विज्ञापन

कार की छत पर लटका रहा युवक, फिर सड़क पर गिरा कर कुचला; रायपुर एम्स के सामने सरेआम प्रेम प्रसंग में हत्या

इस घटना में पुलिस के अनुसार विवाद के बाद आरोपी युवक को कार से टक्कर मारकर घसीटते हुए ले गया, जिससे उसकी मौत हो गई. मामले में हत्या का केस दर्ज किया गया है.

कार की छत पर लटका रहा युवक, फिर सड़क पर गिरा कर कुचला; रायपुर एम्स के सामने सरेआम प्रेम प्रसंग में हत्या
रायपुर में युवक की कार से टक्कर मारकर हत्या कर दी.

रायपुर के आमानाका थाना क्षेत्र में एम्स अस्पताल के सामने एक युवक की मौत का मामला सामने आया है. शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है. घटना के दौरान एक युवती कार से मौके पर पहुंची थी. बताया जा रहा है कि युवती के साथ आए युवक और मृतक के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया.

कार रोकने के लिए छत पर चढ़ गया युवक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के बाद युवती कार में बैठकर जाने लगी. इस दौरान मृतक युवक ने कार को रोकने की कोशिश की और वाहन की छत पर चढ़ गया. इसके बावजूद कार चालक ने वाहन नहीं रोका और कुछ दूरी तक तेज रफ्तार में कार चलाता रहा.

गिरने के बाद कुचले जाने का आरोप

पुलिस के मुताबिक थोड़ी दूर जाने के बाद युवक कार से नीचे गिर गया. आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने वाहन की रफ्तार कम करने के बजाय उसे कार से कुचल दिया और मौके से फरार हो गया. गंभीर रूप से घायल युवक की मौके पर ही मौत हो गई.

हत्या का मामला दर्ज

मृतक की पहचान परमप्रीत सिंह (34 वर्ष) निवासी सेक्टर-4, उदया सोसायटी, टाटीबंध के रूप में हुई है. पुलिस जांच में सामने आया है कि उसका विवाद दुर्ग निवासी भरत मंगनानी से हुआ था. चश्मदीदों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले को प्रथम दृष्टया हत्यात्मक मानते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत केस दर्ज किया है.

घटना के बाद पुलिस ने युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. वहीं आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों को रवाना किया गया है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी जुटा रही है. 

यह भी पढ़ें- जब न स्क्रिप्ट थी, न कास्ट और न ही शूटिंग शुरू हुई थी, तब आवारापन 2 को लेकर विशेष भट्ट ने की थी बड़ी भविष्यवाणी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Chhattisgarh News, Raipur News, Aiims Raipur
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com