधायक बहुत अमीर

जिस तमिलनाडु में विधायकों को सरकारी गाड़ी और 75 हजार रुपये का भत्ता देने का ऐलान किया गया है, उसी तमिलनाडु के विधायक बहुत अमीर हैं. 

एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म (ADR) की रिपोर्ट बताती है कि देश में सबसे ज्यादा संपत्ति के मामले में तमिलनाडु के विधायक चौथे नंबर पर हैं. पहले नंबर पर आंध्र प्रदेश के विधायक हैं, जिनकी औसत संपत्ति 65.07 करोड़ रुपये है. दूसरे पर 63.58 करोड़ रुपये की औसत संपत्ति के साथ कर्नाटक दूसरे और 43.44 करोड़ की संपत्ति के साथ महाराष्ट्र के विधायक तीसरे नंबर पर हैं.

ADR के मुताबिक, तमिलनाडु के विधायकों की औसत संपत्ति 48.35 करोड़ रुपये है. 2021 की तुलना में यह 294% ज्यादा है. 2021 में जीते विधायकों की औसत संपत्ति 12.27 करोड़ रुपये थी. 2026 के चुनाव में जीते सभी 233 विधायकों के पास कुल 11,265 करोड़ रुपये की संपत्ति है. 

Latest and Breaking News on NDTV

कितने अमीर हैं तमिलनाडु के विधायक?

ADR की रिपोर्ट बताती है कि तमिलनाडु के 233 में से 193 यानी 83% विधायक करोड़पति हैं. यानी, सिर्फ 40 विधायक ऐसे हैं जो करोड़पति नहीं हैं. इनमें भी 9 विधायकों के पास ही 20 लाख रुपये से कम की संपत्ति है.

सीएम विजय की पार्टी टीवीके के 107 में से 77 यानी 72% विधायक करोड़पति हैं. सीएम विजय के पास 648 करोड़ रुपये की संपत्ति है. अब जिस वीसीके विधायक जोतिमणि की मांग पर उन्होंने सरकारी गाड़ी और 75 हजार रुपये का भत्ता देने का ऐलान किया है, उनके पास भी 85.47 लाख रुपये की संपत्ति है. जोतिमणि के पास 9 लाख रुपये की टोयोटा इटियोस कार है, जिसे उन्होंने 2012 में खरीदा था.

टीवीके के अलावा, द्रमुक के 59 में से 57 यानी 97%, अन्नाद्रमुक के 47 में से 44 यानी 94% और कांग्रेस के सभी पांचों विधायक करोड़पति हैं. 

तमिलनाडु विधानसभा में सबसे अमीर लीमारोज मार्टिन हैं, जिनके पास 5,863.72 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति है. लीमारोज मार्टिन अन्नाद्रमुक से लालगुड़ी की विधायक हैं. उनके बाद दूसरे नंबर सीएम विजय आते हैं. विधानसभा में 9 विधायक ऐसे हैं, जो 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति के मालिक हैं.

सबसे कम संपत्ति रानीपेत से टीवीके विधायक ताहिरा के पास है. उनके पास सिर्फ 33 हजार रुपये की संपत्ति है. दूसरे नंबर पर पेरंबलूर से टीवीके विधायक शिवकुमार के. हैं, जिनके पास 1.96 लाख रुपये की संपत्ति है. सबसे कम संपत्ति वाले 10 विधायकों में 9 टीवीके के ही विधायक हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

यह भी पढ़ेंः भारत में जब बैन है तो पान मसाला के विज्ञापन कैसे कर लेते हैं स्टार्स? इसके पीछे का पूरा खेल समझिए

गाड़ी-भत्ते के लिए कहां से आएगा पैसा?

सीएम विजय ने विधानसभा में सभी विधायकों को सरकारी गाड़ी और भत्ता देने का ऐलान तो कर दिया लेकिन यह नहीं बताया कि इन सबके लिए पैसा कहां से आएगा?

अगर मोटा-मोटा हिसाब लगाया जाए तो अगर एक विधायक को 20 लाख रुपये की गाड़ी भी मिलती है तो सभी विधायकों को एक-एक गाड़ी देने पर 46.80 करोड़ रुपये खर्च होंगे. इसके अलावा सभी विधायकों को हर महीने 75 हजार रुपये का भत्ता मिलेगा तो उस पर हर महीने 1.75 करोड़ रुपये का खर्च आएगा. यानी, विधायकों को ड्राइवर, पेट्रोल और मेंटेनेंस पर खर्च के लिए सरकार को हर साल 21 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च करने पड़ेंगे.

लेकिन इसी तमिलनाडु पर भारी-भरकम कर्ज है. दो महीने पहले ही विजय सरकार ने व्हाइट पेपर में बताया था कि तमिलनाडु पर 13.18 लाख करोड़ रुपये का कर्ज है.

व्हाइट पेपर में बताया गया था कि कर्ज बढ़ने के कारण तमिलनाडु के खजाने पर बोझ भी बढ़ रहा है. हर साल हजारों करोड़ रुपये सिर्फ ब्याज चुकाने पर खर्च हो रहे हैं. तमिलनाडु सरकार ने 2021-22 में 41,564 करोड़ रुपये का ब्याज चुकाया था. 2025-26 में यह बढ़कर 67,050 करोड़ रुपये हो गया. यानी, हर दिन लगभग 184 करोड़ रुपये का ब्याज सरकार भर रही है.

इससे पहले तमिलनाडु सरकार ने अपने अंतरिम बजट में बताया था कि 2026-27 में सरकार 78,677 करोड रुपये का तो सिर्फ ब्याज चुकाएगी. अगर इसका औसत निकाला जाए तो हर दिन 215 करोड़ रुपये का ब्याज भरा जाएगा. महाराष्ट्र के बाद तमिलनाडु देश का दूसरा सबसे ज्यादा कर्ज वाला राज्य है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Tamilnadu Government, Joseph Vijay CM, Tamilnadu Assembly, MLA Assets Report, Tamilnadu Politics
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com